Bihar Weather Tomorrow: 48 घंटे में 4 डिग्री बढ़ेगा पारा, बिहार में बारिश होगी या बढ़ेगी गर्मी? जानें IMD अपडेट

Bihar Weather Tomorrow: 48 घंटे में 4 डिग्री बढ़ेगा पारा, बिहार में बारिश होगी या बढ़ेगी गर्मी? जानें IMD अपडेट


पटना: बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के 9 अक्टूबर 2026 को जारी बुलेटिन के पूर्वानुमान उत्तर-मध्य और पूर्वी बिहार के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई. वहीं राज्य के उत्तर-पूर्वी और उत्तर-मध्य हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. 10 अक्टूबर को राज्य में मौसम का पूर्वानुमान जारी किया गया है. अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है. जानें बिहाल कल के मौसम का अपडेट.

शनिवार को बिहार में यहां होगी बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 10 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार के एक या दो स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. दक्षिण-पश्चिम बिहार में भी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है. उत्तर-पश्चिम बिहार में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण शामिल हैं. उत्तर-मध्य बिहार में मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी आते हैं. उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में भी एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है.

बिहार में बढ़ेगी गर्मी, 34 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
मौसम विभाग के जिलेवार पूर्वानुमान के मुताबिक 10 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिम बिहार में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. राज्य के सभी छह मौसम क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में राज्य के अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.

पिछले 24 घंटे में कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश?
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई. किशनगंज जिले के पोठिया में सबसे अधिक 62.6 मिमी बारिश हुई. इसके अलावा घैलाढ़ में 42.6 मिमी, परबत्ता में 42.2 मिमी, खजौली में 37.6 मिमी, मटियानी में 36.8 मिमी और सुल्तानगंज में 32.2 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा शाम्हो अकहा कुरहा में 30.4 मिमी, शंभूगंज में 27.8 मिमी, बेनीपट्टी में 27 मिमी, गोपालगंज में 26.2 मिमी और बगहा-1 में 25 मिमी बारिश हुई.

भभुआ में सबसे ज्यादा तापमान, वाल्मीकिनगर रहा सबसे ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार 8 अक्टूबर को कैमूर जिले के भभुआ में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 9 अक्टूबर को पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर में न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा. जो राज्य में सबसे कम था. पिछले 24 घंटों में मधुबनी जिले में 39 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा दर्ज की गई.



Source link