Last Updated:
अगर आपको 90 के दशक के हिंदी गाने पसंद हैं, तो आपने गाना ‘परी हूं मैं’ जरूर सुना होगा, जिसने सिंगर सुनीता राव को स्टार बना दिया था. उन्होंने कई यादगार गाने गाए थे, जिनमें से एक गाना उन्होंने फिल्म ‘खिलाड़ियों का खिलाड़ी’ के लिए रिकॉर्ड किया था, मगर गलती से किसी और को इस गाने का क्रेडिट मिला. वह गाना है- ‘इन द नाइट नो कंट्रोल.’ इसे रेखा और अक्षय कुमार पर फिल्माया गया था.
फिल्म ‘खिलाड़ियों का खिलाड़ी’ बड़ा पॉपुलर हुआ था. (फोटो साभार: YouTube/Videograb/Tips Official)
नई दिल्ली: सुनीता राव 90 के दशक की मशहूर सिंगर हैं. उन्हें लोग ‘परी हूं मैं’ जैसे हिट गाने की वजह से याद करते हैं. हालांकि, वे डांस और एक्टिंग के लिए भी मशहूर थीं. उन्होंने कॉलेज के दिनों में नाटकों में अभिनय किया था. उन्होंने बतौर सिंगर पहला गाना ‘सुनीता सेनोरिटा’ गाया था. उन्होंने 1991 में अपना हिंदी पॉप एल्बम ‘धुआं’ रिलीज किया, जिसके गाने ‘परी हूं मैं’ ने उन्हें स्टार बना दिया. सिंगर ने मंगलवार 6 अक्टूबर को प्लेबैक हिट ‘इन द नाइट, नो कंट्रोल’ को याद किया. साथ ही, उन्होंने इसके पीछे की दिलचस्प कहानी भी बताई.
पॉप गायिका सुनीता राव ने इंस्टाग्राम पर 1996 में आई उमेश मेहरा के निर्देशन में बनी फिल्म के रेखा और अक्षय के गाने का म्यूजिक वीडियो शेयर किया, जिसमें अभिनेत्री ने बताया कि यह गाना कई सालों तक गलती से किसी और सिंगर के नाम से क्रेडिट दिया गया था, बाद में उनके नाम से सही किया गया. सुनीता राव ने लिखा, ‘मेरे बॉलीवुड प्लेबैक इतिहास का एक हॉट हिस्सा.’
काफी मजेदार है गाना
सिंगर ने आगे लिखा, फिल्म ‘खिलाड़ियों के खिलाड़ी’ के गाना ‘इन द नाइट, नो कंट्रोल’ 90 के दशक में मेरे हिट गानों में से एक था लेकिन गलती से इसका क्रेडिट किसी और सिंगर को दिया गया था.’ उन्होंने बताया कि यह गाना उस समय ट्रेंड में था. सुनीता राव ने लिखा, ‘रेखा और अक्षय कुमार पर फिल्माया गया यह गाना टिप्स ने रिलीज किया था, जिसमें उस दौर के बेहतरीन कंपोजर अनु मलिक थे. उस समय दोनों एक्टर्स की केमिस्ट्री ने स्क्रीन पर धमाल मचा दिया था. शर्ली सिंह और उनकी एमआरएम म्यूजिक राइट्स कंपनी की कड़ी मेहनत से यह गलती सुधारी गई और अब क्रेडिट लाइन में मेरा नाम सही तरीके से लिखा गया है! शाबाश और धन्यवाद! यूट्यूब पर यह गाना देखें, यह काफी मजेदार है.’
(फोटो साभार: Instagram@senoritasuneeta)
गाने के साथ फिल्म भी हिट
‘खिलाड़ियों का खिलाड़ी’ में रवीना टंडन के अलावा पूर्व डब्ल्यूडब्ल्यूई रेसलर्स भी थे. फिल्म 1996 की 5वीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक थी. फिल्म की कहानी अक्षय के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने गुमशुदा भाई की तलाश में माया नाम की एक गैंगस्टर के गैंग से जुड़ जाता है. उसका भरोसा जीतने के लिए उसे अपनी शारीरिक ताकत साबित करनी होती है और एक रेसलिंग मैच में अपने प्रतिद्वंद्वी को हराना होता है.