Last Updated:
Bihar Aaj Ka Mausam: बिहार में कल से मौसम का मिजाज बदलने वाला है. राज्य में एक बार फिर तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू होगा. हालांकि, आज ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और धूप खिलेगी. कोसी और सीमांचल के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है.
बिहार वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)
पटनाः बिहार में मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है. राज्य में मूसलाधार बारिश का दौर फिलहाल पूरी तरह थम गया है. मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार को प्रदेश के किसी भी जिले के लिए बारिश या वज्रपात का अलर्ट जारी नहीं किया है. राजधानी पटना समेत राज्य के सभी 38 जिलों में आज दिनभर धूप खिली रहेगी. हालांकि, धूप की तपिश तो कम रहेगी, लेकिन वातावरण में नमी की वजह से लोगों को भीषण उमस का सामना करना पड़ेगा.
6 अक्टूबर से बदल सकता है मौसम का मिजाज
- मौसम विभाग के अनुसार, 6 अक्टूबर से राज्य के मौसम में थोड़ा बदलाव आ सकता है। कोसी और सीमांचल समेत उत्तर-पूर्व बिहार के कुछ हिस्सों में बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. हालांकि, भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है. अगले 5 दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा.
सुपौल से गुजर रही मानसून वापसी की रेखा
- दक्षिण-पश्चिम मानसून अब बिहार से धीरे-धीरे विदा हो रहा है. मानसून की वापसी की रेखा फिलहाल बिहार के सुपौल जिले से होकर गुजर रही है. इसी वजह से राज्य भर में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं. आने वाले दिनों में ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क ही बना रहेगा. हालांकि, मानसून की पूरी तरह विदाई तक स्थानीय स्तर पर हल्के बादल बनने की संभावना बनी रहेगी.
ट्रफ लाइन का दिखेगा आंशिक असर
- समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर उत्तर-पूर्व बिहार से पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है. इसके प्रभाव से उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. वहीं, दक्षिण बिहार से विदर्भ तक बनी एक अन्य ट्रफ के कारण वातावरण में हल्की नमी बरकरार है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, जैसे-जैसे मानसून पूरी तरह विदा होगा, वैसे-वैसे प्रदेश में सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड का अहसास बढ़ना शुरू हो जाएगा.
पटना का हाल और पिछला तापमान
- राजधानी पटना में आज आसमान साफ रहेगा. दिनभर धूप खिलने से गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है. पटना में भी 6 अक्टूबर के आसपास आंशिक रूप से बादल बन सकते हैं.
- यदि बीते दिन यानी रविवार के तापमान पर नजर डालें तो पूर्णिया राज्य में सबसे गर्म रहा. यहां अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा पटना में 34 डिग्री, दरभंगा में 32 डिग्री, भागलपुर में 31.4 डिग्री, गया में 29.6 डिग्री और बेगूसराय में 22.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.
6 जिलों में बाढ़ का तांडव जारी
- एक तरफ जहां बारिश थम गई है, वहीं दूसरी तरफ नदियां अभी भी तबाही मचा रही हैं. बिहार के 6 जिलों के करीब 466 गांव बाढ़ की भीषण चपेट में हैं. इस बाढ़ से लगभग 8 लाख की आबादी प्रभावित हुई है. प्रशासन ने अब तक 92,730 पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है. राज्य में बाढ़ से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है. सारण जिला इससे सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां 3.55 लाख लोग संकट झेल रहे हैं.