Last Updated:
Himachal News: हिमाचल में नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी में सीएम सुक्खू पर तंज कसते हुए कहा कि वे वीरभद्र सिंह के योगदान को भूल रहे हैं. उन्होंने कांग्रेस में कलह और अनिल शर्मा के बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी.
जयराम ठाकुर ने कहा कि स्व. वीरभद्र सिंह को भूलाकर सीएम सुक्खू यह मान बैठे हैं कि वे हॉलीलॉज को डिस्लॉज करने की कोशिशों में सफल हो गए हैं.
मंडी. हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रतिभा सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया दी और सीएम सुक्खू पर तंज कसा है. मंडी में पत्रकारों से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि स्व. वीरभद्र सिंह को भूलाकर सीएम सुक्खू यह मान बैठे हैं कि वे हॉलीलॉज को डिस्लॉज करने की कोशिशों में सफल हो गए हैं.
रोहड़ू से स्व. वीरभद्र सिंह पांच बार विधायक रहे, लेकिन उसी स्थान पर जाकर सीएम ने उनके योगदान को दरकिनार करने की कोशिश की. सीएम का यह रवैया बन चुका है कि वह किसी भी नेता के योगदान को मानना ही नहीं चाहते. आज कांग्रेस के अंदर जो कलह चल रही है वह सभी के सामने उजागर होने लग गई है.
अनिल शर्मा की बातों पर संगठन में होगी चर्चा
जयराम ठाकुर ने कहा कि अनिल शर्मा भाजपा के विधायक हैं और यदि उन्हें सांसदों से कोई सहयोग नहीं मिल रहा तो वे संगठन में इसकी चर्चा कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि अनिल शर्मा को मीडिया में ऐसे बयानों से बचना चाहिए और उनकी बातों का मीडिया में जबाव देना उचित नहीं है. संगठन में इसकी चर्चा की जाएगी.
सांसद कंगना रनौत के बयान पर किया बचाव
जयराम ठाकुर ने सांसद कंगना रनौत के बयान पर उनका बचाव करते हुए कहा कि कंगना ने जो कहा वो प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश को कर्ज तले डूबोने के संदर्भ में था. आज प्रदेश सरकार ने इतना कर्ज ले लिया है कि प्रदेश कर्ज में डूब चुका है. वहीं, केंद्र सरकार की तरफ से प्रदेश को लगातार आर्थिक मदद दी जा रही है.
मोदी को लंबे समय तक पीएम के रूप में देखना चाहता है देश
जयराम ठाकुर ने प्रधानामंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के कार्यकाल के 25 वर्ष पूरा होने पर भाजपा महिला मोर्चा की तरफ से मंडी में आयोजित रंगोली कार्यक्रम में शिरकत की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल हुआ है जो देश के लिए गर्व की बात है. देश के सभी लोग यही कामना कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री मोदी स्वस्थ और दीर्घायु हों और अगले कई वर्षों तक देश का नेतृत्व करते रहें.