Last Updated:
Bihar News : बिहार की सियासत में JDU के अंदर चल रही खींचतान के बीच सोमवार को घटनाक्रम तेजी से बदला. अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद पर ललन सिंह के बयान के बाद JDU के बड़े नेता नीतीश कुमार के आवास पहुंचे. विजय कुमार चौधरी, अशोक चौधरी और संजय कुमार झा ने नीतीश कुमार से मुलाकात की.
अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद पर ललन सिंह के बयान के बाद JDU के बड़े नेता नीतीश कुमार के आवास पहुंचे. (फाइल फोटो)
पटना. बिहार की सियासत में सोमवार को जेडीयू के भीतर बैठकों और मुलाकातों का दौर तेज रहा. केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह के अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद पर दिए बयान के बाद पार्टी के अंदर की हलचल और बढ़ गई है. इसी बीच जेडीयू के बड़े नेताओं की नीतीश कुमार के साथ मुलाकात को अहम माना जा रहा है. दरअसल, ललन सिंह ने सोमवार को अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद पर खुलकर अपनी बात रखी. एक तरह से ललन सिंह ने अनंत सिंह की बातों का कुछ हदतक समर्थन भी किया. उन्होंने कहा कि ‘क्रिया हुई है तो प्रतिक्रिया भी होगी’ और यह भी माना कि अनंत सिंह के मामले में पार्टी की ओर से पहले पहल होनी चाहिए थी. ललन सिंह ने यह भी कहा कि उनकी अनंत सिंह से बात हुई है और अब वह सार्वजनिक तौर पर नीरज कुमार के खिलाफ बयान नहीं देंगे.
दिल्ली रवाना होते समय पटना एयरपोर्ट पर ललन सिंह ने कहा कि जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उनसे बात की थी, जिसके बाद उन्होंने अनंत सिंह से भी बातचीत की. अनंत सिंह ने पुराने घटनाक्रम और अपनी नाराजगी को लेकर कई शिकायतें सामने रखीं. ललन सिंह ने कहा कि पार्टी की बैठक में भी अनंत सिंह ने अपनी बात रखी थी. उन्होंने अनंत सिंह से पार्टी विरोधी बयान नहीं देने का आग्रह किया, जिस पर अनंत सिंह ने भरोसा दिया है.
नीतीश के आवास पर पहुंचे बड़े नेता
ललन सिंह के इस बयान के बाद जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं की नीतीश कुमार से मुलाकात को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई. पार्टी के प्रमुख चेहरे विजय कुमार चौधरी, अशोक चौधरी और संजय कुमार झा ने नीतीश कुमार से मुलाकात की. बैठक में पार्टी के मौजूदा राजनीतिक हालात और नेताओं के बीच बढ़े विवाद को लेकर चर्चा होने की बात सामने आई है.
यह घटनाक्रम ऐसे वक्त हुआ है जब पटना स्नातक सीट के एमएलसी चुनाव को लेकर जेडीयू के भीतर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद सुर्खियों में है. जेडीयू ने इस विवाद को सुलझाने की जिम्मेदारी ललन सिंह को दी थी. इससे पहले नीतीश कुमार भी ललन सिंह से उनके आवास पर मुलाकात कर चुके हैं. दोनों के बीच बंद कमरे में बातचीत हुई थी.
ललन सिंह बोले- दोनों हाथ से बजती है ताली
ललन सिंह ने विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि ताली एक हाथ से नहीं बजती. उनका कहना था कि जब अनंत सिंह के खिलाफ प्रचार हो रहा था, तब पार्टी को कार्रवाई करनी चाहिए थी. उन्होंने पार्टी स्तर पर हुई चूक का भी जिक्र किया. साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि अब बातचीत के जरिए मामले को शांत करने की कोशिश की जा रही है.
MLC चुनाव से जुड़ा है पूरा विवाद
दरअसल, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू ने नीरज कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है. वहीं मोकामा विधायक अनंत सिंह के रुख को लेकर पार्टी के अंदर विवाद खड़ा हुआ. इसी मामले को सुलझाने के लिए ललन सिंह को जिम्मेदारी दी गई. संजय झा ने भी इस विवाद को लेकर ललन सिंह की भूमिका का उल्लेख किया था. अब ललन सिंह के बयान के बाद नीतीश कुमार के साथ जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं की मुलाकात ने इस पूरे घटनाक्रम को और अहम बना दिया है. पार्टी के भीतर चल रही इस खींचतान के बीच सबकी नजर इस बात पर है कि नेतृत्व आने वाले दिनों में विवाद को किस तरह शांत करता है.