CJP Jantar Mantar Protest Live: सीजेपी का आज फिर से प्रदर्शन, 40 हजार जवान तैनात; पढ़ें पल-पल की अपडेट

CJP Jantar Mantar Protest Live: सीजेपी का आज फिर से प्रदर्शन, 40 हजार जवान तैनात; पढ़ें पल-पल की अपडेट


Last Updated:

CJP protest LIVE: दिल्ली में CJP ने रविवार को एक बार फिर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. संगठन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है. शनिवार को पुलिस कार्रवाई के दौरान हजारों…और पढ़ें

Zoom

सीजेपी ने रविवार को फिर प्रदर्शन का ऐलान किया है. (फोटो PTI)

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर रविवार को भी तनाव बना हुआ है. शनिवार को पुलिस ने प्रदर्शन रोकने के लिए बड़े पैमाने पर कार्रवाई की थी. अलग-अलग जगहों पर हजारों लोगों को हिरासत में लिया गया. अब सीजेपी ने एक बार फिर जंतर-मंतर पर जुटने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है. पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है. ऐसे में दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखी गई है. अधिकारियों के मुताबिक शनिवार को दिल्ली में 40 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे. रविवार को भी पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती जारी रहेगी.

सीजेपी नेता अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रंका की हिरासत के बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. संगठन की ओर से आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अजिंक्य शिंदे ने कहा है कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक विरोध जारी रहेगा. वहीं दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को सील रखा है और नई दिल्ली जिले में प्रदर्शनकारियों की आवाजाही रोकने के लिए इंतजाम किए हैं. हरियाणा और उत्तर प्रदेश से लगने वाली सीमाओं पर भी बैरिकेडिंग की गई है. रविवार सुबह 6 बजे से दिल्ली के 30 स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा. हालांकि मेट्रो स्टेशन के सभी गेट दोबारा खोल दिए गए हैं और रेलवे सेवाओं पर लगी पाबंदियां भी शनिवार तक ही थीं. सुप्रीम कोर्ट में भी अधिकारियों पर उसके आदेश की अवहेलना के आरोपों से जुड़ी याचिका पर सुनवाई होनी है.

लाइव अपडेट्स

October 11, 202608:12 IST

CJP Protest Live: दिल्ली में 30 प्रमुख जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन हो सकता है

CJP Jantar Mantar Protest Live: CJP के नए प्रदर्शन के आह्वान के मद्देनजर दिल्ली में रविवार को लगातार दूसरे दिन यातायात प्रभावित होने की आशंका है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार देर रात जारी एडवाइजरी में बताया कि सुबह 6 बजे से हालात के अनुसार शहर के 30 प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं. जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, पटेल चौक और मध्य दिल्ली के कई अन्य प्रमुख चौराहों के आसपास वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है. ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले यातायात की स्थिति पर नजर रखें और जरूरत के मुताबिक वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें.

October 11, 202608:12 IST

CJP Jantar Mantar Protest Live: दिल्ली में 3,000 लोग हिरासत में, केजरीवाल-ममता भी शामिल

CJP Protest Live: CJP के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के आह्वान के बाद शनिवार को दिल्ली में पुलिस कार्रवाई के दौरान करीब 3,000 लोगों को हिरासत में लिया गया था. प्रदर्शन का मकसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करना था. हिरासत में लिए गए लोगों में चार पूर्व मुख्यमंत्री शामिल बताए गए हैं. इसमें आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल, तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी और वामपंथी नेता पिनराई विजयन और माणिक सरकार शामिल हैं. इनमें से ज्यादातर लोगों को रात तक रिहा कर दिया गया, लेकिन CJP के प्रमुख नेताओं अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका के साथ यूट्यूबर ध्रुव राठी के हिरासत में रहने की बात कही गई है.

October 11, 202608:10 IST

CJP Protest Live: CJP प्रोटेस्ट पर सुप्रीम कोर्ट में आज विशेष सुनवाई

CJP Jantar Mantar Protest Live: CJP के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और सार्वजनिक परिवहन पर लगी पाबंदियों को लेकर सुप्रीम कोर्ट आज दो याचिकाओं पर सुनवाई करेगा. इनमें से एक याचिका में अदालत के निर्देशों के कथित उल्लंघन को लेकर अवमानना की कार्रवाई की मांग की गई है. वहीं, दूसरी याचिका बंदी प्रत्यक्षीकरण यानी हैबियस कॉर्पस से जुड़ी है, जिसमें विपक्षी नेताओं, वकीलों और पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने को चुनौती दी गई है. इन याचिकाओं के जरिए प्रदर्शन के दौरान हुई कार्रवाई और हिरासत में लिए गए लोगों के मामले पर अदालत का ध्यान खींचा गया है.

October 11, 202608:09 IST

CJP Jantar Mantar Protest Live: दिल्ली पुलिस कमिश्नर के खिलाफ अवमानना याचिका

CJP Protest Live: दिल्ली में CJP के जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की गई है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि शनिवार को पुलिसकर्मियों ने कई निहत्थे लोगों के साथ मनमानी करते हुए हिंसा की और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन किया. याचिकाकर्ता ने दावा किया है कि कई पुलिसकर्मियों ने नेम प्लेट नहीं पहन रखी थी. साथ ही, महिला प्रदर्शनकारियों के साथ पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा कथित तौर पर दुर्व्यवहार और धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप भी लगाया गया है.



Source link