Last Updated:
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ के सिनेमाघरों में आने के बाद फिल्म को लेकर विवाद थमने के बजाय बढ़ता गया. अब इसके मेकर्स ने फिल्म के खराब प्रदर्शन को लेकर नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी की टीम को लेकर बड़े दावे किए हैं. उनका कहना है कि फिल्म को दर्शकों तक पहुंचने से रोकने की कोशिश हुई. मेकर्स के आरोपों ने सवाल खड़े कर दिए हैं.
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ के मेकर्स ने बड़ा दावा किया है.
नई दिल्ली. अंजलि अरोड़ा की फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक कमाल नहीं दिखा पाई, लेकिन अब इसके फ्लॉप होने की वजह को लेकर एक बड़ा दावा सामने आया है. फिल्म के मेकर्स ने इशारा किया है कि कहानी सिर्फ कमजोर कलेक्शन तक सीमित नहीं है. उनका आरोप है कि रिलीज के दौरान फिल्म के खिलाफ ऐसा माहौल बनाया गया, जिसने दर्शकों तक इसकी पहुंच पर असर डाला. मामला अब इतना बढ़ गया है कि मेकर्स फिल्म को लेकर दोबारा बड़ा कदम उठाने की तैयारी में हैं. आखिर ऐसा क्या हुआ था कि फिल्म के शो तक प्रभावित होने की बात कही जा रही है? मेकर्स ने इस पूरे मामले को लेकर कुछ चौंकाने वाले दावे किए हैं, जिनसे इस फ्लॉप फिल्म की कहानी का एक नया पहलू सामने आया है.
जहां एक तरफ फैंस नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा की मोस्टअवेटेड फिल्म ‘रामायण’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. वहीं 25 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी एक अन्य पौराणिक फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. फिल्म के निर्माता प्रकाश महोबिया ने बड़ा दावा करते हुए आरोप लगाया है कि उनकी फिल्म की नाकामी के पीछे एक सोची-समझी ‘नेगेटिव मार्केटिंग’ की मुहिम का हाथ था.
‘हमारी फिल्म को मौका ही नहीं मिला’
‘इंडिया टुडे’ को दिए एक इंटरव्यू में प्रकाश महोबिया ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि उनकी फिल्म को दर्शकों तक पहुंचने का सही मौका ही नहीं दिया गया. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, ‘शुरुआत से ही हमारी फिल्म के खिलाफ निगेटिव पीआर किया गया. हमें अपने दर्शकों तक पहुंचने का मौका ही नहीं मिला. जिन्होंने थिएटर में फिल्म देखी, उन्हें यह पसंद आई. लेकिन जब लोग फिल्म देखेंगे ही नहीं, तो उसके बारे में अपनी राय कैसे बना पाएंगे?’ प्रोड्यूसर ने दावा किया कि यूट्यूबर्स, इन्फ्लुएंसर्स और दूसरे लोगों के बीच फिल्म को लेकर निगेटिव बातें पहुंचाई गईं. उनका आरोप है कि कुछ लोगों को फिल्म देखने से बचने के लिए कहा गया और गलत जानकारी फैलाने की कोशिश की गई. हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि इस कथित मिशन के पीछे वास्तव में कौन था.
क्या ‘रामायण’ की टीम पर है शक?
जब प्रकाश महोबिया से खास तौर पर पूछा गया कि क्या वह नितेश तिवारी की ‘रामायण’ से जुड़ी नमित मल्होत्रा की टीम पर उंगली उठा रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि वह ऐसा नहीं कह सकते. उन्होंने सिर्फ इतना बताया कि उन्हें ऐसी बातें बताई गई थीं कि आने वाली बड़े बजट की फिल्म को देखते हुए इस तरह की नेगेटिव मार्केटिंग के मौके दिए गए.
पहले भी विवादों में रही फिल्म
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ 25 सितंबर 2026 को रिलीज हुई थी. फिल्म का निर्देशन अभिषेक सिंह ने किया है और इसमें अंजलि अरोड़ा, देव शर्मा और राजनेश दुग्गल अहम भूमिकाओं में हैं. रिलीज से पहले अंजलि अरोड़ा को सीता के किरदार में लिए जाने और फिल्म के वीएफएक्स को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठे थे. रिलीज के बाद एक प्रमोशनल पोस्टर भी वायरल हुआ, जिसमें वानर सेना के एक किरदार को चश्मा पहने दिखाया गया था. इस तस्वीर पर खूब मीम्स बने. हालांकि, मेकर्स ने सफाई दी थी कि वायरल तस्वीर फिल्म के किसी सीन की नहीं, बल्कि प्रमोशनल आर्टवर्क की थी.
बॉक्स ऑफिस पर नहीं चला असर
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का भारत नेट कलेक्शन करीब सिर्फ 40 लाख और वर्ल्डवाइड ग्रॉस करीब 46 लाख रुपये रहा. फिल्म ने लगभग 1,060 शोज के साथ यह कारोबार किया. अब मेकर्स इस फिल्म को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी की बात कह रहे हैं. प्रकाश महोबिया ने बताया कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में दर्शकों से मिले पॉजिटिव फीडबैक के बाद टीम ने फिल्म को दोबारा सिनेमाघरों में री- रिलीज करने की प्लानिंग की है. फिल्म को बिना किसी री-शूट किए दोबारा थिएटर्स में लाया जाएगा.