Last Updated:
Sagar News: सागर में एक यात्री प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गया था. वह बिल्कुल फंस गया था और ट्रेन चलने लगी थी. तभी कांस्टेबल सूरज कुमार ने दौड़ उन्हें ऊपर खींच लिया. इससे उनकी जान बच गई. इसके बाद ट्रेन को रोका गया और बाद में यात्री को ट्रेन में चढ़ाया. फिर ट्रेन चली. आरक्षक सूरज कुमार यात्री के लिए भगवान बनकर आए और उन्होंने वक्त रहते यात्री की जान बचा ली.
पुलिस आरक्षक ने बचाई रेलवे यात्री की जान
कई बार आप मौत के मुंह के जाने वाले होते हैं कि तभी कोई भगवान बनकर आपकी रक्षा करता है. ऐसा ही कुछ नजारा सागर रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला है. सागर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय एक यात्री का ट्रेन के पायदान से पैर फिसल गया. वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गया. घटना देख प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान दौड़ा और यात्री को खींचकर तुरंत बाहर निकाला. समय रहते यात्री को बाहर खींचने से उसकी जान बच गई. अब इस घटना का वीडियो शनिवार को सामने आया है और सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच में आया यात्री
बताया जा रहा है कि यात्री हरिशंकर गढ़वाल निवासी नंदानगर इंदौर शुक्रवार को इंदौर-हावड़ा क्षिप्रा एक्सप्रेस में इंदौर से हावड़ा की यात्रा कर रहे थे. जब ट्रेन सागर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची, जहां हरिशंकर खाने का सामान लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतरे. कुछ देर बाद ट्रेन प्लेटफॉर्म से रवाना होने लगी. ट्रेन जाते देख उन्होंने दौड़ लगाई और चलती ट्रेन में चढ़ने लगे. तभी पायदान से उनका पैर फिसल गया और वह गिर गए. वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच आ गए.
आरक्षक सूरज कुमार ने बचाई जान
घटना देख प्लेटफॉर्म पर मौजूद आरपीएफ आरक्षक सूरज कुमार सेन ने दौड़ लगाई. बगैर देरी किए उन्होंने यात्री को पकड़ा और सुरक्षित बाहर खींच लिया. जिससे यात्री की जान बच गई. घटना देख प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई. स्टेशन प्रबंधन मौके पर पहुंचा और उन्होंने ट्रेन को रुकवाया. यात्री से पूछताछ के बाद उन्हें सुरक्षित ट्रेन में बैठाया गया. जिसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया.
अब घटना के बाद सभी ने आरक्षक सूरज कुमार की जमकर तारीफ की. उनकी वजह से ही एक इंसान की जान बच गई. वरना एक बड़ा हादसा हो जाता. रेलवे की तरफ से हिदायत भी दी गई कि चलती ट्रेन में कोई भी यात्री चढ़ने की कोशिश ना करे और जब ट्रेन रुकी हुई, तो सारे जरूरी निपटाएं जाएं. इससे आपकी जान को कोई खतरा नहीं होगा.