Last Updated:
Macroni Recipe: बच्चों की छोटी-मोटी भूख या शाम की क्रेविंग के लिए, घर पर झटपट वेजिटेबल मैक्रोनी बनाएं. प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, गाजर और मटर जैसी सब्जियों के साथ, इसे बनाना आसान है. उबली मैक्रोनी को सब्जियों और मसालों के साथ मिलाकर 2-3 मिनट पकाएं. यह स्वादिष्ट और जल्दी बनने वाला नाश्ता है.
Macroni Recipe: सुबह के नाश्ते से लेकर शाम की हल्की भूख तक, अगर आप कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ जल्दी भी तैयार हो जाए, तो वेजिटेबल मैक्रोनी एक अच्छा ऑप्शन है. खासकर बच्चों को मैक्रोनी काफी पसंद आती है. इसमें अपनी पसंद की सब्जियां मिलाकर इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है. दिल्ली के वसुंधरा में रहने वाली सुषमा तिवारी ने घर पर बनने वाली आसान वेजिटेबल मैक्रोनी की रेसिपी शेयर की है.
सबसे पहले मैक्रोनी उबालें
एक पैन में पानी गर्म करें और उसमें थोड़ा नमक डाल दें. पानी उबलने लगे तो इसमें मैक्रोनी डालकर पैकेट पर दिए समय के अनुसार पका लें. मैक्रोनी को बहुत ज्यादा गलाने से बचें, क्योंकि बाद में इसे सब्जियों के साथ भी पकाना है. मैक्रोनी पकने के बाद इसका पानी निकालकर इसे एक तरफ रख दें.
बनाने के लिए चाहिए ये सामान
वेजिटेबल मैक्रोनी बनाने के लिए मैक्रोनी के साथ प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, गाजर और मटर ले सकते हैं. इसके अलावा स्वाद के अनुसार नमक, लाल मिर्च, काली मिर्च, चिली फ्लेक्स, टोमैटो सॉस और थोड़ा सा तेल चाहिए.
ऐसे बनाएं मैक्रोनी
अब एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें बारीक कटा प्याज डालकर हल्का भूनें. इसके बाद गाजर, मटर और शिमला मिर्च डालकर कुछ मिनट पकाएं. सब्जियों को इतना ही पकाएं कि उनका हल्का क्रंच बना रहे. अब इसमें कटे हुए टमाटर डालकर नरम होने तक पकाएं.इसके बाद नमक, लाल मिर्च, काली मिर्च और चिली फ्लेक्स डालें. स्वाद बढ़ाने के लिए टोमैटो सॉस भी डाल सकते हैं. अब इसमें उबली हुई मैक्रोनी डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें और 2 से 3 मिनट तक पकाएं.गरमा-गरम वेजिटेबल मैक्रोनी तैयार है. इसे बच्चों के टिफिन, सुबह के नाश्ते या शाम की छोटी-मोटी भूख के लिए भी बनाया जा सकता है. चाहें तो ऊपर से थोड़ा चीज और ऑरिगैनो डालकर इसका स्वाद और बढ़ा सकते हैं.