तूल पकड़ रहा सीधी जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में तोड़फोड़ और चोरी का मामला, पूर्व विधायक की जांच की मांग


Last Updated:

सीधी जिला अस्पताल के नए भवन में ऑपरेशन थिएटर में तोड़फोड़ और चोरी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ला ने निजी नर्सिंग होम संचालकों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने आशंका जताई कि जिला अस्पताल में ऑपरेशन की सुविधा शुरू होने से नुकसान उठाने वाले किसी पक्ष की साजिश हो सकती है.

Top Deals Inside

तूल पकड़ रहा सीधी जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में तोड़फोड़ और चोरी का मामलाZoom

सीधी जिला अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर में तोड़फोड़ और चोरी पर सियासत

सीधी अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर को नुकसान पहुंचाने की घटना पर अब सियासत भी तेज हो गई है. सीधी के पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ला ने इस पूरे मामले में सनसनीखेज आरोप लगाते हुए निजी नर्सिंग होम संचालकों की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं. उनका दावा है कि जिला अस्पताल में ऑपरेशन की सुविधा संचालित होने से नुकसान उठाने वाले किसी व्यक्ति या पक्ष की साजिश के एंगल से भी जांच होनी चाहिए.

पूर्व विधायक ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई सामने लाने की मांग की है. वहीं, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि कुछ लोगों को चिह्नित किया गया है और मामला पुलिस के पास है. ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि आखिर सरकारी अस्पताल की इस महत्वपूर्ण चिकित्सा सुविधा को नुकसान पहुंचाने के पीछे कौन है और इसके पीछे की असली वजह क्या है?

अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ा असर
सीधी जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नए भवन में ऑपरेशन थियेटर की व्यवस्था की गई थी. लेकिन इसी ऑपरेशन थियेटर में अज्ञात लोगों द्वारा तोड़फोड़ और चोरी किए जाने की घटना सामने आने के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. घटना की जानकारी सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. पुलिस की ओर से घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम ने भी जांच की. इस घटना का असर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ा है. नए भवन के ऑपरेशन थियेटर में वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी, जबकि फिलहाल पुराने ऑपरेशन थिएटर में ऑपरेशन संबंधी व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं.

इस मामले में अब सीधी के पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ला ने प्रशासन और अस्पताल व्यवस्था को लेकर तीखे सवाल उठाए हैं. पूर्व विधायक ने आशंका जताई है कि ऑपरेशन थियेटर में हुई घटना के पीछे कोई सुनियोजित साजिश हो सकती है. केदारनाथ शुक्ला का कहना है कि ऑपरेशन थियेटर में हुई घटना अपने आप में कई सवाल खड़े करती है. उन्होंने आशंका जताई कि जिला अस्पताल में ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध होने से जिन लोगों के व्यावसायिक हित प्रभावित होते हों, उनकी भूमिका सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच की जानी चाहिए.

पूर्व विधायक की निष्पक्ष जांच की मांग
पूर्व विधायक ने मुख्यालय में संचालित निजी नर्सिंग होम के संचालकों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए हैं. केदारनाथ शुक्ला ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले को सामान्य चोरी की घटना मानकर सीमित जांच न की जाए, बल्कि हर संभावित पहलू की निष्पक्षता से पड़ताल हो. उन्होंने कहा कि जांच में किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति के दबाव में आए बिना सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए. पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ला ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए. उनका आरोप है कि कई मामलों में प्रशासन की कार्रवाई इस बात से प्रभावित होती दिखाई देती है कि संबंधित व्यक्ति कितना प्रभावशाली है.



Source link