‘बाढ़ में मदद की जगह पिस्टल तान रही पुलिस’, तेजस्वी ने सरकार पर बोला हमला; SIR पर क्या कहा?

‘बाढ़ में मदद की जगह पिस्टल तान रही पुलिस’, तेजस्वी ने सरकार पर बोला हमला; SIR पर क्या कहा?


पटना. बिहार में SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है. सोमवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आवास पर INDIA गठबंधन के दलों की बैठक हुई. बैठक के बाद तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अब बीजेपी के लिए काम कर रहा है. तेजस्वी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में वीआईपी पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी भी मौजूद रहे.

तेजस्वी यादव ने कहा कि जिन बातों को विपक्ष पहले से कहता आ रहा था, अब वे सामने आने लगी हैं. उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का नाम लेते हुए कहा, “ज्ञानेश कुमार जैसे कई नमूने भारत सरकार के पास हैं.” तेजस्वी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के खिलाफ कार्रवाई की स्थिति ऐसी है कि न तो मुकदमा हो सकता है और न ही कोई प्रभावी कार्रवाई.

‘वोट के रिकॉर्ड का समय 1 साल से घटाकर 45 दिन किया’

तेजस्वी यादव ने चुनावी रिकॉर्ड को लेकर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि पहले वोट के रिकॉर्ड को एक साल तक सुरक्षित रखने की व्यवस्था थी, लेकिन अब इसे बदलकर 45 दिन कर दिया गया है. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसा क्यों किया गया. उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त की नियुक्ति की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए. तेजस्वी ने कहा कि पहले CJI मुख्य निर्वाचन आयुक्त के चयन की प्रक्रिया में शामिल होते थे, लेकिन अब उन्हें हटा दिया गया है. उनके मुताबिक, अब केंद्र सरकार जिसे चाहेगी, वही मुख्य निर्वाचन आयुक्त बन सकता है.

‘केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं ज्ञानेश कुमार’

तेजस्वी यादव ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह अपनी मर्जी से काम नहीं कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार मोदी-शाह के निशाने पर काम करते रहे हैं. तेजस्वी ने कहा कि जिन राज्यों में चुनाव हुए हैं, वहां चुनाव की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने चुनाव आयोग पर हमला बोलते हुए कहा कि आज इलेक्शन कमीशन बीजेपी का काम कर रहा है. तेजस्वी ने बिहार को लोकतंत्र की जननी बताते हुए कहा कि SIR की शुरुआत बिहार से ही की गई.

INDIA गठबंधन करेगा मार्च और देशभर में रैलियां

तेजस्वी यादव के आवास पर हुई INDIA गठबंधन की बैठक में चुनाव आयोग के खिलाफ आंदोलन का फैसला लिया गया है. गठबंधन के सभी दल एकजुट होकर बिहार में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ मार्च करेंगे. इसके साथ ही गठबंधन देशभर में कई रैलियां करने की तैयारी कर रहा है. तेजस्वी यादव ने पटना में भी INDIA गठबंधन की एक बड़ी रैली आयोजित करने का प्रस्ताव दिया है. उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी दल मिलकर इस मुद्दे को देश के सामने उठाएंगे. बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस में वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी की मौजूदगी भी विपक्षी एकजुटता का संकेत मानी जा रही है.

SIR पर बिहार में बढ़ेगा सियासी टकराव

बिहार में SIR को लेकर विपक्ष लगातार चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर हमलावर है. अब INDIA गठबंधन के सामूहिक मार्च और देशभर में रैलियों के ऐलान के बाद इस मुद्दे पर सियासी टकराव और तेज होने के आसार हैं. विपक्ष जहां SIR को लेकर चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची की पारदर्शिता पर सवाल उठा रहा है, वहीं चुनाव आयोग की प्रक्रिया को लेकर आगे की राजनीतिक लड़ाई सड़क से लेकर देशव्यापी मंच तक पहुंच सकती है.



Source link