IIIT Delhi Placements 2026: इंजीनियरिंग में एडमिशन लेने से पहले ज्यादातर छात्र यही जानना चाहते हैं कि किस कॉलेज से पढ़ाई करने पर अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी मिल सकती है. हालांकि, अक्सर इस मामले में IIT और NIT का नाम सबसे पहले आता है, लेकिन दिल्ली का एक ऐसा इंस्टीट्यूट भी है, जो अपने शानदार प्लेसमेंट के कारण चर्चा में है. यहां B.Tech के एक छात्र को 1.22 करोड़ रुपये से ज्यादा का सालाना पैकेज मिला है. इसके अलावा, इंस्टीट्यूट के कई कोर्स में प्लेसमेंट के आंकड़े भी अच्छे रहे हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि दिल्ली का वो कौन सा इंस्टीट्यूट है और उसके प्लेसमेंट आंकड़े क्या कहते हैं.
IIIT दिल्ली के B.Tech छात्र को मिला 1.22 करोड़ का पैकेज
इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) दिल्ली के B.Tech प्लेसमेंट 2026 में सबसे ज्यादा सालाना पैकेज 122.76 लाख रुपये यानी करीब 1.22 करोड़ रुपये रहा. इंस्टीट्यूट की ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के अनुसार, M.Tech के लिए सबसे ज्यादा पैकेज 38.38 लाख रुपये सालाना दर्ज किया गया. वहीं, फॉरेन प्लेसमेंट में सबसे ज्यादा पैकेज 48.65 लाख रुपये रहा.
प्लेसमेंट के दौरान B.Tech छात्रों को अलग-अलग कैटेगरी में ऑफर मिले है. इनमें 372 A+ ऑफर शामिल थे, जिनका सालाना CTC 12.50 लाख रुपये था. इसके अलावा, 222 A कैटेगरी के ऑफर मिले, जिनका CTC 7 लाख रुपये से ज्यादा और 12 लाख रुपये से कम था. वहीं, 88 B कैटेगरी के ऑफर ऐसे थे, जिनका CTC 7 लाख रुपये से कम था. इनमें से 60 ऑफर बाद में A या A+ कैटेगरी में अपग्रेड हो गए.
IIIT दिल्ली प्लेसमेंट 2026 के आंकड़े
IIIT दिल्ली के प्लेसमेंट आंकड़ों के अनुसार, इस साल कुल 868 ऑफर दर्ज किए गए. इनमें 682 फुल टाइम जॉब ऑफर और 186 समर इंटर्नशिप ऑफर शामिल थे. वहीं, B.Tech छात्रों का एवरेज सालाना सैलरी पैकेज 20.77 लाख रुपये रहा, जबकि M.Tech छात्रों का एवरेज पैकेज 17.05 लाख रुपये दर्ज किया गया. इसके अलावा, इंस्टीट्यूट का कुल एवरेज पैकेज 19.59 लाख रुपये रहा.
प्लेसमेंट के दौरान छात्रों को भारत और विदेश, दोनों जगह नौकरी के ऑफर मिले. आंकड़ों में 679 इंडियन ऑफर और 2 फॉरेन ऑफर दर्ज किए गए. हालांकि, इन ऑफरों की संख्या और कुल प्लेसमेंट ऑफरों की संख्या में अंतर है, क्योंकि प्लेसमेंट के आंकड़ों में अलग-अलग तरह के ऑफर शामिल हो सकते हैं.
किस B.Tech ब्रांच में कितना रहा प्लेसमेंट?
दरअसल, IIIT दिल्ली में अलग-अलग B.Tech ब्रांच के प्लेसमेंट प्रतिशत में अंतर देखने को मिला. कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) में सबसे ज्यादा 98.26 फीसदी छात्रों को प्लेसमेंट मिला. वहीं, CSAM में 94.55 फीसदी और CSSS में 92.68 फीसदी छात्रों को नौकरी के ऑफर मिले.
इसके अलावा, CSAI ब्रांच में प्लेसमेंट प्रतिशत 92 फीसदी और CSB में 91.11 फीसदी रहा. EVE में 87.50 फीसदी छात्रों को प्लेसमेंट मिला, जबकि ECE में यह आंकड़ा 69.70 फीसदी दर्ज किया गया. इन आंकड़ों से पता चलता है कि इंस्टीट्यूट में कंप्यूटर साइंस से जुड़ी कई ब्रांच का प्लेसमेंट प्रदर्शन बेहतर रहा.
IIT और NIT के अलावा IIIT दिल्ली भी क्यों है खास?
इंजीनियरिंग कॉलेज चुनते समय केवल सबसे ज्यादा सैलरी पैकेज को देखना काफी नहीं है. छात्रों को एवरेज पैकेज, प्लेसमेंट प्रतिशत, अपनी पसंद की ब्रांच, फीस और पढ़ाई के खर्च पर भी ध्यान देना चाहिए. किसी एक छात्र को करोड़ों का पैकेज मिलना यह नहीं बताता कि सभी छात्रों को इतनी ही सैलरी मिलेगी.
IIIT दिल्ली के प्लेसमेंट 2026 के आंकड़े बताते हैं कि यहां B.Tech के एक छात्र को 1.22 करोड़ रुपये से ज्यादा का पैकेज मिला, जबकि B.Tech का औसत पैकेज 20.77 लाख रुपये रहा. इसलिए इंजीनियरिंग में एडमिशन लेने की योजना बना रहे छात्रों के लिए यह इंस्टीट्यूट भी विचार करने लायक विकल्प हो सकता है. हालांकि, एडमिशन से पहले अपनी पसंद की ब्रांच और उससे जुड़े प्लेसमेंट के आंकड़ों की जांच जरूर करनी चाहिए.