Last Updated:
Zepto job scam : जालसाज सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए नौकरी तलाश रहे युवाओं को शिकार बना रहे हैं. वे जेप्टो के नाम से फर्जी ऑफर लेटर सोशल मीडिया या ई-मेल के जरिए भेजते हैं. जो इनके झांसे में आ जाता है फिर उनसे रजिस्ट्रेशन फीस या प्रोसेसिंग चार्ज के नाम पर पैसे लेकर चंपत हो जाते हैं.
कंपनी ने किसी बाहरी कंसल्टेंट या एजेंसी को नौकरी के बदले पैसे वसूलने के लिए अधिकृत नहीं किया है.
नई दिल्ली. अगर आपके पास भी बिना किसी इंटरव्यू के जेप्टो (Zepto) का जॉब ऑफर आया है तो खुश मत होइये. ये आपके फायदे वाली बात बिल्कुल नहीं है, बल्कि आपको लूटने के लिए बिछाया गया जाल है. जेप्टो लिमिटेड ने खुद यह खुलासा किया है. कंपनी ने तो इस फर्जीवाड़े से लोगों को बचाने के लिए बकायदा पब्लिक नोटिस जारी किया है. कंपनी का कहना है कि कुछ धोखेबाज और फर्जी एजेंसियां जेप्टो का नाम लेकर फुल-टाइम, डिलीवरी पार्टनर, वेयरहाउस और कॉल सेंटर की फुल टाइम और पार्ट टाइम नौकरी का झांसा देकर लोगों को ठग रहे हैं.
जेप्टो ने इंस्टाग्राम पर नोटिस जारी कर इस पूरे फर्जीवाड़े के बारे में बताया है. पोस्ट में बताया है कि जालसाज सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए नौकरी तलाश रहे युवाओं को शिकार बना रहे हैं. Gmail, Yahoo जैसे निजी डोमेन या WhatsApp और Telegram जैसे मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए फर्जी ऑफर लेटर भेजते हैं. फिर रजिस्ट्रेशन फीस, प्रोसेसिंग चार्ज, ‘यूनिफॉर्म किट या रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर पैसे ले रहे हैं.
Zepto नहीं लेता कोई फीस
Zepto ने अपने पब्लिक नोटिस में स्पष्ट किया है कि कंपनी या उसकी सहायक संस्थाएं भर्ती प्रक्रिया के किसी भी चरण में उम्मीदवारों से एक भी रुपया नहीं लेती हैं. कंपनी ने किसी बाहरी कंसल्टेंट या एजेंसी को नौकरी के बदले पैसे वसूलने के लिए अधिकृत नहीं किया है. जेप्टो ने कहा है कि कंपनी की सभी भर्तियों और जॉब ऑफर्स की जानकारी केवल आधिकारिक करियर पोर्टल या @zepto.com वाले आधिकारिक ईमेल एड्रेस से ही भेजी जाती है. कंपनी ने कहा है कि यदि कोई Zepto के नाम पर पैसे मांगता है, तो उसे कोई भुगतान न करें और न ही बैंक डिटेल्स या व्यक्तिगत दस्तावेज साझा करें.
यहां करें शिकायत?
जेप्टो ने साफ किया है कि फर्जीवाड़े में शामिल किसी भी धोखेबाज के साथ लेनदेन करने पर हुए नुकसान के लिए कंपनी जिम्मेदार नहीं होगी. कंपनी ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध मैसेज या पैसे की मांग की सूचना तुरंत कंपनी की लीगल टीम को legal@zepto.com पर दें. यदि आप ऐसी किसी ठगी के शिकार हो चुके हैं, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराएं या साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें.