Last Updated:
Premanand Maharaj News: करीब दो साल पहले एकांतिक वार्ता के वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम में आए प्रिंस लापता है. वह तब से घर नहीं लौटा है. वहीं उसके माता-पिता लगातार आश्रम आकर अपने बच्चे की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है.
प्रेमानंद महाराज के आश्रम से लापता हुआ प्रिंस.
मथुराः वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के केलि कुंज आश्रम से जुड़ा एक और मामला सामने आया है. अपने लापता बेटे प्रिंस की तलाश में मेरठ से वृंदावन पहुंचे माता-पिता ने आश्रम के बाहर धरना दिया. इसी दौरान उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप सामने आया है. पीड़ित दंपत्ति का आरोप है कि केलि कुंज से जुड़े कुछ सेवादारों और अनुयायियों ने उनके साथ मारपीट की. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को हिरासत में लिया गया, मामला करीब दो साल पुराना बताया जा रहा है. आखिर प्रिंस के साथ क्या हुआ और क्यों उसके माता-पिता आज भी उसे तलाशने के लिए दर-दर भटक रहे हैं.
दो साल से बेटे की तलाश में केली कुंज आ रहे मां-बाप
वृंदावन के केलि कुंज आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज से जुड़ी आस्था के चलते बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. लेकिन अब इसी आश्रम के बाहर मेरठ से आया एक दंपत्ति अपने बेटे की तलाश में धरने पर बैठा है. आंखों में बेटे के वापस लौटने की उम्मीद है और सवाल है कि आखिर उनका प्रिंस कहां है. परिजनों के मुताबिक, वे पिछले करीब दो साल से अपने बेटे को तलाश रहे हैं और इसी सिलसिले में आज एक बार फिर वृंदावन पहुंचे थे.
एकांतिक वार्ता में शामिल होने आया फिर बाहर नहीं निकला
पीड़ित पक्ष के मुताबिक, 10 मई 2024 को प्रिंस अपने परिजनों के साथ केलि कुंज में एकांतिक वार्ता में शामिल होने आया था. परिवार का आरोप है कि वार्ता समाप्त होने के बाद प्रिंस आश्रम से बाहर नहीं निकला. काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब उसका कोई पता नहीं चला, तो खोजबीन शुरू की गई. परिजनों का कहना है कि उसी दिन 112 और 1076 पर सूचना दी गई थी। उनका यह भी दावा है कि आश्रम की ओर से फोन करने की बात कही गई थी, लेकिन इसके बाद प्रिंस के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी.
प्रिंस का अबतक नहीं मिला कोई सुराग
बेटे के अचानक गायब होने के बाद परिवार ने उसकी तलाश जारी रखी. पीड़ितों के मुताबिक, 29 मई 2024 को इस मामले को लेकर शिकायती पत्र भी दिया गया था. समय गुजरता गया, लेकिन प्रिंस का कोई सुराग नहीं मिला. अब बेटे की खोज में मेरठ से वृंदावन पहुंचे माता-पिता ने केलि कुंज के बाहर धरना शुरू कर दिया. इसी दौरान उनके साथ कथित मारपीट की बात सामने आई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को हिरासत में ले लिया गया.
2024 को एकांतिक वार्ता में शामिल होने आया था प्रिंस
इस पूरे मामले में अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं. परिजनों का दावा है कि प्रिंस 10 मई 2024 को एकांतिक वार्ता में शामिल होने के बाद आश्रम से बाहर नहीं निकला, तो आखिर वह गया कहां? परिवार को उसके बारे में अब तक स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं मिल सकी? और आज धरने के दौरान विवाद की नौबत क्यों आई? आश्रम से अब तक कोई जवाब पीड़ित परिवार को क्यों नही दिया जा रहा और इस पीड़ित परिवार के साथ क्यों बदसलूकी की गई. सवाल काफी है लेकिन जबाब कब मिलेगा ये देखना होगा. करीब दो साल से अपने बेटे को खोज रहे मां-बाप की उम्मीद अभी खत्म नहीं हुई है. दोनों आज भी केलि कुंज के बाहर बैठे हैं और अपने प्रिंस की वापसी की आस लगाए हुए हैं. परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों और युवक के लापता होने की पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी.