क्या बाढ़ से धुल जाएगा IND vs WI के बीच पहला मैच? इकाना के पास पहुंचा पानी
Last Updated:
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. हालांकि, उससे पहले फैंस के लिए एक बुरी खबर आई है. दरअसल, इन दिनों लखनऊ में गोमती नदी का पानी उफान पर है. जलस्तर बढ़ने के कारण शहर के कई हिस्सों में पानी घुस गया है. इसके चलते इकाना स्टेडियम की तरफ जाने वाले अंडरपास को बंद कर दिया गया है.
इकाना क्रिकेट स्टेडियम
हालांकि, अच्छी बात यह है कि इकाना स्टेडियम प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि इस जलभराव के कारण मैच में कोई रुकावट नहीं आएगी और पहला टी20 मैच अपने तय समय पर ही शुरू होगा. लेकिन चिंता इस बात की है कि पानी स्टेडियम के बिल्कुल करीब पहुंच चुका है. स्टेडियम के आस-पास का इलाका पूरी तरह से जलमग्न है. प्रशासन भी पूरी कोशिश में लगी है जल्द से पानी की निकासी हो.
प्रशासन की लापरवाही से हुआ जलभराव?
बता दें कि इकाना क्रिकेट स्टेडियम गोमती नदी से सिर्फ 500 मीटर की दूरी पर स्थित है. स्टेडियम के पास ही एक बड़ा नाला भी है, जिसका पानी ओवरफ्लो होकर नदी में मिलने के बाद बाढ़ का रूप ले चुका है. नाले के पानी के प्रबंधन में प्रशासन की लापरवाही की बात सामने आ रही है, जिसके चलते लखनऊ के कई शहरी इलाकों के लोगों को भारी जलजमाव की समस्या से जूझना पड़ रहा है.
जीत से अभियान शुरू करना चाहेगी टीम इंडिया?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज से पहले दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली गई थी. इस सीरीज में भारतीय टीम ने 2-1 से जीत हासिल की थी. ऐसे में अब टी20 सीरीज में भी भारतीय टीम चाहेगी कि वह जीत से अपने अभियान की शुरुआत करें. इसके अलावा इस मुकाबले के लिए भारी संख्या में फैंस के आने की उम्मीद है, क्योंकि मुकाबले में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी समेत कई बड़े भारतीय स्टार क्रिकेटर एक्शन में दिखेंगे.