Last Updated:
Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के सदरपुर गांव में ससुराल वालों ने बहू की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपित पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि घर में हर रोज खाना बनाने को लेकर विवाद होता रहता था.
गाजियाबाद में ससुरालवालों ने कर दी बहू की हत्या.
गाजियाबादः उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक और घर में खून का रिश्ता टूट गया. मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के सदरपुर गांव में पति, ससुर और सास ने मिलकर बहू की बेरहमी से हत्या कर दी. छोटी-छोटी बातों और खाना बनाने को लेकर रोजाना झगड़े होते थे. तंग आकर तीनों ने मिलकर उसके सिर पर लोहे की रॉड से वार किए और मारपीट कर जान से मार दिया.
मामला कैसे सामने आया?
बीते 5 अक्टूबर 2026 को अलीगढ़ जिले के जलालपुर गांव (थाना पिसावा) के रहने वाले राहुल राठी ने मधुबन बापूधाम थाने में पहुंचकर लिखित तहरीर दी. उन्होंने बताया कि उनकी बहन रेनू की हत्या उसके पति अरुण कुमार, ससुर विनोद कुमार और सास रोहताशी ने मिलकर की है. तीनों ने लोहे की रॉड से मारपीट कर जान से मार दिया. तहरीर के आधार पर थाने में मुकदमा संख्या 312/26 धारा 85/103(1) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया.
कौन-कौन हुआ गिरफ्तार
उच्चाधिकारियों के आदेश पर विशेष टीम गठित की गई. टीम ने चेकिंग के दौरान बुनकर मार्ट पुलिस चौकी मधुबन बापूधाम क्षेत्र के पास सड़क से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी अरुण कुमार (पति) पुत्र विनोद कुमार, उम्र 38 वर्ष, विनोद कुमार (ससुर) पुत्र प्रीतम सिंह, उम्र 58 वर्ष, श्रीमती रोहताशी (सास) पत्नी विनोद कुमार, उम्र करीब 55 वर्ष है. तीनों ग्राम सदरपुर, थाना मधुबन बापूधाम, कमिश्नरेट गाजियाबाद के रहने वाले हैं.
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में एक स्वर में बताया कि रेनू रोजाना छोटी-छोटी बातों और खाना बनाने को लेकर विवाद करती रहती थी. घर में रोज कलह होता था. तंग और परेशान होकर तीनों ने मिलकर उसके सिर पर लोहे की रॉड मारी और मारपीट कर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है. तीनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है. गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर लिया.