नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान इनदिनों सुर्खियों में हैं.इस बार वजह उनका क्रिकेट करियर नहीं, बल्कि फ्रेंचाइजी क्रिकेट में बढ़ता कारोबारी कद है. पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज ने लंका प्रीमियर लीग की फ्रेंचाइजी जाफना किंग्स में बतौर को-ओनर एंट्री की है. इससे पहले जहीर खान और नागेंद्र सिद्धौताम ने ईयूटी20 बेल्जियम लीग की फ्रेंचाइजी एंटवर्प एंकर्स में भी इंवेस्ट किया था.इसके बाद वह चेन्नई सुपरकिंग्स के हेड कोच भी बन चुके हैं. बाएं हाथ के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान बेशक क्रिकेट के मैदान से दूर हो गए हैं लेकिन उनकी नेटवर्थ में लगातार बढ़ोतरी हो रही है.
जहीर खान (Zaheer Khan) ने साल 2000 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था. अपने शुरुआती दिनों से ही वह भारतीय टीम के नियमित सदस्य बन गए और आगे चलकर देश के सबसे सफल बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों में अपनी जगह बनाई. मैदान पर उनकी सफलता का असर उनकी कमाई पर भी पड़ा. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 2026 में जहीर की नेट वर्थ लगभग 241.53 करोड़ है. हालांकि उनकी कुल संपत्ति का आधिकारिक आंकड़ा सार्वजनिक नहीं है, लेकिन क्रिकेट, आईपीएल, कमेंट्री, ब्रांड एंडोर्समेंट और बिजनेस से उनकी कमाई ने उन्हें भारत के सबसे सफल पूर्व क्रिकेटरों में शामिल किया है.
आईपीएल से करोड़ों की कमाई
जहीर खान की आईपीएल यात्रा भी बेहद शानदार रही. साल 2008 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने उन्हें 1.8 करोड़ में खरीदा था. इसके बाद 2009 और 2010 में वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे और उन्हें 1.8 करोड़ रुपये सालाना मिले. 2011 में जहीर की आरसीबी में वापसी हुई और इस बार उनकी कीमत बढ़कर 4.14 करोड़ हो गई. साल 2011 से 2013 तक वह इसी रकम पर टीम के लिए खेले. 2014 में वह दोबारा मुंबई इंडियंस पहुंचे, जहां उन्हें 2.6 करोड़ रुपये मिले.
इसके बाद 2015 से 2017 तक जहीर दिल्ली डेयरडेविल्स का हिस्सा रहे. इस दौरान उनकी सालाना कीमत करीब 4 करोड़ रही. उन्होंने टीम की कप्तानी भी की और आईपीएल में अपने अंतिम सक्रिय वर्षों में एक खिलाड़ी और लीडर, दोनों की भूमिका निभाई. इस तरह केवल आईपीएल में बतौर खिलाड़ी उनकी घोषित कमाई करीब 27 करोड़ से अधिक रही. इसके बाद भी उनकी आईपीएल यात्रा खत्म नहीं हुई.
कोचिंग और मेंटर की भूमिका ने बढ़ाई कमाई
2018 से 2022 तक जहीर खान मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े रहे. उन्होंने पहले डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट और बाद में हेड ऑफ ग्लोबल क्रिकेट डेवलपमेंट जैसी बड़ी जिम्मेदारियां संभालीं.हालांकि इन पदों के लिए उनकी सैलरी सार्वजनिक नहीं की गई. इसके बाद 2025 में वह लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ दो साल के करार पर मेंटर के रूप में जुड़े. हालांकि उनका यह कार्यकाल सिर्फ एक सीजन तक चला. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस भूमिका के लिए उन्हें करीब 3 करोड़ रुपये मिले. खिलाड़ी और कोचिंग/मेंटोरिंग भूमिकाओं को मिलाकर आईपीएल से जहीर की कुल कमाई 35 से 40 करोड़ के बीच बताई जाती है. इसमें मुंबई इंडियंस के साथ उनके कार्यकाल की अघोषित कमाई भी शामिल है.
कमाई का दायरा क्रिकेट से बाहर भी
क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी जहीर खान की ब्रांड वैल्यू बरकरार रही. वह कई बड़े ब्रांड्स के विज्ञापनों और प्रमोशनल कैंपेन का हिस्सा रहे हैं.उनके एंडोर्समेंट पोर्टफोलियो में बल्लेबाजी डॉट कॉम, इवारा, डाबर, नाइक, जेडब्ल्यू मैरियट, शेर खान, रारियो और आसुस जैसे नाम शामिल रहे हैं.हालांकि इन सभी डील्स से उनकी मौजूदा कमाई का सटीक आंकड़ा सार्वजनिक नहीं है. जहीर खान ने बिजनेस की दुनिया में भी कदम रखा है. वह फिटनेस से जुड़े दो कारोबारों के को-फाउंडर हैं, जिनमें स्टेपसेट गो का नाम प्रमुख है. इसके अलावा मुंबई में उनका ‘जहीर खान’ डाइन फाइन’ नाम का रेस्टोरेंट भी है.
मुंबई में करोड़ों का घर और लग्जरी कारों का कलेक्शन
जहीर खान की संपत्ति में लग्जरी रियल एस्टेट भी शामिल है. उन्होंने अपनी पत्नी और अभिनेत्री सागरिका घाटगे के साथ 2025 में मुंबई के परेल इलाके में करीब 11 करोड़ रुपये की कीमत का एक आलीशान घर खरीदा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2026 में अपने पहले बच्चे के जन्म के बाद यह कपल इस नए घर में शिफ्ट हुआ. जहीर का लग्जरी कारों का कलेक्शन भी उनकी लाइफस्टाइल को बताता है. उनके गैराज में बीएमडब्ल्यू 5 सीरीज, निसान एक्स ट्रायल, मर्सिडीज बेंस एस क्लास, होंड एकॉर्ड, टोयोटा फर्च्यूनर, ऑडी ए8 और मर्सिडीज बेंस ई क्लास जैसी गाड़ियां शामिल हैं.