Last Updated:
Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम में एक अतिथि शिक्षक की लोगों ने पेड़ से बांधकर पिटाई की है. परिजनों ने छात्रा पर पिटाई के आरोप लगाए हैं. पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसे जेल भेज दिया है. दूसरी तरफ शिक्षक की शिकायत पर पुलिस ने उन लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है, जिन्होंने शिक्षक के साथ मारपीट की है.
रतलाम में टीचर को पेड़ से बांधकर मारा
Ratlam News: शिक्षक का काम किसी भी बच्चे को पढ़ाना और आगे बढ़ाना होता है, लेकिन अगर शिक्षक पर ही छात्रा के साथ गंदी हरकत करने का आरोप लग जाए, तो क्या हो. अब मध्य प्रदेश के रतलाम से एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है, जहां शिक्षक पर एक छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप है. आरोप है कि शिक्षक छात्रा को खेत में बनी झोपड़ी में लेकर गया था. इसके बाद छात्रा के परिजनों ने शिक्षक को पकड़ लिया और पेड़ से बांधकर उसकी पिटाई कर दी.
लोगों ने पेड़ से बांधकर की पिटाई
टीचर को पेड़ से बांधकर पिटाई करने का वीडियो सामने आया है, जहां टीचर रो-रोकर लोगों से उसे छोड़ने की अपील करता रहा, लेकिन लोगों ने उसे बहुत ही ज्यादा मारा. बाद में कई लोगों ने उसकी जेब से मोबाइल और बाइक की चाबी भी निकाल ली.
बताया जा रहा है कि यह घटना 3 अक्टूबर की है. योगेंद्र जाटव नाम का व्यक्ति शासकीय प्राथमिक स्कूल में अतिथि शिक्षक है. वह अभी 21 साल का ही है और रतलाम के खारवाकला में किराए के मकान में रहता है. वह 3 अक्टूबर की सुबह अपने पहचान की एक लड़की से मिलने गया था, जिसके बाद कुछ लोगों ने उसे रोक लिया था. फिर उसके मारपीट की और गलत हरकत करने के आरोप लगाए.
पुलिस ने दर्ज कर लिया मामला
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं दूसरी ओर, शिक्षक की पिटाई के मामले में पुलिस ने उसके खिलाफ मारपीट करने वाले छात्रा के परिजनों पर भी एफआईआर दर्ज की है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
रतलाम के एडिशनल एसपी विवेक कुमार ने कहा कि परिजनों ने टीचर को नाबालिक लड़की के साथ गलत हरकत करते हुए पाया है. इसके बाद परिजनों ने उसके साथ मारपीट कर दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इस संबंध में कई लोगों से बातचीत भी कर रही है.