सिपाही भर्ती परीक्षा कांड में बड़ा खुलासा, 9 लाख में पास कराने की थी सेटिंग; EOU ने आरोपी को दबोचा


Last Updated:

Bihar Constable Exam Setting : बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा में 9 लाख रुपये में पास कराने की सेटिंग का खुलासा हुआ है. केंद्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती) की 1 अक्टूबर 2023 को हुई लिखित परीक्षा से जुड़े मामले में EOU ने श्रवण कुमार को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में उसने बताया कि सेटर नीरज के जरिए धनंजय कुमार को परीक्षा पास कराने की सेटिंग की गई थी. योजना के तहत दूसरे अभ्यर्थी की फोटो लगाकर परीक्षा दिलाने की तैयारी थी. नकल के लिए धनंजय को ब्लूटूथ डिवाइस भी दिया गया था. परीक्षा केंद्र पर फोटो और पहचान पत्र में अंतर मिलने के बाद धनंजय पकड़ा गया था.

Top Deals Inside

सिपाही भर्ती परीक्षा कांड में बड़ा खुलासा, 9 लाख में पास कराने की थी सेटिंगZoom

EOU के अनुसार, धनंजय को परीक्षा में नकल करने के लिए नीरज के माध्यम से ब्लूटूथ डिवाइस उपलब्ध कराया गया था.

पटना. बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा पास कराने के लिए 9 लाख रुपये में सेटिंग किए जाने का खुलासा हुआ है. केंद्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती) बिहार की ओर से 1 अक्टूबर 2023 को आयोजित सिपाही भर्ती लिखित परीक्षा से जुड़े कांड में EOU ने श्रवण कुमार को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में श्रवण ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने जान-पहचान के सेटर नीरज के जरिए धनंजय कुमार को परीक्षा पास कराने के लिए 9 लाख रुपये में सेटिंग की थी.

EOU के अनुसार, श्रवण कुमार ने पूछताछ में बताया कि धनंजय कुमार को परीक्षा में पास कराने के लिए उसके एडमिट कार्ड पर दूसरे स्कॉलर की फोटो लगाई गई थी. योजना के मुताबिक दूसरे व्यक्ति को धनंजय की जगह परीक्षा में बैठना था. इसके लिए सेटर नीरज के माध्यम से पूरी व्यवस्था की गई थी. हालांकि, परीक्षा के दिन स्कॉलर के नहीं आने के कारण यह योजना आगे नहीं बढ़ सकी. इसके बाद धनंजय कुमार से श्रवण कुमार ने अपने मोबाइल के फोन-पे पर 20 हजार रुपये लिए. EOU के मुताबिक, इस रकम में से कुछ पैसे श्रवण ने नीरज को दिए, जबकि कुछ रकम अपने पास रख ली.

नकल के लिए दिया गया था ब्लूटूथ डिवाइस

बताया जा रहा है कि स्कॉलर के नहीं आने के बाद भी परीक्षा में धनंजय कुमार को नकल के जरिए पास कराने की कोशिश की गई. EOU के अनुसार, धनंजय को परीक्षा में नकल करने के लिए नीरज के माध्यम से ब्लूटूथ डिवाइस उपलब्ध कराया गया था. इसी डिवाइस के जरिए परीक्षा के दौरान नकल कराने की तैयारी थी. धनंजय कुमार को परीक्षा केंद्र पर ही पकड़ लिया गया था. उसके प्रवेश पत्र पर लगी फोटो का उसके आधार कार्ड और चेहरे से मिलान नहीं हो रहा था. इसके अलावा उसके पास परीक्षा में ब्लूटूथ के माध्यम से नकल करने के लिए उपकरण भी बरामद किया गया था.

सिगौरी थाना क्षेत्र से श्रवण गिरफ्तार

इस मामले की जांच कर रही EOU की टीम ने श्रवण कुमार को पटना जिले के सिगौरी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद उससे परीक्षा कांड और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान श्रवण ने मामले में अपनी भूमिका स्वीकार की और सेटर नीरज के साथ हुई सेटिंग समेत कई अहम जानकारियां जांच एजेंसी को दीं. EOU अब उसके बयानों के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

न्यायिक हिरासत में भेजा गया

पूछताछ पूरी होने के बाद EOU ने गिरफ्तार आरोपी श्रवण कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. जांच एजेंसी अब 9 लाख रुपये की सेटिंग, सेटर नीरज और परीक्षा में इस्तेमाल किए गए ब्लूटूथ डिवाइस से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है. यह मामला 1 अक्टूबर 2023 को आयोजित केंद्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती) की लिखित परीक्षा से जुड़ा है. EOU की जांच में परीक्षा पास कराने के लिए अभ्यर्थी और सेटर के बीच कथित तौर पर पैसे की डील, दूसरे स्कॉलर की फोटो के इस्तेमाल और ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल कराने की कोशिश सामने आई है.



Source link