MP-CG TOP NEWS: आज ‘नो UPI डे’, व्यापारी नहीं लेंगे ऑनलाइन पेमेंट; छत्तीसगढ़ में आज किसानों का आंदोलन

MP-CG TOP NEWS: आज ‘नो UPI डे’, व्यापारी नहीं लेंगे ऑनलाइन पेमेंट; छत्तीसगढ़ में आज किसानों का आंदोलन


MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें… 

आज प्रदेशभर में किसानों का आंदोलन
भारतीय किसान संघ के आह्वान पर आज छत्तीसगढ़ के 33 जिलों में किसान आंदोलन करेंगे. दोपहर 12 बजे जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर किसान 11 सूत्रीय मांगों और सुझावों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे. किसान ट्रैक्टर रैली के साथ जिला मुख्यालय पहुंचेंगे. भारतीय किसान संघ ने अधिक से अधिक किसानों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है.

आज ‘नो UPI डे’, व्यापारी नहीं लेंगे ऑनलाइन पेमेंट
भोपाल में दाल-चावल व्यापारी संघ ने MDR चार्ज के विरोध में आज ‘नो UPI डे’ मनाने का फैसला लिया है. जुमेरती और हनुमानगंज क्षेत्र के व्यापारी आज ग्राहकों से UPI समेत अन्य ऑनलाइन पेमेंट स्वीकार नहीं करेंगे. व्यापारियों का कहना है कि MDR चार्ज से छोटे और मध्यम वर्ग के दुकानदारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा.

55 किलो गांजा तस्करी मामले में महिला सरगना गिरफ्तार
बिलासपुर जीआरपी ने ट्रेन के जरिए 55 किलो गांजा तस्करी कराने वाली महिला सरगना अनुपमा मोहंती को ओडिशा के संबलपुर से गिरफ्तार किया है. करीब तीन महीने पहले 4 तस्करों से 55 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद हुआ था, जिसकी कीमत लगभग ₹27.57 लाख बताई गई. पूछताछ के आधार पर जीआरपी महिला तक पहुंची. आरोप है कि वह युवाओं को कमीशन देकर अलग-अलग शहरों में गांजे की खेप भेजती थी. कोर्ट ने आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.

सरसों तेल का सैंपल जांच में असुरक्षित, फर्म को नोटिस
मुरैना की कृष्णा एग्रो एजेंसी के सरसों तेल का सैंपल जांच में ‘Unsafe’ पाया गया है. खाद्य सुरक्षा विभाग ने 8 अगस्त को फर्म से सरसों तेल का सैंपल लिया था. जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत फर्म को नोटिस जारी किया गया और मामले को ADM न्यायालय में पेश किया गया. विभाग ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 59 के तहत कार्रवाई की है. इस प्रावधान के तहत दोष सिद्ध होने पर 6 महीने तक की सजा और एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है.

अवैध रेत खनन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई
धमतरी में खनिज विभाग ने अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 ट्रैक्टर और 5 हाइवा जब्त किए हैं. अलग-अलग रेत घाटों से महानदी से अवैध रूप से रेत निकाले जाने की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई. जब्त वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ अर्थदंड भी लगाया जा रहा है.

आज सेवा सेतु कार्यक्रम में शामिल होंगे सीएम विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दुर्ग दौरे पर रहेंगे. वे पंडित रविशंकर स्टेडियम में आयोजित सेवा सेतु कार्यक्रम में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री करीब दोपहर 12 बजे दुर्ग पहुंचेंगे. कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे दोपहर 2 बजे रायपुर के लिए रवाना होंगे

11 अक्टूबर को होगी साय कैबिनेट की बैठक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 11 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री निवास में कैबिनेट की बैठक होगी. बैठक में सिंगापुर प्रवास के दौरान मिले निवेश प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है. इसके अलावा कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों और विभागीय भर्ती परीक्षाओं को लेकर भी फैसले लिए जाने की संभावना है. वहीं, CGPSC के अध्यक्ष के नाम पर भी कैबिनेट की मुहर लग सकती है.

महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त आज जारी
महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त आज जारी की जाएगी. इसके तहत 67 लाख 38 हजार 217 महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 632 करोड़ 40 लाख रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम से राशि का भुगतान करेंगे. 32वीं किस्त के बाद योजना के तहत अब तक कुल भुगतान 20,708 करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगा. ई-केवाईसी करा चुके पात्र हितग्राहियों को इस किस्त का लाभ मिलेगा.

आज दौरे पर रहेंगे डिप्टी सीएम अरुण साव
डिप्टी सीएम अरुण साव आज बलरामपुर जिले के दौरे पर रहेंगे. वे रामानुजगंज विश्राम गृह में जिला स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक लेंगे. इस दौरान करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण भी करेंगे. इसके अलावा वे स्व. सूर्य प्रकाश नेम स्मृति फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन समारोह में शामिल होंगे. कार्यक्रम में कृषि मंत्री राम विचार नेताम भी मौजूद रहेंगे.

₹57 लाख गबन मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
नवागढ़ पुलिस ने सेवा सहकारी समिति मुरता में ₹57.01 लाख की धोखाधड़ी और शासकीय राशि गबन के मामले में फरार आरोपी अमित साहू को गिरफ्तार किया है. प्रभारी समिति प्रबंधक राजेन्द्र पांडेय और लिपिक अमित साहू के खिलाफ मामला दर्ज है. राजेन्द्र पांडेय पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि अमित साहू करीब दो महीने से फरार था. पुलिस ने उसे 5 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया.

जुआ फड़ पर पुलिस की कार्रवाई, 9 गिरफ्तार
अमोरा भाठाखार एनीकट के पास पुलिस ने जुआ फड़ पर छापा मारकर 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया. मौके से ₹2 लाख 49 हजार 170 नकद, 10 मोबाइल और 5 मोटरसाइकिल समेत कुल ₹9 लाख 29 हजार 170 रुपये का सामान जब्त किया गया. पुलिस ने 52 पत्ती ताश और त्रिपाल भी बरामद किए. आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है.



Source link