Last Updated:
Bhagalpur News: विक्रमशिला सेतु पर काम चलने की वजह से वह बंद है. ऐसे में लोगों की आवाजाही के लिए सरकार की तरफ से जहाज से गंगा पार कराई जा रही है. जहाज चलने के लिए समय तय किया गया. इसी बीच एक जहाज पर 8 अक्टूबर की शाम हंगामा हो गया. शाम 5 बजे के बाद कुछ लोग जबरन जहाज चलवाने की जिद पर अड़ गए और क्रू मेंबर से बहस करने लगे. पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया.
विक्रमशिला सेतु पर बवाल.
भागलपुरः विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद गंगा नदी के रास्ते लोगों की आवाजाही कराई जा रही है. प्रशासन ने जहाजों के चलने का समय सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक तय किया है. 8 अक्टूबर की शाम बियाडा घाट पर निर्धारित समय के बाद जहाज खुलने को लेकर हंगामा हो गया. आरोप है कि कुछ लोग घाट पर खड़े दूसरे जहाज पर चढ़ गए और उसे भी चलाने की मांग करने लगे. इस दौरान जहाज के क्रू मेंबर के साथ जमकर बहस हुई. पुलिस ने हंगामा करने वालों को हिरासत में लिया.
शाम 5 बजे जहाज खुलने के बाद हुआ हंगामा
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 5 बजे बियाडा घाट से एक जहाज खुल गया. इसके बाद कुछ लोग घाट पर खड़े दूसरे जहाज पर चढ़ गए. वे उसे भी खोलने की मांग पर अड़ गए. इसी बात को लेकर जहाज के क्रू मेंबर और लोगों के बीच बहस शुरू हो गई. आरोप है कि हंगामा कर रहे लोगों ने वहां मौजूद कुछ यात्रियों को भी उकसाया. इस दौरान जहाज को नुकसान पहुंचाने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है. घाट पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की और हंगामा कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया.
सुबह 6 से शाम 5 बजे तक ही जहाज चलाने की अनुमति
विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद भागलपुर और आसपास के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है. ऐसे में गंगा नदी के रास्ते जहाजों का परिचालन कराया जा रहा है. प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जहाज चलाने का समय सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक तय किया है. शाम 5 बजे के बाद जहाज चलाने पर प्रतिबंध लगाया गया है.