Nainital News : एंट्री फीस से दिलाए जाएंगे गरीब बच्चों को गर्म कपड़े, नैनीताल में होने जा रहा ऐसा गरबा नाइट्स

Nainital News : एंट्री फीस से दिलाए जाएंगे गरीब बच्चों को गर्म कपड़े, नैनीताल में होने जा रहा ऐसा गरबा नाइट्स


Last Updated:

Garba Night Nainital : नैनीताल में पहली बार चैरिटेबल गरबा नाइट्स होने जा रहा है. इसमें लोग संगीत की धुन पर गरबा और डांडिया का आनंद लेने के साथ जरूरतमंद बच्चों की मदद भी कर सकेंगे. 17 अक्टूबर को यो पहाड़ फाउंडेशन की ओर से इसका आयोजन सीआरएसटी इंटर कॉलेज के मैदान में किया जाएगा. कार्यक्रम से जुटाई जाने वाली धनराशि से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को किताबें और सर्दियों में गर्म कपड़े उपलब्ध कराए जाएंगे. यो पहाड़ फाउंडेशन के अध्यक्ष संतोष बिष्ट बताते हैं कि इस तरह के आयोजनों से लोगों को एक साथ आने, त्योहारों का आनंद लेने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का मौका मिलता है.

Top Deals Inside

नैनीताल. त्योहारों के मौसम में गरबा और डांडिया का उत्साह अब नैनीताल में भी नजर आएगा. शहर में पहली बार चैरिटेबल गरबा नाइट्स का आयोजन किया जा रहा है, जहां लोग संगीत की धुन पर गरबा और डांडिया का आनंद लेने के साथ जरूरतमंद बच्चों की मदद भी कर सकेंगे. मल्लीताल स्थित सीआरएसटी इंटर कॉलेज के मैदान में 17 अक्टूबर को यो पहाड़ फाउंडेशन की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम से जुटाई जाने वाली धनराशि का इस्तेमाल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों की मदद के लिए किया जाएगा. बच्चों को किताबें और सर्दियों में गर्म कपड़े उपलब्ध कराए जाएंगे. आमतौर पर गरबा नाइट्स में लोग डांस, संगीत और मनोरंजन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन यो पहाड़ फाउंडेशन ने इस आयोजन को सामाजिक सहयोग से जोड़ने की पहल की है. संस्था का उद्देश्य है कि त्योहारों की खुशियां समाज के उन बच्चों तक भी पहुंचें, जिन्हें आर्थिक परेशानियों के चलते जरूरी सुविधाएं हासिल करने में कठिनाई होती है. ऐसे में प्रतिभागियों की एंट्री फीस जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद का माध्यम बनेगी.

कितने लोगों के आने की उम्मीद

यो पहाड़ फाउंडेशन के अध्यक्ष संतोष बिष्ट बताते हैं कि चैरिटेबल गरबा नाइट्स का आयोजन मनोरंजन के साथ सामाजिक कार्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है. कार्यक्रम में 300 से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. इसके लिए सीमित एंट्री रखी गई है. आयोजन से प्राप्त धनराशि जरूरतमंद बच्चों को किताबें और गर्म कपड़े उपलब्ध कराने जैसे कार्यों में खर्च की जाएगी. इस तरह के आयोजनों से लोगों को एक साथ आने, त्योहारों का आनंद लेने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का मौका मिलता है.

99 रुपये से शुरू एंट्री

यो पहाड़ फाउंडेशन के पदाधिकारी नीरज बिष्ट कहते हैं कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बच्चों की एंट्री फीस 99 रुपये रखी गई है. महिलाओं के लिए 199 रुपये और कपल के लिए 349 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है. कई सरप्राइज गिफ्ट और पुरस्कार जीतने का मौका भी मिलेगा. अगर कोई ग्रुप कार्यक्रम में हिस्सा लेता है और उसमें महिलाओं की भागीदारी 50 प्रतिशत होती है, तो उस ग्रुप को विशेष छूट देने की व्यवस्था भी रखी गई है. बेहतर ड्रेसअप और आकर्षक मुस्कान जैसी श्रेणियों में भी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा. कार्यक्रम में रील प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा.

कहां करें संपर्क

संस्था की महिला उपाध्यक्ष दीपा बिष्ट कहती हैं कि मौसम में बदलाव के साथ ऐसे सांस्कृतिक आयोजन लोगों में उमंग और उत्साह बढ़ाते हैं. गरबा और डांडिया के जरिए लोग अपनी संस्कृति से जुड़ने के साथ सामाजिक कार्यों में भी भागीदारी निभा सकते हैं. कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक लोग यो पहाड़ फाउंडेशन के फेसबुक और इंस्टाग्राम पेज के माध्यम से पंजीकरण संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. संस्था के सोशल मीडिया पेज पर उपलब्ध संपर्क नंबर के जरिए भी जानकारी लेकर पंजीकरण कराया जा सकता है.



Source link