इंडिया ए ने तीसरा वनडे 49 रन से जीता, ऑस्ट्रेलिया ए का सीरीज पर 2-1 से कब्जा, सूर्यांश शेड्गे और गुरजपनीत सिंह चमके


होमखेलक्रिकेट

इंडिया ए ने तीसरा वनडे 49 रन से जीता, ऑस्ट्रेलिया ए का सीरीज पर 2-1 से कब्जा

Last Updated:

India A beat Australia A: इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच खेले गए तीसरे और अंतिम अनौपचारिक वनडे मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 49 रनों से जीत दर्ज की. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने सूर्यांश शेडगे के शानदार 66 और विपराज निगम के 40 रनों की मदद से 275 रन बनाए. जवाब में ऑस्ट्रेलिया ए की पूरी टीम 226 रनों पर सिमट गई. जोश फिलिप ने सर्वाधिक 56 रन बनाए. हालांकि ऑस्ट्रेलिया ए ने शुरुआती दो मुकाबले जीतकर 2-1 से सीरीज अपने नाम की.

Top Deals Inside

इंडिया ए ने तीसरा वनडे 49 रन से जीता, ऑस्ट्रेलिया ए का सीरीज पर 2-1 से कब्जाZoom

इंडिया ए ने ऑस्ट्रेलिया ए को तीसरे और अंतिम अनऑफिशियल वनडे में 49 रन से हराया.

नई दिल्ली. इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच खेले गए तीसरे और अंतिम अनौपचारिक एकदिवसीय मुकाबले में रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली. इंडिया ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इस मुकाबले में 49 रनों से जीत दर्ज की. हालांकि, सीरीज के शुरुआती दो मुकाबले जीतकर ऑस्ट्रेलिया ए पहले ही 2-1 से सीरीज अपने नाम कर चुका था. इस आखिरी मैच में भारतीय टीम ने बेहतरीन वापसी करते हुए जीत के साथ दौरे का अंत किया.

मैच की शुरुआत में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत तेज रही. सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों पर 49 रनों की पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल थे. दूसरे छोर से प्रभसिमरन सिंह ने भी 34 गेंदों पर 39 रनों का योगदान दिया. इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट झटके और देवदत्त पडिक्कल (2), कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (33) तथा रजत पाटीदार (3) सस्ते में पवेलियन लौट गए.

एक समय भारतीय पारी लड़खड़ाती नजर आ रही थी, लेकिन मध्यक्रम में सूर्यांश शेडगे (Suryansh Shedge) और विपराज निगम ने मोर्चा संभाला. सूर्यांश शेडगे ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 60 गेंदों पर 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 66 रनों की आक्रामक पारी खेली. उनका साथ निभाते हुए विपराज निगम ने भी 44 गेंदों पर 40 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया. निचले क्रम में अनुकूल रॉय ने नाबाद 13 रन बनाए, जिसके बूते भारतीय टीम 47.3 ओवर में 275 रनों के सम्मानजनक स्कोर पर ऑलआउट हो गई. ऑस्ट्रेलिया ए की ओर से बेन ड्वारशुइस और विल सदरलैंड ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके, जबकि लियाम स्कॉट को 2 सफलताएं मिलीं.

जोश फिलिप का अर्धशतक बेकार, ऑस्ट्रेलियाई टीम 226 पर ढेर
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ए की शुरुआत भी संभली हुई रही, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा. विकेटकीपर बल्लेबाज जोश फिलिप ने पारी की रीढ़ बनते हुए 48 गेंदों पर 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से सर्वाधिक 56 रन बनाए. उनके अलावा नाथन मैकस्वीनी ने 58 गेंदों पर 39 रन, लाछलन शॉ ने 38 गेंदों पर 31 रन और निखिल चौधरी ने 34 गेंदों पर 29 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं. मध्यक्रम के बिखरने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम रन गति बनाए रखने के लिए संघर्ष करती दिखी.

भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे पूरी मेहमान टीम 46.2 ओवर में महज 226 रनों पर सिमट गई. भारत की तरफ से गुरजापनीत सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 9 ओवर में 56 रन देकर 3 विकेट चटकाए. इसके अलावा यश ठाकुर और निशांत सिंधु ने 2-2 विकेट अपने नाम किए, जबकि विपराज निगम और अनुकूल रॉय को 1-1 सफलता हाथ लगी.



Source link