जयपुर. राजधानी जयपुर में राजस्थान यूथ कांग्रेस चुनाव का परिणाम जारी हो गया है. अभिषेक चौधरी ने 6,15,057 वोट हासिल कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है. उनके मुकाबले अनिल चोपड़ा को 5,45,638 वोट मिले. अभिषेक चौधरी ने 69,419 वोटों के बड़े अंतर से अनिल चोपड़ा को पीछे छोड़ा. अनिल चोपड़ा चुनाव में दूसरे पायदान पर रहे.
अभिषेक चौधरी की जीत की खबर सामने आते ही उनके समर्थकों में जश्न का माहौल बन गया. समर्थकों ने खुशी जताई और जीत का जश्न मनाया.
कुल 19 उम्मीदवार मैदान में थे
राजस्थान यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव में कुल 19 उम्मीदवार मैदान में थे. चुनाव में सबसे ज्यादा वोट पाने वाले टॉप-3 उम्मीदवारों में से इंटरव्यू के बाद एक को अध्यक्ष बनाया जाएगा. बाकी दो को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाएगी.
इसके अलावा उम्मीदवारों को मिले वोटों के आधार पर प्रदेश कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष, महामंत्री और सचिव के पद दिए गए हैं. संगठन में एससी-एसटी, ओबीसी, अल्पसंख्यक, महिला और दिव्यांग वर्ग के लिए आरक्षित पद भी रखे गए हैं.
विधानसभा चुनाव में राज्यवर्धन से हारे थे अभिषेक
अभिषेक चौधरी और अनिल चोपड़ा दोनों ही पहले चुनावी मैदान में उतर चुके हैं. अभिषेक चौधरी ने 2023 में झोटवाड़ा विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था. उन्हें भाजपा के राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने 50,167 वोटों से हराया था. राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को 1,47,913 वोट मिले थे, जबकि अभिषेक चौधरी को 97,746 वोट मिले थे.
जयपुर ग्रामीण से लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं अनिल चोपड़ा
अनिल चोपड़ा ने 2024 में जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था. उन्हें भाजपा के राव राजेंद्र सिंह के हाथों 1,615 वोटों से हार मिली थी. चुनाव परिणाम के बाद चोपड़ा ने रिकाउंटिंग की मांग की थी. उन्होंने पोस्टल बैलेट खारिज किए जाने को लेकर रिटर्निंग ऑफिसर के सामने आपत्ति भी दर्ज कराई थी. रिटर्निंग ऑफिसर के मुताबिक, कुल 1,225 पोस्टल बैलेट खारिज हुए थे. जीत-हार का अंतर 1615 वोट था. इसी आधार पर रिकाउंटिंग की मांग खारिज कर दी गई थी.