Last Updated:
Anant Singh News : बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर NDA के भीतर खींचतान जारी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में लोक सेवक आवास पर हुई NDA विधायक दल की बैठक में सभी विधायकों और सांसदों को गठबंधन के उम्मीदवारों को जिताने का निर्देश दिया गया. लेकिन बैठक के बाद जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने फिर कहा कि वह पटना स्नातक सीट से जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह का समर्थन करेंगे.
पटना. बिहार के सियासी गलियारे से बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसलबिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर NDA के भीतर चल रही खींचतान खत्म होती नहीं दिख रही है. मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने NDA विधायक दल की बैठक के बाद भी अपने रुख में बदलाव के संकेत नहीं दिए. अनंत सिंह ने साफ कहा कि वह पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह का समर्थन करेंगे. अनंत सिंह ने कहा कि एनडीए विधायक दल की बैठक में उनसे चुनाव को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई है और अब भी अनुज सिंह का समर्थन करेंगे.
दूसरी ओर, बैठक के बाद जेडीयू विधायक दल के नेता और मंत्री श्रवण कुमार ने साफ चेतावनी दी कि NDA के खिलाफ प्रचार करने वालों पर कार्रवाई होगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में पटना के लोक सेवक आवास पर NDA विधायक दल की बैठक हुई. इसमें NDA के विधायक, सांसद और गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. बैठक में विधान परिषद चुनाव को लेकर चर्चा हुई और सभी विधायकों-सांसदों को NDA उम्मीदवारों के समर्थन में काम करने तथा उन्हें जिताने का निर्देश दिया गया. बैठक में जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता और उम्मीदवार नीरज कुमार भी शामिल हुए. बैठक में जाने से पहले उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर चर्चा होगी और NDA के सभी उम्मीदवार जीतेंगे. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी बैठक में हिस्सा लेने लोक सेवक आवास पहुंचे.
श्रवण कुमार बोले- विरोध में प्रचार करने वालों पर होगी कार्रवाई
बैठक के बाद जेडीयू विधायक दल के नेता और मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बैठक में सभी ने एक सुर में NDA उम्मीदवारों का समर्थन करने की बात कही है. उन्होंने बताया कि विधायकों और सांसदों को गठबंधन के उम्मीदवारों को जिताने के निर्देश दिए गए हैं. अनंत सिंह के रुख पर सवाल पूछे जाने पर श्रवण कुमार ने कहा कि बैठक के अंदर सभी ने NDA उम्मीदवारों के समर्थन की बात कही है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो NDA के नेता गठबंधन के उम्मीदवारों के विरोध में प्रचार करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
अनंत सिंह के रुख से बढ़ी जेडीयू की मुश्किल?
पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार और जन सुराज के डॉ. अनुज सिंह के बीच मुकाबले को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है. अनंत सिंह पहले भी अनुज सिंह के समर्थन की बात कह चुके हैं. NDA की बैठक में गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में एकजुटता का संदेश देने की कोशिश हुई, लेकिन बैठक के बाद अनंत सिंह का बयान बताता है कि उनके रुख को लेकर विवाद अभी थमा नहीं है. अब सवाल यह है कि अनंत सिंह के इस रुख पर जेडीयू और NDA नेतृत्व क्या कदम उठाता है. श्रवण कुमार की कार्रवाई वाली चेतावनी के बाद इस विवाद पर सबकी नजरें टिकी हैं.