Last Updated:
Mandi Crime News: हिमाचल प्रदेश के मंडी के नगवाईं में होटल में दो गुटों के खूनी संघर्ष में एक युवक गंभीर घायल हो गया. पुलिस ने हरियाणा के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया. मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है.आरोपी रोहतक के रहने वाले हैं.
मंडी जिले के नगवाईं के एक होटल में रविवार सुबह दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
मंडी. हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के नगवाईं के एक होटल में रविवार सुबह दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. रॉड से हुए जानलेवा हमले में घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद एम्स रेफर किया गया है. पुलिस के पहुंचने से पहले हरियाणा राज्य के निवासी आरोपी वाहन में सवार होकर कुल्लू की तरफ भाग निकले, लेकिन औट पुलिस ने नाका लगाकर वाहन को रोक लिया. पुलिस ने वाहन में सवार सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत पुलिस थाना औट में प्राथमिकी दर्ज की है.
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 9:15 बजे नगवाईं के एक स्थानीय व्यक्ति ने औट थाना में फोन कर होटल में कुछ लोगों के बीच झगड़ा और मारपीट होने की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. हालांकि पुलिस को आता देखकर आरोपी मौके से वाहन लेकर कुल्लू की तरफ फरार हो गए. पुलिस ने तत्काल उनकी तलाश शुरू कर दी और औट के पास नाका लगाकर वाहन को रोक लिया.
मारपीट में घायल रवि पुत्र अजमेर निवासी गांव एवं डाकघर निंदाना तहसील रोहतक हरियाणा को अन्य घायलों के साथ उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगवाईं पहुंचाया गया. रवि की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जोनल अस्पताल कुल्लू रेफर किया. कुल्लू में चिकित्सकों ने उसकी हालत का आकलन करने के बाद बेहतर उपचार के लिए एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया. दूसरे घायल का भी उपचार करवाया गया.
पुलिस ने अनित निवासी वार्ड नंबर छह महम, प्रदीप निवासी निंदाना, मनजीत निवासी वार्ड नंबर 10 महम, जगदीप निवासी खेड़ी महम, अंकित निवासी बहनी चंद्रपाल महम, मोनित निवासी खेड़ी महम और अजय निवासी खेड़ी महम को पकड़ा है. सभी जिला रोहतक हरियाणा के रहने वाले हैं. जबकि गंभीर घायल रवि नगवाईं में लीज पर लिए होटल को चलाता है.पुलिस ने मारपीट में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद किए हैं.
विवाद की वजह खोज रही पुलिस
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि होटल में दोनों गुटों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और मारपीट की नौबत कैसे आई. इसके साथ ही पुलिस घटना के दौरान मौजूद अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है. शुरूआती जांच में यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा पाया जा रहा है. पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच रही है. उधर, एसपी विनोद कुमार ने बताया कि सभी सात आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा. मामले की जांच जारी है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.