Last Updated:
Motihari Raxaul Smuggling News: मोतिहारी पुलिस लगातार नशा और शराब कारोबारियों पर एक्शन मोड में है. जिले में अलग-अलग तीन बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चरस, शराब और नशीली दवाओं की बड़ी खेप पकड़ी है. रक्सौल में DRI के साथ जॉइंट ऑपरेशन में कुख्यात महिला तस्कर गिरफ्तार हुई है, तो वहीं हरसिद्धि और हरैया में लग्जरी कारों से तस्करी का पर्दाफाश हुआ है.
मोतिहारी में नशे के कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई,
मोतिहारी. पूर्वी चंपारण जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की है. रक्सौल में पुलिस और डीआरआई की टीम ने करीब 25 लाख रुपये की चरस के साथ ‘मालकिन’ नाम से चर्चित महिला और उसके सहयोगी लक्ष्मण शाह को गिरफ्तार किया है. वहीं, हरसिद्धि में लग्जरी कार से 285 पीस देसी शराब बरामद की गई, जबकि हरैया थाना क्षेत्र में कार की सीट के नीचे बने गुप्त तहखाने से 385 पीस नशीली दवाएं बरामद की गई हैं.
रक्सौल में 25 लाख के चरस के साथ ‘मालकिन’ गिरफ्तार
मोतिहारी के रक्सौल थाना की पुलिस और DRI की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तकरीबन 25 लाख रुपए के चरस के साथ ‘मालकिन’ नाम से मशहूर चरस तस्कर और उसके सहयोगी लक्ष्मण शाह को गिरफ्तार किया. पुलिस को जानकारी मिली थी कि रक्सौल के कौड़ीहार चौक इलाके में बड़े पैमाने पर नेपाल से चरस की तस्करी हो रही है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी खेप बरामद की. पुलिस अब फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है कि नेपाल से कौन लोग रक्सौल में सप्लाई करते थे. जांच में सामने आया है कि रक्सौल से चरस की खेप दिल्ली, यूपी और झारखंड तक जाती थी.
हरसिद्धि में लग्जरी कार से 285 पीस देसी शराब जब्त
लगातार शराब कारोबारी पर मोतिहारी पुलिस एक्शन कर रही है, तो वहीं तस्कर लग्जरी कारों का इस्तेमाल कर रहे हैं. इसी कड़ी में हरसिद्धि थाना की पुलिस ने एक लग्जरी कार से पांच बोरों में रखे 285 पीस देसी शराब के साथ कारोबारी पप्पू शर्मा को गिरफ्तार किया. वहीं पहाड़पुर थाना पुलिस ने शराब कांड में फरार चल रहे आरोपी के घर पर इश्तेहार चिपकाकर जल्द सरेंडर करने की हिदायत दी है.
हरैया में सीट के नीचे तहखाना, 385 नशीली दवा बरामद
हरैया थाने की पुलिस ने भी लग्जरी कार से नशीली दवा की बड़ी खेप पकड़ी. पुलिस को जानकारी मिली थी कि नेपाल से एक लग्जरी कार में 385 पीस नशीली दवा नशा कराने के लिए लाई जा रही है. गाड़ी के अंदर सीट के नीचे तहखाना बनाकर दवा छुपाई गई थी. पुलिस ने भारत-नेपाल मैत्री पुल के पास गाड़ी की जांच की तो तहखाने का खुलासा हुआ. पुलिस ने ध्रुव कुमार, मधु कुमार और चंद्रशेखर को लग्जरी कार के साथ गिरफ्तार किया है.