इस महीने आएंगे 12 नए IPO, Jio और जेटवर्क के साथ ये बड़ी कंपनियां भी ला रही इश्यू, चेक करें पूरी लिस्ट

इस महीने आएंगे 12 नए IPO, Jio और जेटवर्क के साथ ये बड़ी कंपनियां भी ला रही इश्यू, चेक करें पूरी लिस्ट


नई दिल्‍ली. आईपीओ से कमाई की आस लगाए बैठे निवेशकों के लिए अक्टूबर का महीना बेहद एक्शन-पैक्ड रहने वाला है. इस महीने जियो प्लेटफॉर्म्स, टेक-मैन्युफैक्चरिंग सर्विस प्रोवाइडर जेटवर्क (Zetwerk) और रिन्यूएबल एनर्जी प्लेयर अवाडा इलेक्ट्रो समेत 12 कंपनियां शेयर बाजार में दस्तक देंगी. कई कंपनियों ने अपने प्राइस बैंड का ऐलान कर दिया है. कुछ जल्‍द ही अपनी डिटेल्स सार्वजनिक करने वाली हैं.

साल 2026 में अब तक 96 कंपनियों ने IPO के जरिए 1.1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का फंड जुटा लिया है. अकेले सितंबर महीने में ही 35 आईपीओ बाजार में आए थे. सीएनबीसी आवाज की एक रिपोर्ट के अनुसार, जेएम फाइनेंशियल की इक्विटी कैपिटल मार्केट्स प्रमुख नेहा अग्रवाल के अनुसार, साल की दूसरी छमाही में भी पाइपलाइन काफी मजबूत है. हालांकि, मौजूदा भू-राजनीतिक तनाव और शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव को देखते हुए कंपनियां लिस्टिंग के लिए सही समय और वैल्यूएशन चुनने पर खास ध्यान दे रही हैं.

जियो आईपीओ

कंपनी 21 अक्टूबर को अपना आईपीओ शेयर बाजार में उतार सकती है. महीने के आखिर तक उसका स्टॉक लिस्ट भी हो जाएगा. सूत्रों का कहना है कि कंपनी ने आईपीओ के जरिये 30 हजार करोड़ से भी ज्यादा की रकम जुटाने की योजना बनाई है. इसके लिए जियो प्लेटफॉर्म के आईपीओ का प्राइस बैंड 1,065 से 1,119 रुपये हो सकता है.

जेटवर्क लाएगा ₹5,000 करोड़ का इश्यू

टेक-इनेबल्ड मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज देने वाली यूनिकॉर्न कंपनी जेटवर्क (Zetwerk Manufacturing Businesses) करीब 5,000 करोड़ रुपये का IPO लाएगी. इस इश्यू में 2,600 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि मौजूदा शेयरधारक 9.68 करोड़ शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए करेंगे. जेटवर्क IPO 15 अक्टूबर को खुलेगा और 19 अक्टूबर को बंद होगा. कंपनी ने अभी अपना प्राइस बैंड घोषित नहीं किया है.

13 अक्‍टूबर को खुलेगा एचडी फायर प्रोटेक्‍ट आईपीओ

फायर सेफ्टी सिस्टम और इक्विपमेंट बनाने वाली एचडी फायर प्रोटेक्ट (HD Fire Protect) का ₹712 करोड़ का IPO 13 अक्टूबर को खुलेगा और 15 अक्टूबर को बंद होगा. कंपनी ने इसके लिए 258 से 271 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. यह पूरा इश्यू ऑफर फॉर सेल (OFS) है.

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बेस्ड कस्टमर सर्विसेज देने वाली कंपनी फ्यूजन सीएक्स (Fusion CX) का 702 करोड़ रुपये का आईपीओ 14 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक खुला रहेगा. इस इश्‍यू का प्राइस बैंड 275 से 289 रुपये है.

डिफेंस, ऑटो और हेल्थकेयर सेक्टर की ये कंपनियां भी कतार में

मिड-अक्टूबर में कई आईपीओ आएंगे-

  • टोनबो इमेजिंग (Tonbo Imaging): डिफेंस सेक्टर के लिए थर्मल इमेजिंग और सेंसिंग टेक्नोलॉजी बनाने वाली यह कंपनी 1.22 करोड़ मौजूदा शेयरों का OFS लेकर आ रही है. यह इश्यू 15 से 19 अक्टूबर तक खुला रहेगा.
  • बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन्स: इटली के मशहूर बोनफिग्लियोली ग्रुप की भारतीय यूनिट 4.32 करोड़ शेयरों की बिक्री के लिए 15 से 19 अक्टूबर के बीच बाजार में उतरेगी.
  • सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज: मेडिकल डिवाइसेज और स्टेंट बनाने वाली दिग्गज कंपनी भी इसी विंडो में अपना इश्यू पेश करने की तैयारी में है.

₹7,600 करोड़ जुटाएगी अवाडा इलेक्ट्रो, पारस हेल्थकेयर भी रेस में

अक्टूबर की आईपीओ लिस्ट में ग्रीन एनर्जी और हेल्थकेयर सेक्टर के कुछ सबसे बड़े नाम भी शामिल हैं. रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की दिग्गज कंपनी अवाडा इलेक्ट्रो (Avaada Electro) 7,600 करोड़ रुपये जुटाने के लिए आईपीओ लाएगी. प्रमुख हॉस्पिटल चेन पारस हेल्थकेयर 1,800 करोड़ रुपये का IPO भी इसी महीने ला रही है.



Source link