हरसूद में CM ने की सौगातों की बारिश, रानी दुर्गावती जन्मोत्सव पर विंटेज कार की सवारी, कांग्रेस पर साधा निशाना

हरसूद में CM ने की सौगातों की बारिश, रानी दुर्गावती जन्मोत्सव पर विंटेज कार की सवारी, कांग्रेस पर साधा निशाना


Last Updated:

CM Mohan Khandwa Visit: खंडवा के हरसूद में रानी दुर्गावती जन्मोत्सव और सेवा संकल्प अभियान का आयोजन हुआ. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 143 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया. उन्होंने 500 करोड़ की सिंचाई परियोजना समेत कई सौगातें दीं और कांग्रेस व राहुल गांधी पर निशाना साधा.

Zoom

खंडवा के हरसूद में सीएम ने की विंटेज कार की सवारी.

Khandwa News: खंडवा जिले के हरसूद में आज रानी दुर्गावती जन्मोत्सव और सेवा संकल्प अभियान का बड़ा आयोजन हुआ. इस दौरान आदिवासी गौरव और क्षेत्र के विकास का संगम देखने को मिला. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कैबिनेट मंत्री विजय शाह इस कार्यक्रम में शामिल हुए. आयोजन की शुरुआत रानी दुर्गावती के जन्मोत्सव पर 52 गढ़ों के राजवंशों के वंशजों की भव्य शोभायात्रा से हुई.

विंटेज कारों के काफिले के बीच निकली इस शोभायात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन और कैबिनेट मंत्री विजय शाह मौजूद रहे. इसके बाद मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान के मुख्य कार्यक्रम में पहुंचे. वहां मंच से 52 गढ़ों के राजवंशों के वंशजों का सम्मान किया गया. इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विकास सौगातों का पिटारा खोल दिया. उन्होंने करीब 143 करोड़ की लागत वाले 18 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया.

हजारों हितग्राहियों को बोनस
कार्यक्रम में तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य से जुड़े हजारों हितग्राहियों को बोनस राशि बांटी गई. साथ ही वन सुरक्षा समितियों को काष्ठ लाभांश की राशि दी गई. मंच से मेधावी विद्यार्थियों तथा दूसरे पात्र हितग्राहियों को भी योजनाओं का लाभ दिया गया.

बड़ी सिंचाई परियोजना की घोषणा
हरसूद के मंच से मुख्यमंत्री ने कई नई और बड़ी विकास परियोजनाओं की घोषणाएं कीं. उन्होंने खालवा क्षेत्र के 38 गांवों के लिए 500 करोड़ से अधिक की करवानी उद्वहन सिंचाई परियोजना की सबसे बड़ी घोषणा की. इसके अलावा नवीन कन्या परिसरों के लिए करीब 100 करोड़ रुपए देने की घोषणा की गई. क्षेत्र में बिजली सुधार के लिए 25 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई.

छात्रावासों को भी बड़ी सौगात
छात्रावासों में रोटी मेकर मशीनों के लिए 35 करोड़ रुपए देने का ऐलान हुआ. साथ ही 40 नए छात्रावासों के लिए 161 करोड़ रुपए की घोषणा की गई. खंडवा जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए करीब 10.5 करोड़ रुपए की लागत वाली हाईटेक नर्सरी की सौगात भी घोषित की गई. इसके अलावा हरसूद को करीब 25 करोड़ रुपए की लागत वाले सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम की सौगात देने की घोषणा पहले से कार्यक्रम में शामिल थी.

कांग्रेस पर साधा निशाना
विकास और आदिवासी गौरव के इस मंच से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आदिवासी इलाकों से वोट तो बहुत लिए, लेकिन इन क्षेत्रों के विकास पर ध्यान नहीं दिया. नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में नक्सलवाद और लाल सलाम चरम पर था. उन्होंने पूर्व कांग्रेस मंत्री लिखीराम कांवरे की हत्या का जिक्र करते हुए निशाना साधा. मुख्यमंत्री ने कहा कि अब कांग्रेस बालाघाट जाने की बात करती है, लेकिन नक्सलवाद और अपराध को खत्म करने का काम उनकी सरकार ने किया है.

अब प्रदेश में 40 मेडिकल कॉलेज
साथ ही मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य शिक्षा और सरकारी भर्तियों पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने बताया कि जहां पहले प्रदेश में केवल 5 मेडिकल कॉलेज थे, वहीं अब 40 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं. सीएम ने कहा कि उनकी सरकार अब तक 85 हजार से ज्यादा पदों पर नियुक्तियां दे चुकी है. उन्होंने ऐलान किया कि अगले साल राज्य में एक लाख नए पदों पर भर्ती की जाएगी.



Source link