How To Help Lonely Child At School : क्या आपने कभी गौर किया है कि स्कूल से लौटने के बाद आपका बच्चा अचानक थोड़ा सा चुप रहने लगा है? बैग फेंकते ही वह सीधे कमरे में चला जाता है, या फिर खाने की टेबल पर उसकी नजरें कहीं अटकी हुई रहती हैं. जब आप उससे पूछते हैं, “आज स्कूल कैसा रहा?”, तो उसका जवाब सिर्फ एक छोटा सा “ठीक था” होता है. लेकिन पेरेंट्स, इस छोटे से “ठीक था” के पीछे अक्सर एक बहुत बड़ी अनकही कहानी छिपी होती है. एक ऐसा अकेलापन, जिसे बच्चा शब्दों में बयां नहीं कर पाता.
दरअसल, स्कूल का मैदान बाहर से जितना हँसता-खेलता और गुलजार नजर आता है, कई बार अंदर से वह किसी संवेदनशील बच्चे के लिए उतना ही अकेलापन भरा हो सकता है. बच्चे अपनी बातें कभी भी शुरुआत से सिलसिलेवार तरीके से नहीं बताते. वे कभी सीधे यह नहीं कहेंगे कि वे अंदर से टूट रहे हैं या उन्हें कोई दोस्त नहीं मिल रहा.
वे शुरुआत करते हैं छोटी-छोटी बातों से कि आज किसी ने उनके चुटकुले पर नहीं हंसा, कोई ग्रुप उनके बिना ही आगे भाग गया, या फिर लंच ब्रेक का समय अचानक बहुत लंबा और खामोश लगने लगा था.
जब आपका बच्चा यह बात समझ जाता है, तो वह स्कूल के मैदान में किसी डर के साथ नहीं, बल्कि अपनी पूरी शान और आत्मविश्वास के साथ कदम रखता है. (Canva)
ऐसे में, एक माता-पिता के तौर पर हमारी पहली प्रतिक्रिया अक्सर यह होती है कि हम तुरंत समस्या को सुलझाने या सलाह देने दौड़ पड़ते हैं, “अरे, तुम भी जाकर बात क्यों नहीं करते?” या “कल से तुम दूसरे बच्चों के पास बैठना.” लेकिन रुकिए. बच्चा आपसे उस वक्त अपनी दुनिया को ठीक करवाने की उम्मीद नहीं कर रहा होता. वह बस यह चाहता है कि कोई उसकी इस खामोशी को महसूस करे, कोई उस पल में उसके साथ चुपचाप आकर बैठ जाए.
पहले खुद सुनिए, बिना टोके
बच्चों की दुनिया बहुत नाजुक होती है. जब वे अपनी छोटी-छोटी बातें बता रहे हों, तो बीच में उन्हें टोकें नहीं, ज्ञान न दें और न ही तुरंत कोई समाधान थोपें. बस उनकी बात सुनें. जब आप उन्हें बिना किसी जजमेंट के सुनते हैं, तो उन्हें यह अहसास होता है कि उनके मन की भावनाएं सुरक्षित हैं. वे महसूस करते हैं कि कोई है जो उनकी इस छोटी सी दुनिया को समझ रहा है.
टीचर से मिलें, जासूस बनकर नहीं, बल्कि एक ‘दोस्त’ की तरह
कभी-कभी बच्चे वो बातें नहीं कह पाते जो टीचर क्लासरूम के कोने से साफ देख लेते हैं. इसलिए, शिक्षक से एक दोस्ताना बातचीत कीजिए. उनसे पूछिए कि आपका बच्चा क्लास में कैसा बर्ताव करता है. क्या वह ग्रुप के पास जाकर भी पीछे हट जाता है? क्या वह क्लास के कोने में बैठना पसंद करता है? यह बातचीत आपको वो सुराग देगी जो आपका बच्चा चाहकर भी आपको बता नहीं पा रहा है.
दबाव नहीं, सुकून का रिश्ता बनाएं
जरूरी नहीं कि हर बच्चे की दोस्ती स्कूल के शोर-शराबे वाले माहौल में ही शुरू हो. कुछ बच्चे छोटे और शांत परिवेश में ज्यादा सहज महसूस करते हैं. एक ऐसा पार्क मीटअप प्लान करें जहाँ केवल एक बच्चा हो जिसे वो थोड़ा-बहुत जानता हो.
कोई ऐसी हॉबी क्लास जिसमें उसकी रुचि हो, जहाँ कॉमन इंटरेस्ट की वजह से बातचीत का बर्फ अपने आप पिघल जाए. कोई चचेरा भाई या बहन जो उसे खुलकर हंसा सके. याद रखिए, दोस्ती हमेशा स्कूल के गेट से शुरू हो ऐसा जरूरी नहीं. कई बार यह घर के आसपास या किसी शांत कोने से शुरू होकर बच्चे के लिए स्कूल में एक ‘ढाल’ बन जाती है.
मुश्किल पलों की रिहर्सल करवाएं
स्कूल में कुछ पल ऐसे होते हैं जो बच्चों को सबसे ज्यादा डराते हैं—जैसे किसी ग्रुप के पास जाकर यह पूछना कि “क्या मैं खेल सकता हूँ?”, या जब कोई कह दे “अभी नहीं”, तो उसे दिल पर ले लेना.
बच्चों को इसके लिए हल्के-फुल्के अंदाज में तैयार करें. उन्हें सिखाएं कि अगर कोई ‘ना’ कह दे, तो इसका मतलब यह नहीं कि वे खुद बुरे हैं. उन्हें यह समझाएं कि कल वे फिर से नए सिरे से कोशिश कर सकते हैं, बिना कल के बोझ को अपने कंधों पर ढोए हुए.
याद दिलाएं कि उनकी कीमत किसी प्ले ग्राउंड से कहीं अधिक है-
सबसे जरूरी बात, जो हर बच्चे के दिल में उतर जानी चाहिए कि उसकी कीमत इस बात से तय नहीं होती कि उसे कितने बच्चे ‘हाय या हलो’ बोलते हैं. अपने बच्चे की उन खूबियों को तराशिए जो उसे खुश करती हैं. कोई स्केचबुक, एक फुटबॉल, बेकिंग करना, कहानियाँ पढ़ना या कुछ नया बनाना. आत्मविश्वास इस बात से नहीं आता कि हर कोई आपको स्वीकार करे; आत्मविश्वास इस अंदरूनी सच से आता है कि “मैं अकेला होने के बावजूद पूरा हूँ.”
जब आपका बच्चा यह बात समझ जाता है, तो वह स्कूल के मैदान में किसी डर के साथ नहीं, बल्कि अपनी पूरी शान और आत्मविश्वास के साथ कदम रखता है.