CJP प्रोटेस्ट: बाजार बंद होने से दिल्ली को एक दिन में 2000 करोड़ का नुकसान, CTI ने दिवाली तक धरना टालने को कहा

CJP प्रोटेस्ट: बाजार बंद होने से दिल्ली को एक दिन में 2000 करोड़ का नुकसान, CTI ने दिवाली तक धरना टालने को कहा


नई दिल्ली. दिल्ली और देश में व्यापारियों और उद्यमियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने कहा है कि 10 अक्टूबर को दिल्ली में हुए धरने-प्रदर्शन के कारण दिल्ली में लगभग 2000 करोड़ रुपए का व्यापार प्रभावित हुआ. CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि CTI ने CJP के अभिजीत दीपके समेत तमाम राजनैतिक दलों को पत्र लिखकर मांग की है कि दिवाली तक दिल्ली में कोई भी धरना-प्रदर्शन न किया जाए.

CTI ने पत्र में कहा है कि 11 अक्टूबर से नवरात्रि और रामलीलाएं शुरू हो रही हैं, दिवाली का सीजन शुरू हो गया है, यह दिल्ली के 20 लाख व्यापारियों के लिए साल का सबसे बड़ा व्यापारिक सीजन है. धरने-प्रदर्शन से व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और अगर यह धरना-प्रदर्शन लंबा चला तो दिल्ली की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से चरमरा जाएगी और दिल्ली के 20 लाख व्यापारियों का कारोबार चौपट हो जाएगा.

दिल्ली में आज से रामलीलाएं भी शुरू हो रही हैं, दिल्ली में 650 रामलीलाएं होती हैं जिसमें कि लाखों लोगों को रोजगार मिलता है, अगर धरने प्रदर्शन के कारण रास्ते और मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे तो लोग रामलीलाओं में आने से कतराएंगे. CTI ने CJP और सभी राजनैतिक दलों से मांग की है कि दिवाली तक दिल्ली के अलावा किसी और शहर को धरने-प्रदर्शन के लिए चुना जा सकता है, ताकि दिल्ली का त्यौहारी व्यापार बच सके और आम लोगों को परेशानी न हो.

10 अक्टूबर को व्यापार का हाल:
1. प्रमुख बाजार बंद जैसे: सदर बाजार, चांदनी चौक, चावड़ी बाजार, कनॉट प्लेस, करोल बाग, लाजपत राय मार्केट जैसे बड़े बाजार बंद रहे, अन्य बाजारों में भी कामकाज नहीं के बराबर हुआ .
2. बाहर से ग्राहक नहीं: दिल्ली के बाहर से रोजाना 3-4 लाख लोग खरीददारी के लिए आते हैं, वो लोग दिल्ली नहीं आए.
3. लोकल ग्राहक भी नहीं निकले: सुरक्षा और जाम के डर से दिल्ली के लोग भी खरीददारी के लिए नहीं निकले.
4. मेट्रो स्टेशन बंद: ज्यादातर प्रमुख मेट्रो स्टेशन बंद रहे, जिससे आवाजाही ठप्प हो गई.
5. सर्विस सेक्टर पर असर: पेट्रोल पंपों पर भी भीड़ नहीं थी . होटल, रेस्टोरेंट, सिनेमा हॉल, ब्यूटी पार्लर, सैलून में बुकिंग कैंसिल हो गई.

बृजेश गोयल ने कहा, “केवल रिटेल व्यापार ही नहीं, सर्विस सेक्टर, हॉस्पिटैलिटी सेक्टर, ट्रांसपोर्ट, टूरिज्म सब मिलाकर 10 अक्टूबर को दिल्ली में 2000 करोड़ रुपए का व्यापार प्रभावित हुआ. आज से नवरात्रि और रामलीलाएं शुरू हो रही हैं, दिवाली का सीजन शुरू हो गया है. इसलिए हमने CJP और देश के तमाम राजनैतिक दलों से अनुरोध किया है कि दिवाली तक दिल्ली में धरना-प्रदर्शन न करें, किसी अन्य शहर में कार्यक्रम कर लें.”



Source link