Last Updated:
JEE Advanced 2026 Toughest Questions: आईआईटी रुड़की ने जेईई एडवांस्ड 2026 का एनालिसिस कर एक रिपोर्ट जारी की है. इसमें खुलासा हुआ है कि जेईई एडवांस्ड 2026 में फिजिक्स पेपर 1 का दूसरा सवाल सबसे कठिन था. 71% से अधिक स्टूडेंट्स ने यह सवाल अटेंप्ट ही नहीं किया. वहीं, 60% से ज्यादा अभ्यर्थियों ने केमिस्ट्री के 4 सवाल भी स्किप कर दिए.
JEE Advanced 2026 Toughest Questions: जेईई एडवांस्ड के 2 सवालों को बहुत कम स्टूडेंट्स ने सॉल्व किया
नई दिल्ली (JEE Advanced 2026 Toughest Questions). इंजीनियरिंग के धुरंधरों के लिए जेईई एडवांस्ड परीक्षा बहुत महत्वपूर्ण मानी जाती है. इस साल जेईई एडवांस्ड परीक्षा की जिम्मेदारी आईआईटी रुड़की के पास थी. जॉइंट इंप्लीमेंटेंशन कमेटी ने अब इसकी ऑफिशियल रिपोर्ट जारी कर दी है. इस रिपोर्ट में हर सवाल का एनालिसिस करते हुए यह बताया गया है कि किस विषय और किस सवाल ने देश के सबसे तेज दिमाग वाले स्टूडेंट्स के भी पसीने छुड़ा दिए.
जेईई एडवांस्ड परीक्षा पैटर्न
जेईई एडवांस्ड की परीक्षा 2 चरणों यानी पेपर 1 और पेपर 2 में बंटी होती है. दोनों ही पेपर में गणित, फिजिक्स और केमिस्ट्री के सवाल पूछे जाते हैं. पेपर 1 में तीनों विषयों से 16-16 यानी कुल 48 सवाल होते हैं, जबकि पेपर 2 में हर विषय से 18-18 यानी कुल 54 सवाल पूछे जाते हैं. इस साल कुल 1.79 लाख स्टूडेंट्स ने जेईई एडवांस्ड परीक्षा दी थी. इस साल पेपर का स्तर काफी चैलेंजिंग था. मैथ के सवाल पिछले सालों की तुलना में थोड़े आसान रहे लेकिन फिजिक्स और केमिस्ट्री ने अच्छी खासी परीक्षा ली.
फिजिक्स पेपर 1 का सवाल नंबर 2 बना सिरदर्द
जेईई एडवांस्ड 2026 में फिजिक्स पेपर 1 के दूसरे सवाल ने सबसे ज्यादा परेशान किया. आईआईटी रुड़की की रिपोर्ट के मुताबिक, यह इस साल का सबसे कठिन सवाल दर्ज किया गया है. परीक्षा में बैठे 1.79 लाख छात्रों में से 1.28 लाख यानी 71.89 फीसदी ने इस सवाल को छुआ तक नहीं. उन्होंने इसे छोड़ना ही बेहतर समझा. जिन होनहारों ने इसे हल करने की हिम्मत जुटाई, उनमें से भी 24,933 यानी 13.88 फीसदी के जवाब गलत साबित हुए. करीब 85 फीसदी छात्रों को इस सवाल पर 0 अंक मिले.
केमिस्ट्री के 4 सवालों से 60% से ज्यादा ने बनाई दूरी
सिर्फ फिजिक्स ही नहीं, बल्कि केमिस्ट्री ने भी छात्रों की नींद उड़ा दी. रिपोर्ट के अनुसार, केमिस्ट्री में 4 ऐसे सवाल थे, जिनसे 60 फीसदी से अधिक अभ्यर्थियों ने बिल्कुल किनारा कर लिया.
- केमिस्ट्री पेपर 1 (सवाल नंबर 1): इस सवाल को 66.59 फीसदी अभ्यर्थियों ने छुआ तक नहीं, जबकि 19 फीसदी ने गलत जवाब दिया. कुल मिलाकर 85% बच्चे इसमें असफल रहे.
- केमिस्ट्री पेपर 1 (सवाल नंबर 4): 62.27 फीसदी अभ्यर्थियों ने यह पेचीद सवाल छोड़ दिया और 27 फीसदी ने गलत हल निकाला. इससे 90% छात्रों को निराशा हाथ लगी.
- केमिस्ट्री पेपर 2 (सवाल नंबर 1): इस प्रश्न से 67.42 फीसदी छात्र दूर रहे और 20 फीसदी ने गलत उत्तर दिया.
- केमिस्ट्री पेपर 2 (सवाल नंबर 3): इसे 62.45 फीसदी छात्रों ने अनछुआ छोड़ दिया और 27 फीसदी ने गलत जवाब दिया, जिससे 89% को कोई नंबर नहीं मिला.