Last Updated:
BSP MLA Umashankar Singh: बसपा के दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह की कंपनी से आयकर विभाग 400 करोड़ रुपये की वसूली की तैयारी कर रही है. इसी साल फरवरी के महीने में हुई छापेमारी के बाद आयकर विभाग की टीम ने एक स्पेशल रिपोर्ट तैयार की है, जिसमें उमाशंकर सिंह की कंपनी द्वारा अवैध खनन किए जाने और उससे सरकार के राजस्व को हुए नुकसान का जिक्र किया गया है.
दिवंगत बसपा विधायक उमाशंकर सिंह की कंपनियों से आयकर विभाग वसूलेगा 400 करोड़ रुपये.
लखनऊः दिवंगत बसपा विधायक उमाशंकर सिंह की कंपनियों से 400 करोड़ रुपए का इनकम टैक्स वसूलने की तैयारी की जा रही है. सूत्रों के मुताबिक फरवरी में उनके ठिकानों पर मारे गए छापे में टैक्स चोरी के सबूत मिले थे. इसके बाद इनकम टैक्स की इन्वेस्टिगेशन विंग ने एक रिपोर्ट तैयार की है. रिपोर्ट को अंतिम रूप देने के लिए आयकर मुख्यालय नई दिल्ली भेजा जाएगा. सूत्रों के मुताबिक उमाशंकर सिंह से जुड़ी कंपनियों द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध खनन करने की पुष्टि हुई है. राज्य सरकार के करोड़ों रुपए के राजस्व की हानि और आयकर विभाग को मिलने वाले इनकम टैक्स की हानि की बात भी सामने आई है.
बीते 6 अगस्त को उमाशंकर सिंह का हुआ था निधन
बलिया की रसड़ा सीट से विधायक उमाशंकर सिंह का 6 अगस्त 2026 को निधन हो गया था. इससे पहले फरवरी में इनकम टैक्स ने उनके लखनऊ, बलिया, सोनभद्र ,मिर्जापुर, प्रयागराज, कौशांबी के 30 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की थी. छापेमारी में अवैध खनन और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों के साथ 10 करोड़ रुपए भी बरामद हुए थे. ये छापे उनकी कंपनी छात्र शक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी और साईं राम इंटरप्राइजेज के नाम से सड़क और खनन से जुड़े कार्य करने वाली कंपनियों पर पड़े थे. इनकम टैक्स में मिर्जापुर और सोनभद्र में ड्रोन और सैटलाइट इमेजिंग के जरिए भी अवैध खनन के सबूत जुटाए थे.
सोनभद्र में अवैध खनन से सरकार को 60 करोड़ का हुआ था नुकसान
सीएजी रिपोर्ट में सोनभद्र में अवैध खनन से करीब 60 करोड़ रुपए के राजस्व की हानि का ज़िक्र था, जिसके बाद इनकम टैक्स ने कार्रवाई की थी. सूत्रों के मुताबिक इनकम टैक्स की रिपोर्ट में खनन विभाग के कई अफसरों की भूमिका का भी जिक्र है. अब इनकम टैक्स मुख्यालय उमाशंकर सिंह की कंपनियों पर टैक्स चोरी की रकम तय करेगी. इस दौरान कंपनी संचालकों को अपना पक्ष रखने का मौका भी मिलेगा.