Government Jobs Without Interview: इंटरव्यू के बिना मिल जाएगी सरकारी नौकरी, कुछ में सिर्फ 10वीं-12वीं का रिजल्ट है चयन का आधार

Government Jobs Without Interview: इंटरव्यू के बिना मिल जाएगी सरकारी नौकरी, कुछ में सिर्फ 10वीं-12वीं का रिजल्ट है चयन का आधार


नई दिल्ली (Government Jobs Without Interview). सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे ज्यादातर  युवाओं के मन में इंटरव्यू को लेकर डर रहता है. कई बार अच्छी तैयारी के बावजूद सिर्फ इंटरव्यू के डर या वहां पूछे जाने वाले ट्रिकी सवालों से उम्मीदवार घबरा जाते हैं. युवाओं का तनाव कम करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें कई ऐसी भर्तियां करती हैं, जिनमें इंटरव्यू का कोई झंझट नहीं है. इन सरकारी नौकरी में पूरा फोकस केवल लिखित परीक्षा या शैक्षणिक योग्यता पर होता है.

देशभर के लाखों युवा प्रशासनिक या अन्य विभागों में ऊंचे पदों पर पहुंचना तो चाहते हैं लेकिन साक्षात्कार के चरण से बचना चाहते हैं. ऐसे उम्मीदवारों के लिए एसएससी (SSC), रेलवे और बैंकिंग जैसे सेक्टरों में कई शानदार विकल्प मौजूद हैं. जानिए विभिन्न विभागों की कुछ प्रमुख सरकारी नौकरियां, जिनमें बिना किसी इंटरव्यू के सिर्फ परीक्षा और योग्यता के आधार पर चयन होता है. सरकारी नौकरी की इन भर्तियों के लिए आवेदन करते समय चयन प्रक्रिया और पात्रता जैसी डिटेल्स अच्छी तरह से चेक कर लें.

बिना इंटरव्यू के मिल जाएगी सरकारी नौकरी

ज्यादातर सरकारी नौकरियों की चयन प्रक्रिया लंबी और कठिन होती है. इनमें लिखित परीक्षा और इंटरव्यू जैसे कई राउंड्स में सफल होना अनिवार्य है. अगर आप इंटरव्यू से घबराते हैं और उसके बिना सरकारी नौकरी में चयन चाहते हैं तो मायूस होने की जरूरत नहीं है. बिना इंटरव्यू के भी आपको मनचाही सरकारी नौकरी मिल सकती है.

1- SSC CGL और CHSL: 12वीं पास और ग्रेजुएट्स के लिए बेहतरीन मौके

कर्मचारी चयन आयोग की SSC CGL देश की सबसे लोकप्रिय परीक्षाओं में से एक है. ग्रेजुएट युवाओं के लिए केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में ऑफिसर या इंस्पेक्टर बनने का यह सबसे बड़ा जरिया है. इस चयन प्रक्रिया में टियर-1 और टियर-2 की कंप्यूटर आधारित परीक्षाएं होती हैं और इसके तुरंत बाद दस्तावेज सत्यापन किया जाता है. इसमें कोई इंटरव्यू नहीं लिया जाता है.

12वीं पास युवाओं के लिए SSC CHSL परीक्षा बेहद लोकप्रिय है. लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) और डेटा एंट्री ऑपरेटर जैसे पदों के लिए होने वाली इस परीक्षा में भी उम्मीदवारों को केवल लिखित परीक्षा (टियर-1 और टियर-2) और टाइपिंग या स्किल टेस्ट से गुजरना होता है. यहां भी साक्षात्कार की कोई व्यवस्था नहीं है. इससे कम उम्र के युवा आसानी से प्रशासनिक सेवा का हिस्सा बन सकते हैं.

एसएससी जीडी, एमटीएस और इंडिया पोस्ट जीडीएस: बिना इंटरव्यू के सीधे नौकरी

अगर 10वीं पास हैं और फौज या पुलिस बल में जाने का सपना देख रहे हैं तो SSC GD (General Duty) कांस्टेबल की भर्ती बेस्ट है. इसमें कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET/PST) और मेडिकल टेस्ट के आधार पर चयन होता है. इसमें इंटरव्यू का प्रावधान नहीं है. इसी तरह SSC MTS (Multi-Tasking Staff) की नौकरी में भी केवल ऑनलाइन परीक्षा पास करनी होती है.

India Post GDS (ग्रामीण डाक सेवक भर्ती) डाक विभाग की ऐसी अनोखी और लोकप्रिय भर्ती है जिसमें न तो लिखित परीक्षा का झंझट होता है और न ही इंटरव्यू देना पड़ता है. इसमें उम्मीदवारों का चयन सीधे 10वीं कक्षा में हासिल अंकों (मेरिट) के आधार पर होता है. यह उन अभ्यर्थियों के लिए वरदान है जो परीक्षा के दबाव से दूर रहना चाहते हैं.

रेलवे की लोकप्रिय परीक्षाएं और बैंक क्लर्क की नौकरी

रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की RRB Group D और RRB NTPC की परीक्षाएं भी बिना इंटरव्यू वाली श्रेणी में आती हैं. आरआरबी ग्रुप डी में सीबीटी और फिजिकल टेस्ट के जरिए चयन होता है, जबकि एनटीपीसी में ग्रेजुएशन और 12वीं स्तर पर सीबीटी और टाइपिंग टेस्ट होते हैं.

बैंकिंग सेक्टर में IBPS Clerk की परीक्षा भी बिना इंटरव्यू के होती है. बैंक क्लर्क के पदों पर चयन के लिए केवल प्रीलिम्स और मेंस परीक्षा पास करनी होती है. फिर सीधे फाइनल मेरिट बनती है.



Source link