मऊ: वर्तमान में देखा जा रहा है कि गैस सिलेंडर का कनेक्शन लेने के लिए लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कंपनी ने नए कनेक्शन पर रोक लगा दी है. अगर अब आपके घर में नए गैस सिलेंडर की जरूरत है और आप नया कनेक्शन लेना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं कि इसके लिए आवेदन कैसे करें और घर पर गैस सिलेंडर कैसे मंगवा सकते हैं.
10 किलो गैस सिलेंडर के ही मिलेंगे नए कनेक्शन
लोकल 18 से बात करते हुए नाथ भारत गैस एजेंसी के प्रोपराइटर पंकज पासवान बताते हैं कि कंपनी ने इस समय स्मार्ट जीप लाइट के नाम से 10 किलो का गैस कनेक्शन शुरू किया है. इसके लिए आधार कार्ड, निर्वाचन कार्ड या फोटो जैसे किसी एक पहचान पत्र को एजेंसी में जमा करना होगा. अगर कोई व्यक्ति गैस एजेंसी पर जाकर अपना पहचान पत्र देता है, तो उसे 10 से 15 मिनट में नया कनेक्शन आसानी से मिल सकता है.
हालांकि, नए कनेक्शन के तहत 14 किलो वाले लोहे के सिलेंडर का रिफिल नहीं मिलेगा, क्योंकि इस कनेक्शन पर मार्च 2026 से ही कंपनी की ओर से रोक लगा दी गई है. वर्तमान में सिर्फ 10 किलो के फाइबर वाले गैस सिलेंडर के नए कनेक्शन दिए जा रहे हैं. हालांकि, यह गैस सिलेंडर पहले की तुलना में उपभोक्ताओं को थोड़ा महंगा पड़ता है.
18 दिन में ही कर सकते हैं गैस सिलेंडर की बुकिंग
पंकज पासवान बताते हैं कि 10 किलो का प्लास्टिक बॉडी वाला सिलेंडर बाजार में मिलने वाले 14 किलो के सिलेंडर की तुलना में थोड़ा महंगा है. इसमें 10 किलो गैस की कीमत लगभग 1,757 रुपये 50 पैसे है. प्लास्टिक बॉडी का गैस सिलेंडर बनाने में कंपनी की लागत अधिक आती है, जिस वजह से इसकी कीमत थोड़ी ज्यादा है. इसके लिए कंपनी ने सिक्योरिटी राशि लगभग 3,186 रुपये निर्धारित की है.
हालांकि, इस गैस सिलेंडर की बुकिंग 18 दिन में ही की जा सकती है, जबकि 14 किलो के गैस सिलेंडर की बुकिंग के लिए एक महीने का इंतजार करना पड़ता है. यह गैस सिलेंडर 18 दिन बाद उपलब्ध हो जाएगा. अगर आप इस गैस सिलेंडर को लेना चाहते हैं, तो 18 दिन बाद बुकिंग कर सकते हैं. बुकिंग के चार घंटे के अंदर आपके घर तक गैस सिलेंडर डिलीवर कर दिया जाएगा.
लगभग 5,200 रुपये में हो जाएगा नए गैस सिलेंडर का कनेक्शन
14 किलो के लोहे से बने गैस सिलेंडर के नए कनेक्शन पर कंपनी की ओर से रोक लगा दी गई है. वर्तमान में 10 किलो की प्लास्टिक बॉडी वाले गैस सिलेंडर के ही नए कनेक्शन दिए जा रहे हैं. अगर आपके पास पहचान पत्र और गैस सिलेंडर की सिक्योरिटी राशि के लिए पर्याप्त पैसे हैं, तो आपको 10 से 15 मिनट में नया कनेक्शन मिल सकता है.
अगर आप नया कनेक्शन लेना चाहते हैं, तो इसके लिए लगभग 5,200 रुपये का शुल्क देना होगा. वहीं, अगर आप एक साथ दो सिलेंडर लेना चाहते हैं, तो 3,150 रुपये का अतिरिक्त शुल्क देकर एक और सिलेंडर ले सकते हैं.