नई दिल्ली. यूके07 राइडर यानी यूट्यूबर अनुराग डोभाल एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. देहरादून में अपनी पत्नी के कजिन राज सिंह चौहान से कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने अनुराग समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. इस बार मामला सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है. क्योंकि अब उनकी पत्नी रितिका के बयान ने इस मामले को और भी गंभीर बना दिया है. सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर पति पर पुराने आरोप लगाए हैं और दावा किया है कि उन्हें और उनके परिवार को फिर से निशाना बनाए जाने का डर है.
सोशल मीडिया पर लगाए गंभीर आरोप
रितिका चौहान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने भाई राज सिंह चौहान के साथ हुई कथित घटना को लेकर अनुराग पर गंभीर आरोप लगाए. उनका दावा है कि अनुराग उनके भाई के शूट से लौटते वक्त उसके काम की जगह पर पहुंचे और कई लोगों के साथ मिलकर उसे गाड़ी में बैठाया और मारपीट की.
पत्नी रितिका ने खोला पति के खिलाफ मोर्चा
‘मुझे और मेरे परिवार को फिर निशाना बनाएगा’
रितिका ने आगे अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें डर है कि अनुराग दोबारा उन पर, उनकी मां या उनके भाई पर हमला करने की कोशिश कर सकते हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके बच्चे को उनसे दूर करने की कोशिश की जा सकती है ताकि उनकी आवाज दब जाए. रितिका ने अनुराग के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने कहा है कि उन्हें और उनके साथ मौजूद लोगों पर पहले हमला किया गया था. रितिका ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में सवाल किया कि अगर अनुराग पर पहले हमला हुआ था तो उनके शरीर पर कथित तौर पर वैसी चोटें क्यों नजर नहीं आ रही थीं.
राज सिंह ने लगाए मारपीट के गंभीर आरोप
मामले की शुरुआत राज सिंह चौहान की शिकायत से हुई. पुलिस को दी गई शिकायत में राज ने आरोप लगाया कि अनुराग ने उनका गला पकड़ने और मोबाइल फोन लेने की कोशिश की. शिकायत के मुताबिक, उनसे फोन का पासवर्ड मांगा गया और कथित तौर पर फोन तक पहुंच नहीं होने के बाद उनके साथ मारपीट की गई. राज ने यह भी आरोप लगाया कि अनुराग के साथ मौजूद लोगों ने उन्हें कार में सीट के नीचे डाल दिया और लोहे की रॉड से सिर, छाती और चेहरे पर हमला किया. उन्होंने मीडिया के सामने कथित चोटों और काटने के निशान भी दिखाए. इन आरोपों की जांच फिलहाल पुलिस कर रही है.
पुलिस ने बताया पूरा मामला
देहरादून पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10 बजे नेहरू कॉलोनी पुलिस स्टेशन को हरिद्वार बाईपास रोड पर नेक्सा शोरूम के पास युवकों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची तो अनुराग डोभाल और उनके साथियों को राज सिंह चौहान के साथ कथित तौर पर मारपीट करते पाया गया. स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस दोनों पक्षों को बाईपास पुलिस चौकी ले गई. एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल के मुताबिक, चौकी में बातचीत के दौरान अनुराग, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान ने कथित तौर पर फिर राज के साथ मारपीट की कोशिश की. इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और चारों को BNSS की धारा 170 के तहत हिरासत में लिया गया. राज को मेडिकल जांच के लिए दून अस्पताल भेजा गया.
अनुराग के खिलाफ केस दर्ज, जांच जारी
राज सिंह चौहान की शिकायत के आधार पर नेहरू कॉलोनी थाने में अनुराग डोभाल और तीन अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. रिपोर्ट्स में मारपीट, रास्ता रोकने, धमकी और गंभीर हमले से जुड़े आरोपों का जिक्र है. पुलिस ने साफ किया है कि मामले की जांच जारी है और घटना की पूरी तस्वीर जांच के बाद ही सामने आएगी.
मार्च 2026 में खत्म करनी चाही थी जिंदगी
आपको बता दें कि इसी साल मार्च में अनुराग डोभाल ने लाइव सुसाइड करने की कोशिश की थी. सुसाइड से पहले उन्होंने दावा किया था कि उनके अपने परिवार वाले उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं. रितिका तब प्रेग्नेंट थीं और जल्द मां बनने वाली थीं. वहीं, अनुराग और रितिका के बीच भी रिश्ते ठीक नहीं चल रहे हैं. दोनों बच्चे को होने के बाद साथ नजर आए थे, लेकिन फिर अनुराग ने पत्नी पर एक्ट्रा मेरिटल अफेयर के आरोप लगाए थे.