हूतियों की हरकत बर्दाश्त नहीं, सऊदी एयरपोर्ट पर हमले से भड़का भारत, सुना दी खरी-खरी


Last Updated:

Saudi Arabia News: सऊदी अरब के आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमलों की भारत ने कड़ी निंदा की है. सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, हमलों में तीन लोगों की मौत और 36 लोग घायल हुए. हूती सैन्य प्रवक्ता ने ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों से हमले का दावा किया है. भारत ने आम नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने को अस्वीकार्य बताया.

Top Deals Inside

हूतियों की हरकत बर्दाश्त नहीं, सऊदी एयरपोर्ट पर हमले से भड़का भारतZoom

हूतियों के हमले से भारत हुआ नाराज.

भारत ने सऊदी अरब के दो हवाई अड्डों पर हुए अलग-अलग हमलों की कड़ी न‍िंदा की. सऊदी अधिकारियों के मुताब‍िक इन हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई जबक‍ि 36 अन्य घायल हो गए. भारत ने इस मुश्किल समय में सऊदी अरब के साथ एकजुटता की बात कही. भारतीय व‍िदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत पिछले कुछ दिनों में आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर किए गए हमलों की कड़ी निंदा करता है. इन हमलों में आम लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं.

‘ये बिल्कुल स्वीकार नहीं’

विदेश मंत्रालय ने हमलों का व‍िरोध जताते हुए कहा क‍ि आम नागरिकों से जुड़ी जगहों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जा सकता. हम उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताते हैं, जिन्होंने इन हमलों में अपने प्रियजनों को खोया है. साथ ही, हम घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं. भारत इस मुश्किल समय में सऊदी अरब की जनता और सरकार के साथ एकजुटता से खड़ा है.

समाचार एजेंसी स‍िन्‍हुआ की र‍िपोर्ट के अनुसार, सऊदी जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन ने बताया कि इन हमलों में मंगलवार और बुधवार को दक्षिण-पश्चिमी सऊदी अरब के आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और सऊदी राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया. उन्होंने कहा कि सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया और दोनों जगहों पर संपत्ति का नुकसान हुआ.

दो मिसाइलों को बीच में ही रोका

इससे पहले बुधवार को हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारेया ने कहा था कि कई ड्रोन से किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया. वहीं, बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से अब्हा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और दक्षिण-पश्चिमी असीर इलाके में खामिस मुशैत के पास स्थित किंग खालिद एयर बेस पर हमला किया गया.

इस बीच, बुधवार को ही सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने दावा किया कि उसने हूती व‍िद्रोह‍ियों की दो बैलिस्टिक मिसाइलों को बीच में ही रोक दिया. इनमें से एक मिसाइल रियाद के उत्तर में रोकी गई जबकि दूसरी दक्षिण-पश्चिमी सऊदी शहर खामिस मुशैत की ओर जा रही थी.

सऊदी ने 156 हमले किए

वहीं, सऊदी बलों ने हवाई हमले तेज कर दिए हैं. हूती समूह का दावा है कि सना, ताइज, सादा, अल-जौफ, मारिब और अमरान में कुल 156 हवाई और मिसाइल हमले किए गए हैं. हाल के ये संघर्ष 2022 में संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता से हुए संघर्षविराम के बाद की सबसे बड़ी बढ़ोतरी माने जा रहे हैं. उस संघर्षविराम के बाद युद्ध से जूझ रहे यमन में बड़े स्तर की लड़ाई काफी हद तक रुक गई थी.

(एजेंसी इनपुट के साथ.)



Source link