Last Updated:
ग्वालियर में मोमोज की मात्रा को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया. 20 रुपए के मोमोज कम मिलने की शिकायत करना एक छात्र को भारी पड़ गया. आरोप है कि नाराज दुकानदार ने पहले छात्र के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, फिर कढ़ाई में रखा गर्म तेल उस पर फेंक दिया. घटना में 18 वर्षीय छात्र झुलस गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
20 रुपए के मोमोज कम पड़े तो भड़का दुकानदार
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मोमोज की मात्रा को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया. 20 रुपए के मोमोज कम मिलने की शिकायत करना एक छात्र को भारी पड़ गया. आरोप है कि नाराज दुकानदार ने पहले छात्र के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, फिर कढ़ाई में रखा गर्म तेल उस पर फेंक दिया. घटना में 18 वर्षीय छात्र झुलस गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद आरोपी दुकानदार मौके से फरार हो गया. पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
20 रुपए के मोमोज को लेकर हुआ विवाद
मामला ग्वालियर के न्यू रेशम मिल इलाके का है। यहां रहने वाला 18 वर्षीय शिवा उर्फ चेतन भदौरिया छात्र है. रविवार शाम वह अपने दोस्तों गोलू खान और विकास राजपूत के साथ जिम जाने के लिए घर से निकला था. रास्ते में तीनों पुरानी रेशम मिल चौराहे पर स्थित ‘अंकित मोमोज’ के ठेले पर पहुंचे.शिवा ने वहां 20 रुपए के मोमोज खरीदे। प्लेट में मोमोज की मात्रा कम नजर आने पर उसने ठेला संचालक अंकित से पूछ लिया कि इतने कम मोमोज क्यों दिए गए। इसी बात को लेकर दुकानदार नाराज हो गया.
कहासुनी के बाद मारपीट का आरोप
मात्रा को लेकर शुरू हुई बातचीत देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि दुकानदार अंकित ने शिवा के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. छात्र ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपी ने छात्र के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की.आरोप है कि विवाद के दौरान दुकानदार ने कढ़ाई में रखा गर्म तेल उठाकर शिवा की ओर फेंक दिया. इससे छात्र झुलस गया. घटना के वक्त शिवा के दोनों दोस्त भी मौके पर मौजूद थे. परिजनों की मदद से घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी की तलाश
घटना की सूचना मिलने के बाद हजीरा थाना पुलिस ने छात्र की शिकायत पर ठेला संचालक अंकित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामूली विवाद के बाद छात्र के साथ हुई इस घटना से इलाके में भी चर्चा है. फिलहाल घायल छात्र का अस्पताल में उपचार चल रहा है और पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.