Nana Patekar Education Qualification: फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर से सिनेमा जगत में शोक की लहर है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 75 वर्षीय नाना पाटेकर को गोवा स्थित उनके घर पर बेहोशी की हालत में पाया गया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था. बता दें नाना पाटेकर ने अपने दमदार अभिनय से हिंदी और मराठी सिनेमा में खास पहचान बनाई, लेकिन फिल्मों में आने से पहले उन्होंने अपनी पढ़ाई कला के क्षेत्र में ही की थी.
मुंबई में हुई शुरुआती पढ़ाई
नाना पाटेकर का बचपन और शुरुआती पढ़ाई मुंबई में हुई. उन्होंने दादर वेस्ट स्थित समर्थ विद्यालय से स्कूली शिक्षा हासिल की. इसके बाद उन्होंने ‘बांद्रा स्कूल ऑफ आर्ट्स’ से पढ़ाई की, जिसे अब ‘एल.एस. रहेजा स्कूल ऑफ आर्ट’ के नाम से जाना जाता है. बचपन से ही उनका झुकाव कला की तरफ था और आगे की पढ़ाई में भी उन्होंने इसी फील्ड को चुना.
सर जे. जे. इंस्टीट्यूट से किया कमर्शियल आर्ट्स डिप्लोमा
स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद नाना पाटेकर ने मुंबई के मशहूर सर जे. जे. इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड आर्ट (Sir J.J. Institute of Applied Art) में दाखिला लिया. यहां उन्होंने Commercial Arts में Diploma किया. यही उनकी सबसे बड़ी ऑफिशियल एकेडमिक योग्यता मानी जाती है. यानी नाना पाटेकर की पढ़ाई किसी सामान्य डिग्री कोर्स के बजाय आर्ट्स और क्रिएटिव फील्ड से जुड़ी रही.
पढ़ाई ने करियर को भी दिया नया रास्ता
कमर्शियल आर्ट्स (Commercial Arts) की पढ़ाई का असर उनके शुरुआती करियर पर भी दिखाई दिया. पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कमर्शियल आर्टिस्ट और विजुअलाइजर के तौर पर काम किया. बताया जाता है कि उन्होंने फिल्मों के पोस्टर पेंट करने का काम भी किया था. कला की इसी समझ ने आगे चलकर उनके अभिनय और पर्दे पर किरदारों को निभाने के अंदाज को भी प्रभावित किया.
थिएटर से फिल्मों तक बनाया खास मुकाम
आर्ट्स की पढ़ाई और शुरुआती काम के बाद नाना पाटेकर थिएटर और फिर फिल्मों की दुनिया में पहुंचे. साल 1978 में उन्होंने फिल्म ‘गमन’ से सिनेमा में कदम रखा. इसके बाद ‘परिंदा’, ‘प्रहार’, ‘क्रांतिवीर’, ‘तिरंगा’, ‘खामोशी’ और ‘अब तक छप्पन’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को खूब पसंद किया गया.
नाना पाटेकर सिर्फ हिंदी फिल्मों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि मराठी सिनेमा और थिएटर में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई. हाल के वर्षों में वह ‘हाउसफुल 5’ जैसी फिल्मों में नजर आए. उनकी पढ़ाई भले ही अभिनय से सीधे जुड़ी न रही हो, लेकिन आर्ट्स की मजबूत नींव ने उनके करियर को एक अलग दिशा देने में जरूर मदद की.