पवन सिंह की मां सती कुंवारी मंदिर में है गहरी आस्था, यहां जरूर करते हैं पूजा
Last Updated:
Bhojpur Maa Sati Kunwari Mandir: भोजपुर के मौजमपुर गांव में मां सती कुंवारी मंदिर स्थानीय आस्था का केंद्र बन गया है. मंदिर में पॉवर स्टार पवन सिंह ने यहां पूजा-अर्चना की, जो उनके पैतृक गांव जोकहरी से जुड़ा हुआ है. इसके अलावा छठ और काराकाट चुनाव से पहले भी वे यहां दर्शन-पूजन कर चुके हैं. आइये जानते हैं इस मंदिर के बारे में.
भोजपुर: बिहार में भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड स्थित मौजमपुर गांव में मां सती कुंवारी का दरबार है. यह मंदिर स्थानीय लोगों के लिए आस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है. यह गंगा किनारे मौजमपुर-महुली क्षेत्र में स्थित है और भोजपुरी संस्कृति व धार्मिक परंपरा से जुड़ा हुआ है. इसकी प्रसिद्धि अब स्थानीय क्षेत्र से बढ़कर भोजपुरी गीत-संगीत और सिनेमा तक फैल चुकी है, जहां भक्ति गीत और वीडियो बनाए जाते हैं. ऐसे में बीते दिनों इस मंदिर में पावरस्टार पवन सिंह पूजा पाठ करने पहुंचे थे.
पवन सिंह को मंदिर से है गहरी आस्था
भोजपुरी कलाकार पवन सिंह को मां कुंवारी देवी के इस मंदिर के दरबार में गहरी आस्था है. उनका पैतृक गांव जोकहरी इसी मौजमपुर-महुली क्षेत्र में है, जिससे यह स्थान उनके बचपन और गांव की यादों से जुड़ा हुआ है. पवन सिंह के इस मंदिर में पूजा-अर्चना करने के कई सार्वजनिक प्रमाण सामने आए हैं. बताया जाता है कि इस मंदिर में पवन सिंह आने पर जरुर पूजा-पाठ करते हैं.
पूजा-अर्चना के अवसर
वर्ष 2025 में छठ के अवसर पर पवन सिंह अपने पैतृक गांव जोकहरी पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने मौजमपुर-महुली गंगा घाट पर पूजा करने के बाद श्री श्री 1008 श्री सदगुरु श्री माता मनोरथ दासी और सती कुंवारी मंदिर में विधि-विधान से पूजा की थी. इससे पहले भी उनके सती कुंवारी माता के दरबार में पहुंचने और पूजा करने के वीडियो भी सार्वजनिक हुए हैं.
राजनीतिक सफर से पहले किया था दर्शन-पूजन
वर्ष 2024 में काराकाट लोकसभा चुनाव लड़ने से पहले भी पवन सिंह के यहां दर्शन करने का एक वीडियो सामने आया था. उनके समर्थक मौजमपुर की सती कुंवारी माता के प्रति उनकी श्रद्धा को उनके गांव और मिट्टी से जुड़े रिश्ते के रूप में देखते हैं. पवन सिंह ने अपने शुरुआती दौर से ही धार्मिक आस्था को अपने जीवन का हिस्सा बताया है.