Jaipur Railway News: राजधानी जयपुर में नवरात्रि, दशहरा और दीपावली के त्यौहारी सीजन को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बहुत बड़ी राहत दी है. त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को कम करने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे ने खास इंतजाम किए हैं. जयपुर से भारत के विभिन्न शहरों में जाने वाले यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने के साथ-साथ 48 ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने का अहम फैसला लिया गया है. इससे यूपी, बिहार, बंगाल और अन्य राज्यों में जाने वाले प्रवासियों को टिकट मिलने में आसानी होगी.
जयपुर से उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने जयपुर और हावड़ा के बीच एक नई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है. यह हावड़ा-खातीपुरा-हावड़ा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन त्यौहारी सीजन में दोनों दिशाओं से आठ-आठ ट्रिप करेगी. इस स्पेशल ट्रेन का संचालन 11 अक्टूबर से जयपुर के खातीपुरा रेलवे स्टेशन से शुरू होगा. उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 03007 हावड़ा-खातीपुरा स्पेशल 11 अक्टूबर से 29 नवंबर तक हर रविवार को हावड़ा से रात 11:55 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन मंगलवार सुबह 11:30 बजे खातीपुरा पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन नंबर 03008 खातीपुरा-हावड़ा स्पेशल 13 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक हर मंगलवार शाम 6:30 बजे खातीपुरा से रवाना होगी और गुरुवार सुबह 5:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी.
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ट्रेन का ठहराव
11 अक्टूबर से शुरू होने वाली यह जयपुर-हावड़ा स्पेशल ट्रेन रास्ते में कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी. सफर के दौरान यह ट्रेन बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, न्यू गिरिडीह, जमुआ, कोडरमा, गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑनसोन, सासाराम, भभुआ रोड, पं. दीनदयाल उपाध्याय, सुबेदारगंज, गोविन्दपुरी, इटावा, फतेहाबाद, आगरा कैंट, भरतपुर, बांदीकुई और दौसा स्टेशन पर ठहराव करेगी. इस स्पेशल ट्रेन में कुल 22 डिब्बे लगाए जाएंगे. इनमें 4 थर्ड एसी, 10 स्लीपर, 6 जनरल श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बे शामिल किए गए हैं, जिससे हर वर्ग के यात्री आराम से सफर कर सकेंगे.
48 ट्रेनों में जुड़ेंगे 135 अतिरिक्त कोच
त्यौहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती वेटिंग लिस्ट को कम करने और यात्रियों को सुगम यात्रा की सुविधा देने के लिए रेलवे ने एक और बड़ा कदम उठाया है. रेलवे प्रशासन ने 48 अलग-अलग ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के 135 अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है. इससे यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने की संभावना काफी हद तक बढ़ जाएगी और लंबी वेटिंग लिस्ट से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. इन सभी 48 ट्रेनों में थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच शामिल किए जाएंगे. जयपुर से चलने वाली और जयपुर होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनें इस सूची में शामिल हैं. इनमें जयपुर-जोधपुर, अजमेर-अमृतसर, जयपुर-उदयपुर सिटी, जोधपुर-इंदौर और बीकानेर-दिल्ली सराय जैसी कई महत्वपूर्ण गाड़ियां शामिल हैं. रेलवे की इस पहल से त्यौहारी सीजन में घर जाने वाले लाखों यात्रियों का सफर आसान और आरामदायक हो जाएगा.