Last Updated:
Gopalganj Liquor Smuggling: गोपालगंज में एक ऐसा शातिर तस्कर पकड़ा गया है, जिसने शराब छिपाने के लिए ऐसा तरीका निकाला कि उत्पाद टीम भी देखकर हैरान रह गई. घरेलू गैस सिलेंडर, गुप्त लॉकर, बाइक में गुप्त तहखाना और उसी में फ्रूटी पैकेट…पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.
शराब तस्करी के लिए गैस सिलेंडर और बाइक में बना रखा था तहखाना
गोपालगंज में शराब तस्करी का एक ऐसा तरीका सामने आया है, जिसे देखकर उत्पाद विभाग की टीम भी हैरान रह गई. तस्कर ने घरेलू गैस सिलेंडर को कटवाकर उसके अंदर गुप्त तहखाना बना रखा था. इतना ही नहीं, बाइक की सीट के नीचे भी शराब छिपाने के लिए अलग जगह तैयार की गई थी. इसी जुगाड़ के सहारे यूपी से बिहार में शराब पहुंचाई जा रही थी. लेकिन कुचायकोट में वाहन जांच के दौरान तस्कर का पूरा खेल खुल गया.
थाने से नहीं, सिलेंडर से निकली शराब
ये पूरा मामला कुचायकोट थाना क्षेत्र के कुर्म टोला के पास का है. उत्पाद विभाग की टीम वाहन जांच कर रही थी और इसी क्रम में एक बाइक सवार को रोका गया. शक होने पर जब उसकी बाइक की सीट का कवर उठाया गया तो अंदर फ्रूटी पैकेट में भरी देसी शराब खचाखच भरी मिली. तलाशी और आगे बढ़ी तो बाइक पर टंगा घरेलू गैस सिलेंडर भी गड़बड़ लगा. उत्पाद टीम ने देखा तो सिलेंडर को बीच से काटकर उसमें तहखाना बनाया गया था, जिसमें फ्रूटी वाली शराब छिपाकर ऊपर से लॉक किया गया था.
गैस सिलेंडर को ही बना दिया शराब का तहखाना
तस्करी के इस तरीके का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा घरेलू गैस सिलेंडर था. आरोपी ने गैस सिलेंडर को कटवाकर उसके अंदर गुप्त तहखाना बनवा रखा था. इसी हिस्से में देसी शराब की फ्रूटी पैकेट छिपाकर लॉक कर दी जाती थी. यानी बाहर से देखने पर सिलेंडर सामान्य नजर आता था, लेकिन उसके अंदर शराब छिपाने की पूरी व्यवस्था थी. बाइक की सीट के नीचे भी इसी तरह शराब रखने की जगह बनाई गई थी. उत्पाद टीम ने जब इन जगहों की जांच की तो बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई.
उत्पाद टीम ने शातिर शराब तस्कर राजेश पाठक को पकड़ा, 30 से 40 हजार रुपये की शराब जब्त.
कौन है जुगाड़ू तस्कर, कितनी शराब मिली?
गिरफ्तार तस्कर का नाम राजेश पाठक बताया गया है जो कुचायकोट थाने के जलालपुर गांव का रहने वाला है. उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार के मुताबिक उसके पास से कुल 25 लीटर 400 ग्राम शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत 30 से 40 हजार रुपये के बीच है. पूछताछ में पता चला कि शराबबंदी लागू होने के बाद से तस्कर यूपी के रास्ते बिहार में शराब लाने के लिए ऐसे नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं. उत्पाद विभाग का कहना है कि इस तरह के जुगाड़ू तस्करों पर नजर रखी जा रही है और आगे भी ऐसी चेकिंग जारी रहेगी.
यूपी से बिहार तक तस्करी का नया जुगाड़
उत्पाद अधीक्षक के मुताबिक यूपी की सीमा से सटे इलाकों में ऐसे कई मामले सामने आते रहे हैं, जहां वाहन के सामान्य हिस्सों को ही शराब छिपाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. वहीं, गोपालगंज की इस कार्रवाई में भी तस्कर ने पुलिस और उत्पाद विभाग की नजर से बचने के लिए बाइक और घरेलू गैस सिलेंडर को ही शराब छिपाने का ठिकाना बना दिया था. हालांकि वाहन जांच के दौरान सीट के नीचे छिपी शराब ने उसके पूरे जुगाड़ का भंडाफोड़ कर दिया.