मनाली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 6 से 8 अक्टूबर 2026 के लिए हिमाचल प्रदेश के दौरे पर हैं. मंगलवार को पहले वह बिलासपुर पहुंचेंगी और फिर एम्स के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी. शाम को महामहिम कुल्लू-मनाली रवाना होंगी. मनाली में प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की गई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त कुल्लू अमित कुमार शर्मा ने की. इस बैठक में पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस. विशेष रूप से मौजूद रहे.
डीसी कुल्लू अमित कुमार शर्मा ने कहा कि राष्ट्रपति 6 से 8 अक्टूबर तक हिमाचल प्रदेश के प्रवास पर रहेंगी. उन्होंने कहा कि कुल्लू प्रशासन ने सारी तैयारी पूरी कर ली है. उन्होंने मनाली के सभी पर्यटन कारोबारियों, संगठनों व स्थानीय लोगों से आग्रह किया कि वो राष्ट्रपति के दौरे के दौरान प्रशासन का सहयोग करें.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मनाली दौरे को लेकर जिला प्रशासन कुल्लू ने ट्रैफिक एडवाइजरी एवं प्लान जारी किया है. राष्ट्रपति मनाली के अलावा अटल टनल रोहतांग और माता हिडिंबा मंदिर का दौरा करेंगी. सुरक्षा व्यवस्था और आम लोगों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए तीन दिनों के दौरान विभिन्न स्थानों पर नाके और बैरिकेडिंग की जाएगी. उन्होंने कहा कि सुबह 11:30 बजे एनजीटी बैरियर पर मनाली की ओर जाने वाले ट्रकों और भारी वाहनों को रोका जाएगा. दोपहर 12:15 बजे सासे मेन गेट के ऊपरी हिस्से पर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी. शाम आठ बजे से मनाली से लाहौल-स्पीति और लाहुल-स्पीति से मनाली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को ग्राउंड होकर चलाया जाएगा. यह डायवर्जन 7 अक्तूबर को दोपहर एक बजे तक लागू रहेगा.
7 अक्तूबर को सुबह 6:30 बजे सिस्सू अटल टनल नॉर्थ पोर्टल ब्रिज पर वाहनों को नियंत्रित किया जाएगा. लाहौल-स्पीति से मनाली आने वाले वाहनों को केवल रोहतांग पास से आने की अनुमति होगी. सुबह सात बजे एनजीटी बैरियर पर लाहौल-स्पीति की ओर जाने वाले ट्रकों और भारी वाहनों को रोका जाएगा.सुबह आठ बजे लॉग हट चौक, मनालसू कर्व, मुख्य चौक-राम बाग, मिशन अस्पताल, ओल्ड ब्रिज, भूतनाथ चौक, वशिष्ठ रोड, नेहरू कुंड ब्रिज, पलचान ब्रिज और पलचान चौक-रोहतांग रोड समेत कई स्थानों पर नाके सक्रिय किए जाएंगे.
बिलासपुरः 6 अक्तूबर को सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक का ट्रैफिक प्लान
- वैकल्पिक मार्ग: घागस चौक → कंदरौर → भगेड़ → औहर → ऋषिकेश → भराड़ी → ओपन एयर जेल जबल. जनता की सुविधा और राष्ट्रपति दौरे की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने उठाया बड़ा कदम. एंबुलेंस, वीवीआईपी, सरकारी एवं एम्स मरीजों के वाहनों को रहेगी छूट.
राष्ट्रपति के अटल टनल दौरे के दौरान काफिला पलचान की ओर से गुजरने के बाद करीब पांच मिनट में सामान्य यातायात बहाल किया जाएगा. वापसी के दौरान भी काफिले के गुजरने तक संबंधित मार्गों पर यातायात नियंत्रित रहेगा. 7 अक्तूबर को शाम 3 से 5 बजे तक राष्ट्रपति माता हिडिंबा मंदिर जाएंगी. इस दौरान राम बाग चौक, घटोत्कच चौक, मनालसू और लॉग हट चौक पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा. काफिला लौटने के बाद वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी जाएगी. इन मार्गों पर यातायात प्रतिबंध शाम पांच बजे तक लागू रहेगा.
राष्ट्रपति 8 अक्तूबर को सुबह 10 बजे सर्किट हाउस मनाली से सासे हेलीपैड के लिए रवाना होंगी. सुबह सात बजे एनजीटी बैरियर पर ट्रकों और भारी वाहनों को रोक दिया जाएगा. पलचान और अटल टनल नाकों पर भी भारी वाहनों को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी. सुबह नौ बजे लॉग हट चौक, मनालसू कर्व, मुख्य चौक-राम बाग, मिशन अस्पताल, न्यू ब्रिज, ओल्ड ब्रिज, भूतनाथ चौक, वशिष्ठ रोड और सासे मेन गेट के ऊपरी हिस्से पर बैरिकेडिंग की जाएगी. काफिले के मार्ग में आने वाले वाहनों को हटाया या रोका जाएगा.
एसपी अभिषेक एस ने कहा कि मनाली को नौ सेक्टर में बांटा गया है. उन्होंने बताया कि 600 पुलिस कर्मी तैनात किए है. जगह जगह पुलिस जवान तैनात किए है ओर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है. उन्होंने लोगों और वाहन चालकों से ट्रैफिक प्लान का पालन करने तथा सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है.