Last Updated:
Agniveer Retirement Benefits: अग्निपथ योजना के तहत पहले बैच के अग्निवीर 21 नवंबर 2026 को सेवा पूरी कर रिटायर हो रहे हैं. जानिए रिटायर हो रहे पूर्व अग्निवीरों को 10.04 लाख के सेवा निधि पैकेज के अलावा कौन-कौन सी सुविधाएं और सरकारी नौकरियों में आरक्षण मिलेगा.
Agniveer Retirement Benefits: पूर्व अग्निवीरों को सरकारी नौकरी में आरक्षण मिलेगा
नई दिल्ली (Agniveer Retirement Benefits). अग्निपथ योजना के तहत देश की सेनाओं में शामिल हुए युवाओं का सफर नए मोड़ पर आ पहुंचा है. 4 साल पहले जब इस योजना का ऐलान हुआ था तो देशभर में इसको लेकर भारी चर्चा और बहस छिड़ी थी. भारतीय नौसेना से अग्निवीरों का पहला बैच 21 नवंबर 2026 को 4 साल की सेवा पूरी करके बाहर आने वाला है. इस ऐतिहासिक पल के साथ ही देश की निगाहें इस पर भी टिकी हैं कि सेना से लौटने वाले इन युवाओं के भविष्य का क्या होगा.
सेवा पूरी होने पर अग्निवीरों को मिलेंगी ये सुविधाएं
चार साल की सेवा पूरी होने के बाद जब अग्निवीर बाहर आएंगे तो उन्हें सरकार की तरफ से कई तरह के वित्तीय लाभ दिए जाएंगे:
- सेवा निधि पैकेज: रिटायर हो रहे हर अग्निवीर को एकमुश्त लगभग 10.04 लाख रुपये का सेवा निधि पैकेज मिलेगा. यह रकम टैक्स-फ्री होगी. इसमें युवा का अपना योगदान, सरकार का बराबर का हिस्सा और उस पर मिलने वाला ब्याज शामिल होता है.
- जीवन बीमा कवर: सेवा काल के दौरान अग्निवीरों को 48 लाख रुपये का बीमा कवर मिलता है. यह उनके और उनके परिवार के लिए बड़ा सुरक्षा कवच साबित होगा.
- स्किल सर्टिफिकेट: रिटायर होने वाले अग्निवीरों को स्किल सर्टिफिकेट (कौशल प्रमाण पत्र) दिया जाता है. इससे उन्हें आगे प्राइवेट या सरकारी नौकरी में इंटरव्यू के दौरान प्राथमिकता मिल सकेगी. हालांकि, इन्हें ग्रेच्युटी, पेंशन या मेडिकल और कैंटीन की आजीवन सुविधाएं नहीं मिलेंगी.
पूर्व अग्निवीरों को दोबारा नौकरी देने के लिए सरकार का प्लान
सरकार और विभिन्न मंत्रालय सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि चार साल देश की सेवा करने वाले ये युवा बेरोजगार न रहें. इनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कई बड़े फैसले लिए गए हैं:
- गृह मंत्रालय का नया पोर्टल: पूर्व अग्निवीरों को कॉरपोरेट और सरकारी सेक्टर में आसानी से एडजस्ट करने के लिए गृह मंत्रालय विशेष पोर्टल तैयार कर रहा है. इसके जरिए इन्हें नौकरी के ढेरों विकल्प मिलेंगे.
- अर्धसैनिक बलों (CAPF) में 50% आरक्षण: बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और असम राइफल्स जैसी सुरक्षा बलों में कॉन्स्टेबल (जनरल ड्यूटी) और राइफलमैन के पदों पर पूर्व अग्निवीरों के लिए 50 फीसदी सीटें आरक्षित कर दी गई हैं. इनके लिए ‘पूर्व-अग्निवीर’ नाम से नई कैटेगरी भी बनाई गई है.
- फिजिकल और लिखित परीक्षा से छूट: इन सुरक्षा बलों में भर्ती के दौरान पूर्व अग्निवीरों को फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST), फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) और लिखित परीक्षा से छूट दी जाएगी.
- राज्य सरकारों का कोटा और आयु में छूट: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों की सरकारों ने पुलिस और अन्य विभागों में पूर्व अग्निवीरों के लिए 10 से 20 प्रतिशत तक पद रिजर्व किए हैं. साथ ही, आयु सीमा में 3 से 5 साल तक की छूट का ऐलान भी किया गया है, जिससे ये युवा आसानी से सरकारी नौकरी पा सकें.