पीछे नहीं हटेंगे… टी20 सीरीज से पहले अकील हुसैन ने भारत को ललकारा
Last Updated:
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के शुरू होने से पहले अकील हुसैन ने कहा कि मेजबान टीम खतरनाक है, लेकिन वेस्टइंडीज पीछे नहीं हटेगी. अकील हुसैन सीरीज में भारतीय टीम को मुश्किल में डालने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे. हाल ही में दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली गई थी, जिसमें भारत ने 2-1 से जीत हासिल की थी.
वेस्टइंडीज के लिए विकेट लेने के बाद अकील हुसैन
नई दिल्ली: भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में 2-1 से मिली हार के बाद वेस्टइंडीज अब टी20 चुनौती के लिए तैयार है. वेस्टइंडीज ने भारत को आखिरी वनडे में हराया था. ऐसे में मेहमान टीम का आत्मविश्वास आसमान पर है. सीरीज के शुरू होने से पहले वेस्टइंडीज के स्पिनर अकील हुसैन ने कहा कि भारतीय टीम बहुत खतरनाक है लेकिन उनकी टीम पीछे नहीं हटने वाली और वह इस चुनौती का इंतजार कर रही है.
हुसैन ने मैच की पूर्व संध्या पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘वे (भारत) जानते हैं कि हम किस तरह का क्रिकेट खेलते हैं. हम जानते हैं कि वे एक खतरनाक टीम हैं लेकिन हम भी पीछे नहीं हटने वाले हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘दोनों टीमें इस चुनौती का इंतजार कर रही हैं. यह सिर्फ इस बात पर निर्भर करता है कि कौन सबसे अच्छी योजना बनाता है और कौन उसे सबसे अच्छी तरह लागू करता है. हम उन चीजों पर ध्यान केंद्रित करेंगे जिन्हें हम नियंत्रित कर सकते हैं. ’’
भारत के खिलाफ गेंदबाजी करना आसान काम नहीं- अकील
हुसैन ने कहा कि बाएं हाथ के स्पिनर होने के नाते मजबूत खिलाड़ियों से भरे भारतीय बल्लेबाजी लाइन-अप के खिलाफ गेंदबाजी करना आसान नहीं है. उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मतलब है कि आप गेंदबाजी करने से डरते नहीं हैं, बल्कि आप उस चुनौती का आनंद लेते हैं. हम जानते हैं कि भारत के टी20 के शीर्ष खिलाड़ी टॉप तीन में शामिल हैं.’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि सामान्य तौर पर पावरप्ले में गेंदबाजी करना काफी डरावना होता है, खासकर जब आप स्पिनर हों. पिच पर आपके पास काम करने के लिए कम जगह होती है और फिर आपके दो खिलाड़ी बाहर होते हैं. जब आपके पास अच्छी बल्लेबाजी वाली पिचें हों और ये खिलाड़ी ऊंचे स्ट्राइक रेट से रन बनाते हों तो यह और भी मुश्किल हो जाता है.’’
100वें टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेंगे अकील हुसैन
वेस्टइंडीज के स्पिनर ने कहा, ‘‘लेकिन इसके साथ ही बहुत सारा डेटा उपलब्ध है, भले ही मैंने इन खिलाड़ियों के खिलाफ बहुत ज्यादा नहीं खेला हो, बहुत सारा डेटा उपलब्ध है इसलिए आप अपनी योजना बना सकते हैं, आपके पास कुछ विकल्प हो सकते हैं जिन्हें आप लेकर आना चाहते हैं.’’ हुसैन मंगलवार को अपना 100वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेंगे. उन्होंने कहा कि परिस्थितियों के अनुसार ढलना और योजनाओं को लागू करना किसी भी गेंदबाज के लिए महत्वपूर्ण है.