Last Updated:
Bihar Pension Scheme: बिहार के एक करोड़ से अधिक लोगों के लिए आज बड़ी खुशखबरी का दिन है. सीएम सम्राट चौधरी सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत लाभार्थियों के खाते में पेंशन की राशि भेजेंगे. सरकार हर लाभार्थी के खाते में 1100 रुपये डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर करेगी. इसको लेकर 1 अन्ने मार्ग में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.
बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
पटना. बिहार के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए आज बड़ा दिन है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन की राशि ट्रांसफर करेंगे. बता दें कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 1.08 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को हर महीने 1100 रुपये दिए जा रहे हैं. इसको लेकर पटना में 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. मुख्यमंत्री प्रत्यक्ष लाभ अंतरण यानी डीबीटी (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में यह राशि भेजेंगे. सरकार ने पेंशन भुगतान के लिए हर महीने की 10 तारीख निर्धारित की है, ताकि लाभार्थियों को समय पर राशि मिल सके.
बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों को मिलता है लाभ
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत राज्य के बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों सहित पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता दी जाती है. बिहार सरकार ने पहले पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति माह की थी. इसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है.
पहले से अधिक लोगों को मिल रहा पेंशन का लाभ
बता दें कि बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थियों की संख्या लगातार बढ़ी है. मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को 1 करोड़ 5 लाख 68 हजार लाभार्थियों के खातों में अगस्त महीने की पेंशन के रूप में 1233.87 करोड़ रुपये भेजे गए थे. उस दौरान 98,896 नए लाभार्थियों को भी योजना से जोड़े जाने की जानकारी दी गई थी.
हर महीने की 10 तारीख को पेंशन भेजने की व्यवस्था
राज्य सरकार ने पेंशनधारियों के खातों में प्रत्येक महीने की 10 तारीख को राशि भेजने की व्यवस्था की है. डीबीटी के माध्यम से भुगतान होने से राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में पहुंचती है. सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पात्र लोगों को योजना का लाभ मिलने में परेशानी नहीं होनी चाहिए. लाभार्थी अपने बैंक खाते और भुगतान की स्थिति की जांच कर सकते हैं.