सिर्फ मोबाइल नेटवर्क नहीं, पूरा डिजिटल इंडिया बना रहा Jio, 799 रुपये के फोन से AI तक क्या है बड़ा प्लान?

सिर्फ मोबाइल नेटवर्क नहीं, पूरा डिजिटल इंडिया बना रहा Jio, 799 रुपये के फोन से AI तक क्या है बड़ा प्लान?


एक दशक पहले Reliance Jio का काम सीधा था. सस्ता और तेज इंटरनेट देश के करोड़ों लोगों तक पहुंचाना. Jio ने मोबाइल डेटा की कीमत और इस्तेमाल, दोनों को बदल दिया. अब कंपनी का लक्ष्य इससे कहीं बड़ा है. Jio सिर्फ भारत को जोड़ने वाला मोबाइल नेटवर्क नहीं बनना चाहता. कंपनी 5G, ब्रॉडबैंड, डिवाइस, ऑपरेटिंग सिस्टम, क्लाउड, इंटरनेट ऑफ थिंग्स यानी IoT और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI तक अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है. यानी Jio उस पूरे डिजिटल सिस्टम को अपने हाथ में लेने की कोशिश कर रहा है, जिस पर आने वाले समय का भारत चलेगा.

Jio Platforms के 52.44 करोड़ ग्राहक इस पूरे मॉडल की सबसे बड़ी ताकत हैं. कंपनी का नेटवर्क इन ग्राहकों को जोड़ता है. डिवाइस उन्हें डिजिटल दुनिया तक पहुंचाते हैं. क्लाउड कंप्यूटिंग की ताकत देता है और AI इन सेवाओं को ज्यादा स्मार्ट बनाता है.

Jio Platforms ने 19 जून 2026 को सेबी के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस यानी DRHP दाखिल किया था. इस दस्तावेज में कंपनी की भविष्य की रणनीति की काफी जानकारी मिलती है. कंपनी अब सिर्फ टेलीकॉम ऑपरेटर नहीं रहना चाहती. वह खुद को एक टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार कर रही है.

वायरलेस डेटा ट्रैफिक का करीब 60% हिस्सा Jio का

  1. Jio के पूरे डिजिटल ढांचे की शुरुआत अभी भी टेलीकॉम नेटवर्क से होती है. 31 मार्च 2026 तक Jio के पास 26.85 करोड़ 5G ग्राहक थे.
  2. कंपनी ने भारत का पहला स्टैंडअलोन 5G नेटवर्क तैयार किया है. स्टैंडअलोन 5G का मतलब सिर्फ पुराने 4G नेटवर्क के ऊपर 5G जोड़ना नहीं है. इसमें पूरा नेटवर्क आर्किटेक्चर 5G के हिसाब से बनाया जाता है. इससे नेटवर्क स्लाइसिंग, प्राइवेट 5G और बड़े पैमाने पर मशीनों को आपस में जोड़ने जैसी सुविधाएं संभव होती हैं.
  3. वित्त वर्ष 2026 में भारत के वायरलेस डेटा ट्रैफिक का करीब 60% हिस्सा Jio के नेटवर्क से गुजरा. मार्च तिमाही में Jio के एक ग्राहक ने औसतन हर महीने 42.3 GB डेटा इस्तेमाल किया. कंपनी के मुताबिक चीन को छोड़कर दुनिया का कोई दूसरा मोबाइल ऑपरेटर इतना मोबाइल डेटा नहीं संभाल रहा था.

नेटवर्क से आगे बढ़कर प्लेटफॉर्म

Jio की अगली कोशिश है कि इंटरनेट कनेक्शन सिर्फ कॉल और डेटा तक सीमित न रहे. 31 मार्च 2026 तक Jio के 2.71 करोड़ होम ब्रॉडबैंड ग्राहक थे. वित्त वर्ष 2026 में भारत में फिक्स्ड ब्रॉडबैंड के नए कनेक्शनों में Jio की हिस्सेदारी 67.56% रही.

JioFiber और JioAirFiber के जरिए कंपनी घरों तक इंटरनेट पहुंचा रही है. लेकिन इंटरनेट कनेक्शन लगने के बाद असली खेल शुरू होता है. उसी कनेक्शन के जरिए टीवी, म्यूजिक, क्लाउड स्टोरेज, गेमिंग, घर की निगरानी, स्मार्ट उपकरण और AI असिस्टेंट जैसी सेवाएं दी जा सकती हैं. यानी ब्रॉडबैंड अब सिर्फ इंटरनेट का मासिक बिल नहीं रहेगा. यह पूरे डिजिटल सिस्टम का दरवाजा बन सकता है.

टीवी ही बन सकता है कंप्यूटर

JioCloud PC इसका एक उदाहरण है. इसका विचार काफी आसान है. ग्राहक को महंगा कंप्यूटर खरीदने की जरूरत न पड़े. कंप्यूटर के सॉफ्टवेयर और डेटा क्लाउड में रहें और उन्हें घर के कनेक्टेड टीवी से इस्तेमाल किया जा सके.

क्लाउड गेमिंग भी इसी तरह काम करता है. गेम चलाने के लिए जरूरी भारी कंप्यूटिंग दूर मौजूद डेटा सेंटर में होती है. ग्राहक अपने घर की स्क्रीन पर गेम खेलता है. यानी भविष्य में ग्राहक को हर चीज का हार्डवेयर खरीदने की जरूरत कम हो सकती है. वह कंप्यूटिंग को एक सेवा की तरह इस्तेमाल कर सकता है. Jio के लिए इसका मतलब है कि उसके नेटवर्क के ऊपर एक और कमाई और सेवा की परत जुड़ सकती है.

जहां फाइबर नहीं पहुंचेगा, वहां सैटेलाइट

Jio की योजना सिर्फ शहरों और बड़े कस्बों तक सीमित नहीं है. JioSpaceFiber के जरिए कंपनी दूरदराज के इलाकों में सैटेलाइट ब्रॉडबैंड पहुंचाना चाहती है. DRHP में Jio स्‍पेस टेक्‍नोलॉजी ल‍िम‍िटेड का भी जिक्र है. यह एक वैश्विक कंपनी के साथ सैटेलाइट जॉइंट वेंचर है. अभी यह सेवा व्यावसायिक स्तर पर शुरू नहीं हुई है. लेकिन कंपनी की रणनीति साफ है.

जहां फाइबर पहुंचाना आसान है, वहां फाइबर काम आएगा. जहां फाइबर बिछाने में समय लगेगा, वहां फिक्स्ड वायरलेस का इस्तेमाल हो सकता है. और जहां जमीन के रास्ते नेटवर्क पहुंचाना मुश्किल होगा, वहां सैटेलाइट मदद कर सकता है. मकसद एक ही है क‍ि ज्यादा से ज्यादा लोगों और कारोबारों को डिजिटल नेटवर्क से जोड़ना.

799 रुपये का फोन भी स्‍ट्रेटजी का हिस्सा

Jio का डिजिटल विस्तार सिर्फ महंगी और नई तकनीक तक सीमित नहीं है. कंपनी का 799 रुपये का JioBharat फोन भी इसी रणनीति का हिस्सा है. यह उन लोगों के लिए बनाया गया है जो अभी भी सामान्य फीचर फोन इस्तेमाल करते हैं. इसमें लाइव टीवी, JioPay के जरिए UPI भुगतान, कैमरा, HD वॉयस और 23 भाषाओं का सपोर्ट मिलता है. इसकी अहमियत सिर्फ फोन की कीमत तक सीमित नहीं है. भारत में डिजिटल अंतर अब सिर्फ नेटवर्क की उपलब्धता का नहीं है. कीमत और डिवाइस भी बड़ी वजह हैं.

किसी व्यक्ति के पास इंटरनेट नेटवर्क हो सकता है, लेकिन अगर स्मार्टफोन महंगा है तो वह डिजिटल अर्थव्यवस्था से पूरी तरह नहीं जुड़ पाएगा. Jio इसी वजह से अलग-अलग कीमत और जरूरत के हिसाब से कई रास्ते बना रहा है. JioBharat से लेकर JioBook, JioOS, Jio Set-Top Box, MyJio और क्लाउड सेवाओं तक कंपनी डिजिटल पहुंच के कई हिस्सों को अपने सिस्टम में जोड़ रही है.

अब कारोबारियों को भी जोड़ रहा Jio

  • Jio का यह मॉडल सिर्फ आम ग्राहकों के लिए नहीं है. कंपनी कारोबारियों के लिए भी प्राइवेट 5G, क्लाउड और IoT जैसी सेवाएं दे रही है. प्राइवेट 5G से किसी फैक्ट्री या कंपनी को अपना अलग 5G नेटवर्क मिल सकता है. इसका इस्तेमाल ऐसे कामों में हो सकता है जहां तेज स्पीड, कम देरी और ज्यादा सुरक्षा जरूरी है.
  • Jio का Private 5G-in-a-Box इसी दिशा में बनाया गया है. इसके जरिए कंपनी प्राइवेट 5G नेटवर्क लगाना आसान बनाना चाहती है. JioThings के जरिए कंपनी IoT यानी मशीनों और उपकरणों को इंटरनेट से जोड़ने पर काम कर रही है. इसके इस्तेमाल में स्मार्ट बिजली मीटर और स्मार्ट स्ट्रीट लाइट जैसे उदाहरण शामिल हैं.
  • इसके अलावा Jio कारोबारियों को क्लाउड, यूनिफाइड कम्युनिकेशन, मैनेज्ड Wi-Fi, साइबर सुरक्षा, एंटरप्राइज ब्रॉडबैंड और दूसरी IT सेवाएं भी दे रहा है. यानी फैक्ट्री में मशीनें हों या ऑफिस में कर्मचारी, Jio उन्हें एक ही डिजिटल ढांचे से जोड़ने की कोशिश कर रहा है.

अब इस पूरे नेटवर्क में AI की एंट्री

अगर नेटवर्क इस पूरे डिजिटल सिस्टम की नींव है, तो AI उसकी बुद्धिमान परत बन रहा है. Jio का JioBrain आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग प्लेटफॉर्म है. इसका इस्तेमाल अनुमान लगाने, नेटवर्क में गड़बड़ी पहचानने और नेटवर्क को अपने आप चलाने जैसी तकनीकों में किया जा सकता है.

भविष्य में ऐसा नेटवर्क संभव है जो खुद किसी समस्या को पहचान सके. उसका कारण समझ सके. और कुछ मामलों में उसे ठीक भी कर सके. Jio के लिए यह इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि नेटवर्क जितना बड़ा होगा, उसे इंसानों के जरिए हर समय संभालना उतना ही मुश्किल होगा. AI और ऑटोमेशन से नेटवर्क को पहले से समस्या का पता लगाने और उसके हिसाब से काम करने में मदद मिल सकती है.

AI का इस्तेमाल सिर्फ नेटवर्क में नहीं होगा.

Jio ने Google के साथ साझेदारी कर पात्र अनल‍िम‍िटेड 5G ग्राहकों को Google AI Pro की सुविधा देने की पहल भी की है. इसके अलावा Reliance एंटरप्राइज इंटेल‍िजेंस भी कारोबारों के लिए AI से जुड़ी एक पहल है.

कमाई भी तेजी से बढ़ी

Jio का डिजिटल विस्तार सिर्फ भविष्य की कहानी नहीं है. इसके आंकड़ों में भी इसका असर दिखाई देता है. Jio Platforms का राजस्व फाइनेंश‍ियल ईयर 2024 में 1,09,558 करोड़ था. 2026 में यह बढ़कर 1,46,885 करोड़ हो गया. इस दौरान कंपनी की सालाना औसत वृद्धि करीब 15.8% रही.

फाइनेंश‍ियल ईयर 2026 में कंपनी का EBITDA यानी ब्याज, टैक्स और अमोर्टाइजेशन से पहले की कमाई 76,255 करोड़ रही. EBITDA मार्जिन 51.91% था. कंपनी का मुनाफा ₹30,049 करोड़ रहा.

इस दौरान नेटवर्क चलाने का खर्च भी कम हुआ. कुल आय में नेटवर्क ऑपरेटिंग खर्च की हिस्सेदारी वित्त वर्ष 2024 के 27.54% से घटकर वित्त वर्ष 2026 में 23.03% हो गई. कंपनी का नेट लीवरेज भी 0.88 गुना से घटकर 0.36 गुना हो गया.

अगला प्‍लान है क्‍या?

Jio की पूरी रणनीति को एक लाइन में समझें तो यह सिर्फ मोबाइल नेटवर्क बनाने की कहानी नहीं है. कंपनी चाहती है कि ग्राहक को नेटवर्क, फोन, टीवी, क्लाउड, ऐप, AI और डिजिटल सेवाएं एक ही इकोसिस्टम में मिलें.आज इंटरनेट कनेक्शन से शुरुआत होती है. कल उसी कनेक्शन से घर का टीवी, स्मार्ट मीटर, कैमरा, गेमिंग, क्लाउड कंप्यूटर और AI असिस्टेंट जुड़ सकते हैं. कारोबारों में यही नेटवर्क मशीनों, कर्मचारियों, डेटा और AI सिस्टम को जोड़ सकता है. यानी Jio अब सिर्फ यह नहीं देख रहा कि भारत को इंटरनेट से कैसे जोड़ा जाए. उसकी बड़ी कोशिश यह है कि भारत के डिजिटल जीवन और कारोबार के ज्यादा से ज्यादा हिस्से उसी टेक्नोलॉजी स्टैक पर चलें.



Source link