Last Updated:
इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता और बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके रामाकांत ओझा को भारतीय जनता पार्टी ने सूबे में होने वाले 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया है. बीजेपी ने सोमवार को कुल 8 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है.
भारतीय जनता पार्टी ने राधाकांत ओझा को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है.
लखनऊः उत्तर प्रदेश के 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने 8 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में राधाकांत ओझा का नाम शामिल है. राधाकांत ओझा, इलाहाबाद हाईकोर्ट में वकील हैं. वह बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं.
बीजेपी ने साधा जातिगत समीकरण
बीजेपी ने कुल 8 राज्यसभा उम्मीदवारों के जरिए जातिगत समीकरण को साधने की कोशिश की है. पार्टी ने यूपी के विधायक धर्मपाल सिंह को मौका दिया है, जो लोधी समाज से आते हैं. इसके अलावा ब्राह्मण समाज के दो नेता गोपीकृष्ण पांडेय और राधाकांत ओझा भी उच्च सदन में जाने के लिए उतरेंगे. वहीं ओबीसी वर्ग के दो और नेता मैदान में उतारे गए हैं, इनमें प्रकाश पाल और श्रुति गंगवार शामिल हैं. इस तरह ओबीसी वर्ग से तीन नेताओं को भाजपा ने राज्य सभा का टिकट दिया है. यही नहीं दलित समाज के भी दो नेता राज्यसभा चुनाव में उतरेंगे. इनमें से एक प्रियंका सिंह रावत हैं तो वहीं दूसरे नेता विद्यासागर सोनकर हैं. क्षत्रिय समाज से ताल्लुक रखने वाले राम प्रताप सिंह चौहान को भी राज्यसभा भेजा जाएगा.
6 अक्टूबर को नामांकन की आखिरी तारीख
बता दें कि निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख छह अक्टूबर है. नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को होगी जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तारीख नौ अक्टूबर है. मतदान 16 अक्टूबर को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा और उसी दिन मतगणना की जाएगी. उत्तर प्रदेश से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा के अलावा भाजपा के अरुण सिंह, गीता शाक्य, नीरज शेखर, बृजलाल और सीमा द्विवेदी का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है.
सपा-बसपा के एक-एक सांसदों का खत्म हो रहा कार्यकाल
सपा के राम गोपाल यादव और बसपा के रामजी गौतम का कार्यकाल भी इसी दिन पूरा होगा. दसवीं सीट भाजपा के दिनेश शर्मा के राज्यसभा से इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई थी. उन्हें अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है.