Rubbing Tomato On Face Is Good Or Bad: चेहरे पर टैनिंग (Tanning) होना एक आम परेशानी है. धूप में निकलते ही चेहरे का रंग फीका पड़ जाता है और स्किन डल दिखने लगती है. इस टैनिंग से छुटकारा पाने के लिए लोग अक्सर रसोई का रुख करते हैं. रसोई में कई ऐसे घरेलू नुस्खों की सामग्री मिल जाती है जिनमें से एक बहुत पॉपुलर नुस्खा है टमाटर चेहरे पर रगड़ना. माना जाता है कि चेहरे पर टमाटर रगड़ने से मिनटों में टैनिंग गायब हो जाती है और निखार लौट आता है.
क्या टमाटर से सचमुच टैनिंग हटती है?
डॉ. रुबेन भसीन पासी का कहना है कि टमाटर का इस्तेमाल लंबे समय से घरेलू स्किनकेयर रेमेडीज में किया जाता रहा है. टमाटर के स्लाइस को चेहरे पर रगड़ने को टैनिंग हटाने, रंग निखारने और चेहरे को फ्रेश दिखाने का एक आसान तरीका माना जाता है. चूंकि टमाटर में एंटीऑक्सीडेंट्स और प्राकृतिक एसिड होते हैं, इसलिए यह प्रैक्टिस पहली नजर में पूरी तरह सुरक्षित और हानिरहित लग सकती है.
हकीकत यह है कि टैनिंग तब विकसित होती है जब हमारी त्वचा पराबैंगनी (UV) किरणों के जवाब में मेलानिन (Melanin) का प्रोडक्शन बढ़ा देती है. यह स्किन का एक नेचुरल बायोलॉजिकल सुरक्षा कवच है, न कि कोई गंदगी की परत जिसे आसानी से रगड़कर साफ किया जा सके.
टमाटर में विटामिन-सी, एंटीऑक्सीडेंट्स और अन्य प्लांट कंपाउंड जरूर होते हैं, लेकिन ताजे टमाटर को सीधे त्वचा पर रगड़ना टैनिंग हटाने का कोई स्थापित या भरोसेमंद इलाज नहीं है. टैनिंग असल में समय के साथ स्किन सेल्स के प्राकृतिक रूप से रीजेनरेट होने (Cell Turnover) और सूरज की किरणों से बचाव करने पर ही धीरे-धीरे कम होती है.
स्किन बैरियर को पहुंचा सकता है भारी नुकसान-
डॉ. पासी बताती हैं कि टमाटर की प्रकृति प्राकृतिक रूप से एसिडिक (अम्लीय) होती है, और यहीं से यह घरेलू नुस्खा परेशानी का सबब बन जाता है. जब इसे सीधे चेहरे पर लगाया जाता है, खासकर बार-बार रगड़ा जाता है, तो यह कुछ लोगों में गंभीर स्किन इरिटेशन का कारण बन सकता है. संवेदनशील त्वचा (Sensitive Skin), एक्जिमा या जिन लोगों का स्किन बैरियर पहले से ही कमजोर है, उनके लिए जोखिम और भी अधिक बढ़ जाता है.
स्किन बैरियर सिर्फ एक कॉस्मेटिक शब्द नहीं है, बल्कि यह त्वचा में नमी बनाए रखने और बाहरी हानिकारक तत्वों से रक्षा करने का काम करता है. चेहरे पर ज्यादा रगड़-छड़ या एसिडिक पदार्थों का अत्यधिक संपर्क इस सुरक्षा कवच को तोड़ सकता है, जिससे निम्नलिखित समस्याएं हो सकती हैं:
- त्वचा में अत्यधिक सूखापन (Dryness) आ सकता है.
- जलन और चुभन महसूस हो सकती है.
- रेडनेस (Redness) और खिंचाव रह सकता है.
- त्वचा की संवेदनशीलता में वृद्धि ये सेंसेटिव हो सकते हैं.
क्या जलन का मतलब है कि नुस्खा असर कर रहा है?
यह सबसे बड़ा स्किन केयर मिथ (Myth) है कि अगर किसी फेस पैक या नुस्खे से चेहरे पर जलन या टिंगलिंग हो रही है, तो इसका मतलब है कि वह ‘काम कर रहा है’. डॉ. पासी स्पष्ट करती हैं कि यह पूरी तरह गलत धारणा है. जलन और लालिमा इस बात का संकेत है कि आपकी त्वचा को नुकसान पहुंच रहा है या वह इरिटेट हो रही है. नींबू के रस या अन्य अत्यधिक एसिडिक घरेलू नुस्खों के साथ भी यही नियम लागू होता है.
ज्यादा जलन का मतलब यह कतई नहीं है कि आपको ज्यादा निखार मिलेगा. इसके विपरीत, बार-बार होने वाली सूजन (Inflammation) कुछ लोगों में पिगमेंटेशन को और ज्यादा बदतर बना सकती है, जिसे पोस्ट-इन्फ्लेमेटरी हाइपरपिगमेंटेशन (PIH) कहा जाता है. यह आपके मनचाहे निखार के ठीक विपरीत परिणाम दे सकता है.
टमाटर को इस्तेमाल करने का सही तरीका-
अगर आप इसके बावजूद चेहरे पर टमाटर का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो डर्मेटोलॉजिस्ट के इन सुझावों को जरूर ध्यान रखें:
एग्रेसिव रबिंग से बचें: चेहरे पर टमाटर को कभी भी जोर-जोर से न रगड़ें.
क्षतिग्रस्त त्वचा पर न लगाएं: कटे-फटे, मुंहासों या सेंसिटिव हिस्सों पर इसका इस्तेमाल बिल्कुल न करें.
तुरंत रोक दें: यदि लगाने के बाद खुजली, जलन या लालिमा महसूस हो, तो इसे तुरंत पानी से धो लें.
पैच टेस्ट जरूर करें: चेहरे पर लगाने से पहले हाथ या कान के पीछे थोड़ा सा हिस्सा टेस्ट करके देख लें.
सनस्क्रीन का विकल्प नहीं: टमाटर कभी भी सनस्क्रीन का स्थान नहीं ले सकता.
टैनिंग से निपटने के सुरक्षित और असरदार विकल्प-
सन प्रोटेक्शन (Sunscreen) का प्रयोग करें : सबसे पहला और जरूरी कदम है धूप से बचाव. बाहर निकलने से पहले अच्छी कंपनी के सनस्क्रीन का नियमित रूप से अच्छी मात्रा में इस्तेमाल करें. पसीना आने या लंबे समय तक धूप में रहने पर इसे दोबारा (Reapply) जरूर करें.
फिजिकल नेचुरल बैरियर का प्रयोग करें : धूप से बचने के लिए टोपी, छतरी, चश्मे आदि का उपयोग करें ताकि सीधी धूप से बचा जा सके.
डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह जरूर लें: पुरानी पिगमेंटेशन या टैनिंग को दूर करने के लिए डॉक्टर की सलाह से विटामिन-सी, नियासिनमाइड (Niacinamide), या रेटिनोइड्स (Retinoids) जैसे वैज्ञानिक रूप से सिद्ध इंग्रेडिएंट्स वाले प्रोडक्ट्स का उपयोग किया जा सकता है.
यह सोचना कि टमाटर का एक टुकड़ा रगड़ने भर से टैनिंग दूर हो जाएगी, महज एक भ्रम है. टैनिंग सूरज की पराबैंगनी किरणों के खिलाफ त्वचा की एक प्राकृतिक प्रतिक्रिया है, जिससे निपटने का सबसे सुरक्षित तरीका है धूप से बचाव करना और त्वचा को स्वाभाविक रूप से ठीक होने का समय देना. टमाटर खाना सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि चेहरे पर रगड़ने पर भी यह चमत्कारिक स्किनकेयर ट्रीटमेंट साबित होगा.