सोशल मीडिया पर ग्राहक, होटल में धंधा! रांची के नामी होटल में मिलीं नाबालिग बच्चियां, बड़े नेटवर्क की ओर इशारा

सोशल मीडिया पर ग्राहक, होटल में धंधा! रांची के नामी होटल में मिलीं नाबालिग बच्चियां, बड़े नेटवर्क की ओर इशारा


Last Updated:

Ranchi Crime News: रांची पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जब शहर में एक नामचीन होटल में कार्रवाई की तो वहां से दो नाबालिग बच्चियों को भी रेस्क्यू किया गया. इसके साथ ही जानकारी निकलकर आई कि राजधानी रांची में नाबालिग बच्चियों को भी जिस्मफरोशी के धंधे में धकेला जा रहा है. इस मामले में कार्रवाई करते हुए रांची पुलिस ने 11आरोपियों को गिरफ्तार किया है.  पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये. 

Zoom

रांची के होटल में छापा तो खुला बड़ा राज, 2 नाबालिग बच्चियां रेस्क्यू, 11 गिरफ्तार

झारखंड की राजधानी रांची में एक होटल पर पुलिस की कार्रवाई के बाद ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने शहर में चल रहे कथित देह व्यापार के नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बताया जाता है कि शाम ढलते ही धीरे धीरे हुस्न का बाजार सजने लगता था. जैसे-जैसे शाम अपने परवान पर चढ़ती जाती, वैसे-वैसे रांची के एक होटल में शराब की धार बहने लगती और शवाब का खेल खुलकर दिखने लगता. अश्लील डांस हो या फिर देह व्यापार… जैसी कीमत, वैसी ही हुस्न और वैसी ही ऐश. शातिर अपराधियों तक का जमावड़ा भी लगता. ये सब चल रहा था रांची के कचहरी चौक स्थित ‘कोरिन्थिया’ होटल में. इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम ने कार्रवाई की और मौके से 2 नाबालिग बच्चियां भी मिलीं. बताया जा रहा है कि इन्हें जबरन जिस्मफरोशी के इस गंदे धंधे में धकेल दिया गया था.

होटल में पुलिस की गुप्त कार्रवाई, 2 बच्चियां मिलीं

रांची पुलिस ने होटल से दोनों नाबालिग बच्चियों को रेस्क्यू किया और इसके साथ ही तीन युवतियों और आठ युवकों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार लोगों में कथित दलालों के साथ होटल के कर्मचारी भी शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक होटल के स्टाफ, मैनेजमेंट और दलालों की मिलीभगत से कथित सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था और इसके लिए सोशल मीडिया के जरिए ग्राहकों से संपर्क किया जाता था. मामला रांची के कचहरी चौक स्थित कोरिन्थिया होटल का है. पुलिस की कार्रवाई के बाद अब इस पूरे नेटवर्क के तार खंगाले जा रहे हैं.

होटल स्टाफ और दलालों की मिलीभगत का आरोप

सिटी एसपी पारस राणा के मुताबिक होटल के कर्मियों, मैनेजमेंट और दलालों की मिलीभगत से कथित सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था. पुलिस की शुरुआती जांच में इस नेटवर्क के मास्टरमाइंड के तौर पर बिहार के रहने वाले राजन का नाम सामने आया है. पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है. जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि कथित तौर पर ग्राहकों तक पहुंचने और इस अवैध कारोबार को संचालित करने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया जाता था.

बंगाल और नॉर्थ ईस्ट की युवतियों को लाने का दावा

पुलिस के मुताबिक होटल में मौजूद कुछ युवतियां पश्चिम बंगाल और नॉर्थ ईस्ट के राज्यों से थीं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें रांची तक कैसे लाया गया और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. सबसे गंभीर पहलू दो नाबालिग बच्चियों का मिलना है. इसी वजह से पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट और अनैतिक देह व्यापार से जुड़े कानूनों के तहत कार्रवाई की है.

राजन पर पहले भी ऐसे मामलों का आरोप

पुलिस के मुताबिक राजन का नाम पहले भी देह व्यापार से जुड़े कई मामलों में सामने आ चुका है. आरोप है कि वह हर बार पुलिस की कार्रवाई से बच निकलता रहा है. अब पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड और मौजूदा मामले के बीच कनेक्शन भी तलाश रही है. इसके साथ यह भी जांच की जा रही है कि क्या रांची में चल रहे कथित नेटवर्क का संबंध दूसरे शहरों से भी है.

मानव तस्करी से जुड़े लोगों ने उठाए होटल और स्पा पर सवाल

मानव तस्करी और बाल तस्करी के खिलाफ काम करने वाले बैजनाथ का कहना है कि नाबालिग लड़कियों को देह व्यापार में धकेले जाने का काम लंबे समय से चिंता का विषय रहा है. उनका आरोप है कि रांची के कुछ होटल और स्पा सेंटर इस तरह की गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हैं. उन्होंने कचहरी चौक स्थित होटल पर भी प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है.

सिर्फ एक होटल तक सीमित है मामला?

इस कार्रवाई के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या राजधानी में इस तरह का नेटवर्क सिर्फ इसी होटल तक सीमित था. पुलिस की कार्रवाई में दो नाबालिग बच्चियों का मिलना इस पूरे मामले की गंभीरता को बढ़ा देता है. अब जांच का फोकस सिर्फ गिरफ्तार आरोपियों तक नहीं, बल्कि उन लोगों तक पहुंचने पर भी है जो इस नेटवर्क को चला रहे थे, ग्राहकों तक पहुंच बना रहे थे और कथित तौर पर नाबालिगों को इस अपराध में धकेल रहे थे.

एक होटल पर हुई कार्रवाई ने राजधानी में चल रहे कथित देह व्यापार के नेटवर्क की एक परत जरूर खोल दी है. लेकिन असली सवाल अब यह है कि इसके पीछे कितने लोग हैं और क्या ऐसे दूसरे ठिकानों तक भी पुलिस की जांच पहुंचेगी. बताया जाता है कि राजधानी में ऐसे कई और होटल हैं जहां देह व्यापार का खुला खेल चल रहा है. ऐसे में जरूरी है इनपर भी जल्द नकेल कसी जाए.



Source link